AIIMS: त्योहारों को लेकर डॉक्टर की बड़ी चेतावनी, अगले एक-दो साल तक.....
नई दिल्ली, 19 जुलाई: एक बड़े हेल्थ एक्सपर्ट ने कोरोना वायरस को लेकर देश के लोगों को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि लोगों को अगले एक-दो साल तक सावधान रहना होगा, ताकि कोविड-19 को फिर से विस्फोट का मौका ना मिले। भारत में त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है, उससे पहले एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर नीरज निश्चिल ने आम लोगों को यह सलाह दी है। एम्स के बड़े डॉक्टर की यह सलाह स्वास्थ्य विशेषज्ञों के उस चेतावनी के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कोविड इंफेक्शन को सीमित रखने के लिए लोगों से कोविड अनुकूल व्यवहार के पालन की चेतावनी दी थी और कहा था कि अगला 125 दिन बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।

'त्योहारों का मतलब खुशियां बांटना है, कोविड नहीं'
एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर नीरज निश्चिल ने आज कहा है, 'दूसरी लहर की तरंगें अभी भी देखी जा सकती हैं। त्योहारों का मतलब खुशियां बांटना है, कोविड नहीं। अगले एक-दो साल तक, जबतक कि महामारी कंट्रोल में नहीं आती, हमें इस महामारी के फिर से विस्फोट होने की वजह का हिस्सा नहीं बनना चाहिए।' गौरतलब है कि कई भीड़भाड़ वाली जगहों और धार्मिक जमावड़ों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, क्योंकि एक्सपर्ट का कहना है कि अगर इन्हें रोका नहीं गया तो यह कोविड के केंद्र के रूप में उभर सकते हैं।

बढ़ती भीड़ कोविड को लेकर डराने लगी हैं
बता दें कि इससे पहले नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वीके पॉल कह चुके हैं कि देश ने अभी हर्ड इम्यूनिटी के स्टेज को प्राप्त नहीं किया है और ना ही यह इंफेक्शन के जरिए इसे प्राप्त करना चाहता है। गौरतलब है कि बाजारों और टूरिस्ट स्थानों पर लोगों की उमड़ रही भीड़ को लेकर तरह-तरह की चिंताएं जाहिर की जा चुकी हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोगों से बार-बार कोरोना के बचाव के नियमों के पालन की अपील कर चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद यूपी में कांवड़ यात्रा रोक दी गई है। उत्तराखंड ने पहले ही इसका ऐलान कर दिया है। लेकिन, केरल सरकार ने बकरीद के लिए रियायत देकर विवाद पैदा किया है और यह मामला भी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications