Ujjain Express: यात्रा से पहले पटरी से उतरी उज्जैनी एक्सप्रेस, एक डिब्बा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कैसे हुआ हादसा?
Uttarakhand Train Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश में योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। योग नगरी स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित खांड गांव के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिनमें से एक डिब्बा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन पूरी तरह खाली थी और केवल शंटिंग का काम चल रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद से रेलवे प्रशासन और अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जीआरपी (GRP) की पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे योग नगरी ऋषिकेश स्टेशन से चलने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14317 ) को मंगलवार की यात्रा के लिए तैयार किया जा रहा था। जब लोको पायलट ट्रेन को शंटिंग कर पटरी बदल रहा था, तभी अचानक जोरदार झटके के साथ ट्रेन के तीन डिब्बे ट्रैक से नीचे उतर गए। इस दुर्घटना में एक बोगी को भारी नुकसान पहुंचा है।
रेल सेवाएं नहीं हुई बाधित
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह हादसा मुख्य ट्रैक से हटकर खांड गांव के समीप शंटिंग एरिया में हुआ है, इसलिए मुख्य रेल मार्ग पर यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है। सभी रेल सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
रेलवे के इंजीनियरों और तकनीकी टीम ने रात में ही मोर्चा संभाल लिया था और क्षतिग्रस्त बोगियों को अलग कर पटरी से उतरे डिब्बों को वापस ट्रैक पर लाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया।
लोको पायलट की लापरवाही की आशंका
हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक इस दुर्घटना के सटीक कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती कयासों के मुताबिक यह हादसा लोको पायलट की किसी लापरवाही की वजह से हो सकता है। फिलहाल रेलवे के उच्च अधिकारी और इंजीनियरों की टीम मौके पर मौजूद है और घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
देर रात ट्रेन के पटरी से उतरने की खबर फैलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गईं। हादसे की आवाज सुनकर खांड गांव और आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर जुटी भीड़ को ट्रैक से दूर हटाया ताकि राहत और मरम्मत का काम बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।













Click it and Unblock the Notifications