'हमसे 1 करोड़ ले लीजिए पर...', अग्निवीर अजय सिंह के परिवार ने अब क्यों कहा ऐसा, मोदी सरकार से ये है मांग
Agniveer Ajay Kumar Singh: अग्निवीर अजय कुमार सिंह पर इन दिनों पूरे देश में चर्चा हो रही है। इस साल की शुरुआत में शहीद हुए अग्निवीर अजय कुमार सिंह के पिता ने कहा है कि सेना ने उन्हें मुआवजे के तौर पर लगभग एक करोड़ यानी 98 लाख रुपये दे दिए हैं। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में और एक पोस्ट में दावा किया था कि अग्निवीर अजय सिंह के परिवार को मुआवजे का पैसा नहीं मिला है।
राहुल गांधी के इस बयान पर पहले भारतीय सेना ने खंडन करते हुए कहा कि हमनें अब तक अग्निवीर अजय के परिवार को 98.39 लाख रुपये का भुगतान कर चुके हैं। वहीं अजय सिंह के पिता चरणजीत सिंह ने भी टीवी इंटरव्यू में कहा है कि उन्हें लगभग एक करोड़ रुपये मिल गए हैं। अब अजय सिंह का परिवार मुआवजे के अलावा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से किसी और चीज की भी डिमांड कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- 'लगभग 1 करोड़ आ गया', अग्निवीर अजय सिंह के पिता का TV पर बड़ा खुलासा, राहुल गांधी के वीडियो का भी सच आया सामने
अजय सिंह के पिता बोले- 'या तो हमारा बच्चा वापस दे दो, वरना उसको शहीद का दर्जा दो'
अग्निवीर अजय कुमार सिंह की जनवरी 2024 में जम्मू कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में बारूदी सुरंग विस्फोट में मौत हो गई थी। अग्निवीर अजय सिंह के पिता चरणजीत सिंह ने कहा है कि, "सबसे पहले हमें बीमा से 50 लाख रुपये मिले हैं और बाद में सेना से 48 लाख रुपये मिले हैं। अब तक हमें 98 लाख रुपये मिल गए हैं और में पूरा भरोसा है कि सेना की ओर से लंबित 67 लाख रुपये भी जल्द दे दिए जाएंगे।''
हालांकि, चरणजीत सिंह ने दावा किया कि मुआवजा कभी कोई मुद्दा नहीं था। चरणजीत सिंह ने कहा, "यह पैसे की बात नहीं है। हम अपने बेटे के लिए शहीद का दर्जा चाहते हैं। उसने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी और अब तक न तो उसे शहीद का दर्जा दिया गया है और न ही शहीद के परिवार को मिलने वाली कोई सुविधा। हमें पेंशन या कोई चिकित्सा लाभ नहीं मिल रहा है, जो एक सेना अधिकारी के परिवार को मिलता है। या तो सरकार हमारा बच्चा वापस दे, या उसे शहीद का दर्जा दे दे।''
ये भी पढ़ें कौन थे 23 वर्षीय अग्निवीर अजय सिंह, कहां और कैसे हुई थी मौत, क्यों इनकी शहादत पर देशभर में मचा बवाल?
चरणजीत सिंह बोले- हमसे 1 करोड़ ले लीजिए लेकिन हमारा बेटा लौटा दो
भावुक पिता चरणजीत सिंह ने कहा, "हमसे एक करोड़ ले लीजिए लेकिन हमारा बेटा लौटा दो। हम कोई पैसा नहीं मांगेंगे। अगर सरकार हमारे बेटे को लौटा सकती है तो हमें किसी पैसे की जरूरत नहीं है।"
अजय कुमार की छह बहनों में सबसे बड़ी बक्शो देवी ने कहा, "1 करोड़ रुपये से हमारा भाई वापस नहीं आ सकता। उसके बड़े सपने थे और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। आप हमसे 1 करोड़ रुपये ले सकते हैं और हमारे भाई को वापस दे सकते हैं। एक बात समझनी चाहिए यह पैसे की बात नहीं है।"
अग्निपथ योजना के खत्म करने की चरणजीत सिंह ने की मांग
चरणजीत सिंह संसद में राहुल गांधी द्वारा उनके मुद्दे को उठाने का समर्थन किया और कहा कि वह अग्निपथ योजना को खत्म करने के बारे में वह कांग्रेस नेता से सहमत हैं। उन्होंने पीएम मोदी से इस पर विचार करने और सेना में नियमित भर्ती सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।
अजय कुमार की बहन बक्शो देवी ने अग्निपथ योजना पर भी सवाल उठाया, "चार साल की नौकरी का क्या मतलब है? क्या वे लोगों को लंबे समय तक भर्ती नहीं कर सकते?"
इस बीच, परिवार से मिलने आए स्थानीय कांग्रेस नेता स्मित सिंह ने कहा, "हमें सेना पर कोई संदेह नहीं है। वे पैसे देंगे, लेकिन परिवार अग्निवीर अजय कुमार के लिए शहीद का दर्जा और अन्य सभी सुविधाओं की मांग कर रहा है। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications