'लगभग 1 करोड़ आ गया', अग्निवीर अजय सिंह के पिता का TV पर बड़ा खुलासा, राहुल गांधी के वीडियो का भी सच आया सामने
Agniveer Ajay Singh Father compensation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी ने संसद के भीतर और अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया था कि शहीद अग्निवीर के परिवारों को मुआवजा नहीं दिया जाता है। खासकर अग्निवीर अजय सिंह के परिवार का जिक्र कर राहुल गांधी ने दावा किया था कि इनके परिवार को अब तक 1 करोड़ रुपये नहीं मिले हैं।
राहुल गांधी ने अग्निवीर अजय सिंह के पिता चरणजीत सिंह का एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वो कहते दिख रहे हैं कि, उन्हें अब तक मुआवजा का पैसा नहीं मिला है। राहुल गांधी के इस आरोप पर भारतीय सेना ने भी जवाब दिया है। अब खुद अग्निवीर अजय सिंह के पिता चरणजीत सिंह ने इंटरव्यू में बताया है कि आखिर उन्हें पैसे मिले या नहीं?

ये भी पढ़ें- अग्निपथ पर राहुल गांधी ने फिर खड़े किए सवाल, मिले शहीद अग्निवीर के परिवार से, कहा- सदन में बोला जा रहा झूठ
अग्निवीर अजय सिंह के पिता बोले- लगभग एक करोड़ रुपये मिल गए
क्या सहायता राशि सरकार की ओर से मिली? इस सवाल के जवाब में अजय सिंह के पिता चरणजीत सिंह ने कहा, ''अब तक लगभग 1 करोड़ रुपये आ चुके हैं। ये पैसे तीन किस्तों में आया है। ये पैसे अजय सिंह के मां के अकाउंट में आए हैं। पहले स्टेट बैंक में 50 लाख रुपये आए थे। 10 जून को ICICI बैंक में 48 लाख रुपये आए हैं।''
सेना के सोशल मीडिया पोस्ट पर क्या अजय सिंह के पिता ने कहा, ''हमारा पुलिस वेरिफिकेशन भी हो गया है। सेना के अधिकारियों ने भी बात की है और पैसे मिलने की बात कही गई है।''
राहुल गांधी के वीडियो में जो चरणजीत सिंह ने कहा था कि, उन्हें मुआवजा का पैसा नहीं मिला है, इसपर अब उन्होंने टीवी पर कहा, ''नहीं, नहीं ऐसा नहीं है। मैंने तो वो बाद में देखा कि राहुल गांधी ने क्या कहा। मेरा वो बयान बहुत पहले का दिया हुआ है। वो मैंने बहुत पहले कहा था।
चरणजीत सिंह ने यह भी कहा कि, ''जब बेटा चला जाता है तो पूरा परिवार खोखला हो जाता है। अब घर-परिवार की सारी चिंता हमारे ऊपर ही है। हमें बेटे की याद आती है।''
भारतीय सेना ने क्या दिया है जवाब?
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर कहा, ''अग्निवीर अजय कुमार को मिलने वाले मुआवजे पर स्पष्टीकरण। सोशल मीडिया पर कुछ पोस्टों से पता चला है कि कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवाने वाले अग्निवीर अजय कुमार के परिजनों को मुआवजा नहीं दिया गया है। इस बात पर जोर दिया जाता है कि भारतीय सेना अग्निवीर अजय कुमार द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान को सलाम करती है। अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। देय कुल राशि में से, अग्निवीर अजय के परिवार को पहले ही 98.39 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।''
सेना ने आगे कहा, ''अग्निवीर योजना के प्रावधानों के अनुसार लागू लगभग 67 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और अन्य लाभ, पुलिस सत्यापन के तुरंत बाद अंतिम खाता निपटान पर भुगतान किए जाएंगे। कुल राशि लगभग 1.65 करोड़ रुपये होगी।''
सेना ने यह भी कहा कि, ''शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को देय भत्ते का भुगतान शीघ्रता से किया जाता है, जिसमें अग्निवीर भी शामिल हैं।''
राहुल गांधी ने अग्निवीर को लेकर क्या कहा है?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया था कि संसद के भीतर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा झूठ बोला गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को संसद, देश और सेना से माफी मांगनी चाहिए। राहुल के मुताबिक, शहीद के परिवार को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है।
राहुल गांधी ने वीडियो शेयर कर लिखा, ''सत्य की रक्षा हर धर्म का आधार है! लेकिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद अग्निवीर के परिवार को सहायता मिलने के बारे में संसद में झूठ बोला। उनके झूठ पर शहीद अग्निवीर अजय सिंह के पिता जी ने खुद सच्चाई बताई है। रक्षा मंत्री को संसद, देश, सेना और शहीद अग्निवीर अजय सिंह जी के परिवार से माफी मांगनी चाहिए।''
राहुल गांधी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में चरणजीत सिंह के पिता कहते नजर आ रहे हैं कि, 'सेंट्रल गवर्नमेंट ने अभी तक कुछ नहीं दिया है।' हालांकि अब उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ बातचीत का वीडियो पुराना है।












Click it and Unblock the Notifications