ज्वाला गुट्टा और एक्टर विष्णु विशाल ने किया शादी की तारीख का ऐलान, शेयर किया कार्ड
चेन्नई, 13 अप्रैल: स्टार स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा और एक्टर विष्णु विशाल इस महीने की 22 तारीख को शादी करने जा रहे हैं। मंगलवार को विष्णु और गुट्टा ने सोशल मीडिया पर शादी का कार्ड शेयर करते हुए बताया है कि दोनों ने शादी करने का फैसला लिया है। ज्वाला गुट्टा और विष्णु विशाल बीते काफी समय से एक दूसरे के साथ रिलेशन में हैं। पिछले साल दोनों ने सगाई की थी।
Recommended Video
ट्विटर पर शेयर किया कार्ड
ज्वाला गुट्टा और विष्णु विशाल दोनों ने आज ट्विटर पर शादी का एक कार्ड शेयर किया है। शादी 22 अप्रैल को एक प्राइवेट सेरेमनी में होगी जिसमे कुछ करीबी लोग शामिल होंगे। कार्ड में शादी की तारीख बताते हुए दोनों ने ही प्यार के लिए अपने फैंस का शुक्रिया भी अदा किया है।
दोनों की दूसरी शादी
ज्वाला और विष्णु काफी समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि दोनों ही इस पर बहुत कुछ नहीं बोले थे। बीते साल अपने 37वें बर्थडे के मौके पर ज्वाला ने विशाल से सगाई की थी। इन दोनों सितारों की दूसरी शादी है। विष्णु विशाल की इससे पहले रजनी से शादी हुई थी, दोनों ने साल 2018 में तलाक ले लिया था। ज्वाला की शादी चेतन आनंद से हुई थी। 2011 में उनका भी तलाक हो गया था।
दोनों ही अपने क्षेत्र के मशहूर चेहरे
बता दें कि ज्वाला गुट्टा देश की सबसे सफल और मशहूर बैडमिंटन खिलाडियों में शुमार हैं। वहीं विष्णु विशाल तमिल फिल्मों के एक्टर और प्रोड्यूसर हैं। एक्टर के अलावा विष्णु की पहचान क्रिकेटर के तौर पर भी रही है। विष्णु विशाल तमिलनाडु की तरफ से खेले हैं। वो घरेलू क्रिकेट में आर अश्विन के साथ खेल चुके हैं। चोट के चलते उन्होंने क्रिकेट छोड़ एक्टिंग में आने का फैसला लिया था।