जाने माने अभिनेता आशीष विद्यार्थी का कोरोना वायरस टेस्ट आया पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती
कई बॉलीवुड और क्षेत्रीय फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके जाने माने अभिनेता आशीष विद्यार्थी का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजीटिव आया है।
नई दिल्ली। कई बॉलीवुड और क्षेत्रीय फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके जाने माने अभिनेता आशीष विद्यार्थी का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजीटिव आया है। आशीष ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर इस बात की पुष्टि की है।
Recommended Video

उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अपना कोरोना टेस्ट कराया, जिसमें उनके रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्होंने कहा कि उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव भले ही आई है लेकिन उनमें कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार को वह कुछ अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे जिसके बाद उन्होंने अपना टेस्ट करवाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग उनके संपर्क में आए हों वह अपना टेस्ट जरूर करवा लें।
उन्होंने अपने चाहने वालों को भरोसा दिलाया कि उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं और वह जल्दी ठीक हो जाएंगे। आशीष ने अपने फैन्स से कहा कि, 'आप लोगों की दुआएं और प्यार अमूल्य है। आपका और जिंदगी का धन्यवाद।' वीडियो में उन्होंने कहा, 'मैं अब दिल्ली के एक अस्पताल में जा रहा हूं। मैं अच्छा हूं और सब ठीक है। वास्तविक जीवन में आपका स्वागत है! ध्यान रखें, धन्यवाद।'
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड स्टार मनोज वाजपेयी हुए कोरोना पॉजिटिव, फिल्म की शूटिंग रुकी
उनके कोरोना से पीड़ित होने की खबर फैलने के बाद इंस्ट्राग्राम पर उनके चाहने वालों उनकी अच्छी सेहत को लेकर तमाम मेसेज उन्हें भेजे। उन्हें फैंस इस बात को लेकर चिंता में दिखे। उनके एक चाहने वाले ने उन्हें संदेश भेजते हुए लिखा, 'अपना ख्याल रखें!! जल्दी ठीक हो जाओ।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा 'जल्दी ठीक हो जाओ सर।' गौरतलब है कि आशीष विद्यार्थी ने बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। कहो ना प्यार है, बिच्छू, ए लव स्टोरी जैसी फिल्में उनमें प्रमुख हैं। वह आज भी अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं।
इससे पहले शुक्रवार को अभिनेता मनोज बाजपेयी का कोरोना वायरस टेस्ट भी पॉजीटिव आया था। वह फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। उनकी टीम ने एक बयान जारी कर बताया था कि, 'एक फिल्म की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर के कोरोना पॉजीटिव होने के बाद मनोज बाजपेयी का कोरोना वायरस टेस्ट भी पॉजीटिव आया है। फिल्म की शूटिंग रोक दी गयी है और अब कुछ महीनों के बाद ही यह दोबारा शुरू होगी।' मनोज बाजपेयी फिल्म डिस्पैच की शूटिंग कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications