ABP CVoter Exit Poll: जानिए, यूपी-उत्तराखंड सहित पांचों राज्यों में किसकी बनेगी सरकार?
पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए हैं। आइए जानते हैं कि पांचों राज्यों में इस बार किस दल की बन रही है सरकार।
नई दिल्ली, 8 मार्च: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 10 मार्च को आने वाले चुनाव नतीजों पर लगी हैं। इन पांच राज्यों में से केवल पंजाब को छोड़कर बाकी चार राज्यों में इस समय भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। चुनाव नतीजों को लेकर सियासी जानकार अपने-अपने गणित लगा रहे हैं और 10 मार्च से पहले प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। ऐसे में पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए हैं। आइए जानते हैं कि पांचों राज्यों में इस बार किस दल की बन रही है सरकार।

उत्तराखंड में किसकी सरकार
एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल ने सबसे पहले उत्तराखंड चुनाव को लेकर अपने नतीजे जारी किए हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा था। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, भाजपा को उत्तराखंड में 41 फीसदी और कांग्रेस को 39 फीसदी वोट शेयर मिलता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, 9 फीसदी वोट शेयर आम आदमी पार्टी और 11 फीसदी वोट शेयर अन्य दलों के खाते में जा सकता है। हालांकि, सीटों के मामले में यहा कांग्रेस को बढ़त मिल रही है और पार्टी उत्तराखंड की 70 सीटों में से 32 से 38 सीटें जीतकर सरकार बनाती हुई नजर आ रही हैं। वहीं, भाजपा के खाते में 26 से 32 सीटें और आम आदमी पार्टी को 2 सीटों पर जीत मिल सकती है। 3 सीटों पर अन्य उम्मीदवार जीत दर्ज कर सकते हैं।

पंजाब में क्या है जनता का मूड
बात अगर पंजाब की करें तो एबीपी सी-वोटर के एग्जिट पोल में यहां आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है, जबकि कांग्रेस को यहां बड़ा झटका लगता हुआ नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, पंजाब की 117 सीटों में से 51 से 61 सीटें आम आदमी पार्टी और 22 से 28 सीटें कांग्रेस को मिल सकती हैं। वहीं 20 से 26 सीटें शिरोमणि अकाली दल, 7 से 13 सीटें भाजपा और 1 से 5 सीटें अन्य दलों के खातें में जाती हुई दिख रही हैं। वोट शेयर की अगर बात करें तो पंजाब में 39 फीसदी वोट शेयर आम आदमी पार्टी और 27 फीसदी वोट शेयर कांग्रेस को मिल सकता है। इसके अलावा 21 फीसदी वोट शेयर शिरोमणि अकाली दल, 9 फीसदी वोट शेयर भाजपा और 4 फीसदी वोट शेयर अन्य के खाते में जा सकता है।

गोवा में किसकी बन रही है सरकार?
एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के मुताबिक, गोवा में इस बार त्रिशंकु विधानसभा के आसार बन रहे हैं और किसी भी दल को पूर्ण बहुमत मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा। 40 सीटों वाले गोवा में इस बार भाजपा को 13 से 17 सीटें और कांग्रेस को 12 से 16 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं, टीएमसी के खाते में 5 से 9 सीटें और आम आदमी पार्टी के हिस्से में 1 से 5 सीटें जा सकती हैं। 2 सीटों पर अन्य उम्मीदवार जीत दर्ज कर सकते हैं। वोट शेयर की अगर बात करें तो भाजपा को 33 फीसदी और कांग्रेस को 30 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के हिस्से में 14 फीसदी और टीएमसी को 11 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है। 12 फीसदी वोट शेयर अन्य के खाते में जा सकता है।

मणिपुर में किसी दल को बहुमत नहीं
मणिपुर विधानसभा चुनाव में किसी दल को बहुमत मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा है। एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, मणिपुर की 60 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को 23 से 27 सीटें और कांग्रेस को 12 से 16 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा एनपीएफ के खाते में 3 से 7 सीटें और एनपीपी को 10 से 14 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं। वहीं 2 से 6 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं। वोट शेयर की अगर बात करें तो भाजपा को 38 फीसदी और कांग्रेस को 29 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। वहीं, एनपीपी को 11 फीसदी, एनपीएफ को 9 फीसदी और अन्य को 13 फीसदी वोट शेयर मिलता हुआ नजर आ रहा है।

यूपी में इस बार किसकी सरकार?
एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल ने उत्तर प्रदेश के नतीजे चरणवार तरीके से जारी किए हैं, जहां योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले समाजवादी पार्टी गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला था। 403 विधानसभा सीटों वाले यूपी के पहले चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश की 58 सीटों के लिए वोटिंग हुई थी और एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, इनमें से 28 से 32 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करती हुई नजर आ रही है। वहीं 23 से 27 सीटें समाजवादी पार्टी गठबंधन के खाते में जा रही हैं। 2 से 4 सीटें बहुजन समाज पार्टी और 0 से 1 सीट कांग्रेस को मिल सकती है। वोट शेयर की अगर बात करें तो पहले चरण की 58 सीटों पर 43 फीसदी वोट शेयर भाजपा, 32 फीसदी वोट शेयर समाजवादी पार्टी गठबंधन और 17 फीसदी वोट शेयर बसपा को मिलता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, 5 फीसदी वोट शेयर कांग्रेस और 3 फीसदी वोट शेयर अन्य के खाते में जा सकता है।

दूसरे चरण की 55 सीटों पर कौन मारेगा बाजी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 55 सीटों पर वोट डाले गए। एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, इन 55 सीटों में से भाजपा के खाते में 23 से 27 सीटें और समाजवादी पार्टी गठबंधन के खाते में 26 से 30 सीटें जा सकती हैं। इसके अलावा बीएसपी को 1 से 3 सीट और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलती हुई नजर आ रही है। अन्य के खाते में 1 सीट जा सकती है।

तीसरे चरण की 59 सीटों पर क्या हैं आसार
तीसरे चरण में यूपी की 59 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए और एग्जिट पोल में वोट शेयर के आंकड़ों की अगर बात करें तो भाजपा के खाते में 41 फीसदी, सपा गठबंधन के खाते में 33 फीसदी, बीएसपी के खाते में 17 फीसदी, कांग्रेस के खाते में 5 फीसदी और अन्य के खाते में 4 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। वहीं, सीटों के मामले में यहां भाजपा को बढ़त है और उसे 38 से 42 सीटों पर जीत मिलती हुई नजर आ रही है। इसके अलावा सपा गठबंधन को 16 से 20 सीटें, बीसएपी को 0 से 2 सीटें और कांग्रेस को 0 से 1 सीट पर जीत मिल सकती है। अन्य के खाते में भी 0 से 1 सीट जाती हुई दिख रही है।

चौथे चरण की 59 सीटों पर कौन भारी?
यूपी विधानसभा चुनाव में चौथे चरण के तहत 59 सीटों पर मतदान हुआ और इस चरण में भाजपा को बढ़त मिली है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, 59 सीटों में से 41 से 45 सीटें भाजपा और 12 से 16 सीटें समाजवादी पार्टी गठबंधन को मिल सकती हैं। इसके अलावा बीएसपी के खाते में 1 से 3 सीटें, कांग्रेस के हिस्से में 0 से 1 सीटे और 0 से 1 सीट अन्य को मिल सकती है। वोट शेयर के मामले में भी भाजपा को यहां बढ़त है और उसके खाते में 40 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। वहीं सपा गठबंधन को 33 फीसदी, बसपा को 18 फीसदी, कांग्रेस को 6 फीसदी और अन्य को 3 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है।

पांचवें चरण में 61 सीटों पर कौन आगे?
उत्तर प्रदेश में पांचवें चरण के तहत 61 सीटों पर वोटिंग हुई और भाजपा ने इस चरण में भी बढ़त बनाई है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, इन 61 सीटों में भाजपा को 39 से 43 सीट और सपा गठबंधन को 14 से 18 सीटें मिलती हुईं नजर आ रही हैं। वहीं, 0 से 1 सीट पर बसपा, 1 से 3 सीटों पर कांग्रेस और 1 से 3 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवार जीत सकते हैं। वहीं वोट शेयर के मामले में भी भाजपा सबसे आगे है और उसके हिस्से में 40 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। इसके अलावा 31 फीसदी वोट शेयर समाजवादी पार्टी गठबंधन के हिस्से में, 15 फीसदी वोट शेयर बीएसपी के खाते में, 8 फीसदी वोट शेयर कांग्रेस के हिस्से में और 6 फीसदी वोट शेयर अन्य दलों के हिस्से में जाता हुआ दिख रहा है।

छठे चरण की 57 सीटों का हाल क्या है
एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, छठे चरण की 57 सीटों में भाजपा को 28 से 32 सीटें और समाजवादी पार्टी गठबंधन को 18 से 22 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा बीएसपी को 3 से 5 सीटों, कांग्रेस को 2 से 4 सीटों और अन्य को 0 से 1 सीट पर जीत मिलती हुई नजर आ रही है। वोट शेयर की अगर बात करें तो भाजपा के खाते में 39 फीसदी, समाजवादी पार्टी गठबंधन 33 फीसदी, बसपा 19 फीसदी, कांग्रेस 5 फीसदी और अन्य के हिस्से में 4 फीसदी वोट शेयर जाता हुआ दिख रहा है।

सातवें चरण में किसने मारी बाजी
यूपी में सातवें और अंतिम चरण के तहत 54 सीटों पर मतदान हुआ, जिनमें से 25 से 29 सीटें भाजपा गठबंधन और 17 से 21 सीटें समाजवादी पार्टी गठबंधन को मिलती हुई नजर आ रही हैं। इसके अलावा 4 से 6 सीटें बसपा, 0 से 2 सीटें कांग्रेस और 1 से 3 सीटें अन्य दलों को मिल सकती हैं। वोट शेयर के मामले में भी यहां भाजपा आगे है और उसके खाते में 40 फीसदी वोट शेयर जाता हुआ दिख रहा है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी गठबंधन को 33 फीसदी, बसपा को 18 फीसदी और कांग्रेस को 5 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। अन्य दलों के हिस्से में 4 फीसदी वोट शेयर जाने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें- 5 राज्यों में चुनाव खत्म होते ही महंगाई का झटका, दिल्ली-NCR में बढ़े CNG का दाम











Click it and Unblock the Notifications