15 अगस्त को लाल किले पर आम लोगों को कैसे मिलेगी एंट्री ? जानें टिकट, E-Pass और बुकिंग का तरीका
Independence Day 2026: 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री के हाथों तिरंगा फहराने का ऐतिहासिक नजारा हर भारतीय के लिए खास होता है। टेलीविजन पर इस समारोह को देखकर अक्सर लगता है कि इसमें सिर्फ VIP और खास मेहमान ही शामिल होते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है।
आम नागरिक भी लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, इसके लिए सुरक्षा नियमों का पालन करना और पहले से वैध ई-पास या टिकट लेना जरूरी होता है। बिना टिकट के सीधे समारोह स्थल पर पहुंचकर एंट्री नहीं मिलती है।

आम लोग कैसे बन सकते हैं समारोह का हिस्सा?
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आम नागरिकों के शामिल होने की व्यवस्था भी होती है। इसके लिए रक्षा मंत्रालय के Aamantran Portal के जरिए ऑनलाइन टिकट या ई-पास बुक किया जा सकता है। टिकट बुक करते समय आवेदक को अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी देनी होती है। इसके अलावा वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र की जानकारी या उसकी कॉपी भी देनी पड़ सकती है। यानी VIP पास न होने का मतलब यह नहीं है कि आम लोगों के लिए समारोह के दरवाजे बंद हैं।
ये भी पढे़ं: 15 अगस्त को पहली बार लाल किले पर गूंजेगा 'वंदे मातरम', अब तक क्यों नहीं गाया जाता था, किस कानून से शुरुआत?
कहां से बुक करना होगा टिकट?
लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टिकट की बुकिंग रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक Aamantran Portal से की जाती है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरने के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी या किसी अन्य वैध सरकारी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया जा सकता है। समारोह वाले दिन एंट्री के समय वही ओरिजिनल फोटो आईडी साथ रखना जरूरी होता है, जिसका इस्तेमाल टिकट बुक करते वक्त किया गया था। सुरक्षा जांच के बाद ही निर्धारित प्रवेश द्वार से समारोह स्थल में जाने की अनुमति मिलती है।
कितने रुपये में मिलता है टिकट?
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टिकट अलग-अलग श्रेणियों में उपलब्ध होते हैं और उनकी कीमत सीट की कैटेगरी पर निर्भर करती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सामान्य टिकट की कीमत 20 रुपये, स्टैंडर्ड टिकट 100 रुपये और प्रीमियम टिकट 500 रुपये तक हो सकता है। यानी आम नागरिक भी अपनी सुविधा और उपलब्ध सीट के हिसाब से टिकट ले सकते हैं। टिकट सीमित संख्या में उपलब्ध होते हैं, इसलिए बुकिंग शुरू होने के बाद जल्द आवेदन करना फायदेमंद रहता है।
कब शुरू होती है ऑनलाइन बुकिंग?
स्वतंत्रता दिवस समारोह के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग आमतौर पर कार्यक्रम से कुछ दिन पहले शुरू की जाती है। ऐसे में 15 अगस्त के समारोह के लिए 12 या 13 अगस्त के आसपास Aamantran Portal पर टिकट उपलब्ध होने की उम्मीद रहती है। हालांकि, बुकिंग की तारीख और उपलब्धता हर साल अलग हो सकती है। इसलिए इच्छुक लोगों को रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल पर समय-समय पर जानकारी चेक करनी चाहिए और टिकट उपलब्ध होते ही बुकिंग कर लेनी चाहिए।
ये भी पढे़ं: सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए 15 अगस्त से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी CJP, अभिजीत दीपके ने बताया प्लान
बिना टिकट लाल किले पहुंच सकते हैं?
अगर आपका मकसद लाल किले के अंदर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना है, तो बिना वैध टिकट या ई-पास के सीधे प्रवेश नहीं मिलेगा। 15 अगस्त को सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहती है और आम पर्यटकों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। प्रवेश के दौरान टिकट के साथ वही मूल फोटो आईडी दिखानी होती है, जिसका इस्तेमाल बुकिंग में किया गया हो। इसलिए सिर्फ लाल किले पहुंच जाना पर्याप्त नहीं है; समारोह में जाने के लिए पहले से वैध एंट्री पास होना जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications
