सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए 15 अगस्त से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी CJP, अभिजीत दीपके ने बताया प्लान
CJP School Social Audit: गांवों में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर काकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को कहा कि 15 अगस्त से देशभर में सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत अभिभावकों से स्कूलों का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से अपने गांव के सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की अपील की जाएगी। दीपके ने कहा कि इस अभियान की शुरुआत वह अपने गांव हिंगोली, महाराष्ट्र से करेंगे। CJP ने इस पहल को 'सरपंच चैलेंज' नाम दिया है।

15 अगस्त से शुरू होगा देशव्यापी अभियान
अभिजीत दीपके ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 80 वर्षों में गांवों के सरकारी स्कूलों की सबसे ज्यादा उपेक्षा हुई है। दीपके ने सवाल उठाया कि जब देश में नया संसद भवन और नया पीएम हाउस बनाया जा सकता है, तो गांवों में नए और बेहतर स्कूल क्यों नहीं बनाए जा सकते? उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों के बच्चों को भी देश के भविष्य के तौर पर देखा जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: अभिजीत दीपके को पसंद आने लगे RSS चीफ मोहन भागवत, आखिर ऐसा क्या हुआ? जंतर-मंतर पर लगे थे 'मुर्दाबाद'के नारे
Abhijeet Dipke School Social Audit: गांवों के बच्चों को स्कूल में नहीं मिलतीं सुविधाएं
दीपके ने कहा कि आज भी कई गांवों के बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सरकारी स्कूलों में पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के मौके पर सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार की शुरुआत होनी चाहिए। दीपके ने बताया कि वह व्यक्तिगत रूप से महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में गांव जाकर सरपंच से मुलाकात करेंगे और सरकारी स्कूल को बेहतर बनाने की पहल करने का अनुरोध करेंगे।
सरपंचों के लिए CJP ने शुरू किया 'सरपंच चैलेंज'
CJP ने अपने अभियान को 'सरपंच चैलेंज' नाम दिया है। इसके तहत पार्टी देशभर के सरपंचों से अपने-अपने गांव के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की अपील करेगी। जो सरपंच स्कूलों में सुधार के लिए काम शुरू करेंगे, CJP उनके प्रयासों को अपने इंटरनेट मीडिया पेज पर तस्वीरों के साथ साझा करेगी। पार्टी का कहना है कि इससे दूसरे गांवों के सरपंचों को भी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए प्रेरणा मिलेगी और यह अभियान धीरे-धीरे देशभर में फैल सकेगा।
ये भी पढे़ं: पेपर लीक की वजह से चुनाव हार जाएगी मोदी सरकार? CVoter सर्वे ने बढ़ाई BJP की टेंशन, चौंकाने वाले आंकड़े
अभिभावक करेंगे सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट
CJP ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता से भी अभियान में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने अभिभावकों से कहा है कि वे अपने बच्चों के स्कूल जाकर वहां मौजूद बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखें। बिजली, पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जाए। अगर स्कूल में जरूरी सुविधाएं नहीं हैं तो अभिभावक उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकते हैं। इससे स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने में मदद मिलेगी।
जल्द जारी होगा प्रिंट करने योग्य ऑडिट फार्म
CJP के मुताबिक, अभियान के तहत जल्द ही एक प्रिंट करने योग्य ऑडिट फार्म भी जारी किया जाएगा। इस फार्म के जरिए अभिभावक और दूसरे नागरिक सरकारी स्कूलों में मौजूद और गायब बुनियादी सुविधाओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। पार्टी इस फार्म को अपने आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान के वीडियो लिंक के साथ साझा करेगी। CJP का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल सरकारी स्कूलों की कमियां सामने लाना नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर लोगों और सरपंचों को स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए सक्रिय करना है।


Click it and Unblock the Notifications
