बार-बार बात हो रही थी अनसुनी तो नाराज विधायक जा बैठे गंदे कीचड़ के नाले में, वीडियो वायरल
हैदराबाद, 06 जुलाई। जब स्थानीय प्रशासन आम लोगों की शिकायतों को नजरअंदाज करे तो आखिर आपके पास क्या विकल्प है। आप प्रशासन से इस बात की शिकायत करते हैं, लेकिन जब आपकी शिकायत भी अनसुनी कर दी जाए तो आपके पास समस्या का समाधान करने के लिए कोई विकल्प नहीं बचता है। जब प्रशासन ने तमाम शिकायतों को नजरअंदाज किया तो आंध्र प्रदेश के सत्ताधारी दल के विधायक कोट्टमरेड्डी श्रीधर रेड्डी सड़क पर बह रही नाली में ही खड़े हो गए। उन्हें प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध नाली में खड़े होकर दर्ज कराया। वह अपने मसर्थकों के साथ नाली के बगल में ही पैर गंदे पानी में डालकर बैठ गए।

दरअसल उमा रेड्डी गुंटा में काफी समय से नाली सड़क पर उफना रही है और इसका पानी सड़क पर बहता है, जिसकी वजह से यहां काफी बदबू आती है और लोगों को काफी असुविधा होती है। लेकिन जब इसकी शिकायत कई अधिकारियों से की गई और बावजूद इसके इसका समाधान नहीं हुआ तो विधायक खुद ही यहां प्रदर्शन करने पहुंचे और नाली के बीच में उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कोट्टमरेड्डी श्रीधर रेड्डी ने कहा कि अधिकारियों से मैंने कई बार इस नाली को साफ करने की गुजारिश की। लेकिन तमाम शिकायतों के बाद भी किसी ने इसकी सुनवाई नहीं की, लिहाजा हमारे पास इसके अलावा कोई और विकल्प नहीं है। हम प्रशासन के खिलाफ विरोध जाहिर कर सकते हैं और हमने वैसा ही किया। बता दें कि इस प्रदर्शन का वीडियो भी सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि विधायक समर्थकों के साथ नाली में खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
नेल्लोर से वाईएसआर कांग्रेस के विधायक कोट्टमरेड्डी जब उम्मरेड्डीगुंटा में मंगलवार को दौरा करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि यहां नाली सड़क पर बह रही है। यहां से आ रही बदबू के बावजूद अधिकारियों ने इसकी सफाई नहीं कराई। हालांकि रेड्डी के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने उन्हें रेलवे और निकाय के अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया है जिसके बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन वापस ले लिया। विधायक के प्रदर्शन के बाद रेलवे और निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने विधायक से इस बारे में चर्चा की कि वह 10 दिन के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह एक बार फिर से यहां प्रदर्शन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications