हैदराबाद पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 243 फर्जी सर्टिफिकेट भी बरामद
हैदराबाद पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रमाण पत्र के नाम पर किस तरह का फर्जीवाड़ा किया जाता है। इसका अंदाजा दक्षिणी राज्य तेलंगाना से आए एक मामले से लगाया जा सकता है। यहां पर पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फिंगरप्रिंट स्कैनर मशीन को सीज कर दिया है। वहीं, आरोपियों से मामले की गहराई तक जाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए हैदराबाद के डीसीपी एसजेड ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर लोगों को देते हैं। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई और 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी के मुताबिक ये आरोपी लोगों को दलाल बनाकर फर्जी सर्टिफिकेट मुहैया कराते थे। पुलिस टीम ने इनके पास से 243 फर्जी सर्टिफिकेट और फिंगरप्रिंट स्कैनर मशीन भी बरामद किया है। फिलहाल मशीन को सीज कर दिया गया है। वहीं डॉक्यूमेंट्स का गहराई से सत्यापन किया जा रहा है।
डीसीपी एसजेड ने यह भी बताया कि आरोपियों से मामले की तह तक जाने के लिए पूछताछ की जा रही है। साथ ही इनसे इसका डाटा भी मांगा जा रहा है कि अब तक ये लोग कितने लोगों को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मुहैया करा चुके हैं। वहीं, पुलिस सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कई राज्य में एक्टिव हैं, ऐसे में पूछताछ के बाद उनके खिलाफ संबंधित राज्य की पुलिस की मदद से कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब हैदराबाद पुलिस की तरफ से इस तरह की कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी इस तरह की कार्रवाई हैदराबाद पुलिस की तरफ से की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- IPL Auction 2023: सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदे 13 खिलाड़ी, यह रही सभी खिलाड़ियों की लिस्ट












Click it and Unblock the Notifications