हरियाणा: कोरोना से मरे 300 लोगों की अंत्येष्टि कराने वाले ने तोड़ा दम, 1 बेड भी नहीं दिला सकी सरकार
हिसार। खबर हरियाणा के हिसार से है। यहां 300 कोरोना शवों का अंतिम संस्कार करने वाले प्रवीण कुमार भी अपनी जान गंवा बैठे। प्रवीण को कोरोना हो गया था और उनके परिवार वाले तीन घंटे तक सरकारी अस्पताल में बेड के लिए भागते फिरे, लेकिन प्रशासन एक बेड भी नहीं दिला सका। आखिर में प्रवीण को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, 2 दिन बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

बता दिया जाए कि, प्रवीण कुमार हिसार नगर निगम की उस टीम के इंचार्ज थे, जिस पर कोविड से हुई मौतों वाले शवों का दाह संस्कार करने की जिम्मेदारी थी। कोरोना की पहली और दूसरी लहर के चलते हिसार में साढ़े सात सौ मौतें हो चुकी थीं। और उनमें से लगभग 300 लाशों का अंतिम संस्कार प्रवीण और उनकी टीम ने किया था। प्रवीण कुमार 43 साल के थे और जिम्मेदारी वहन करते हुए न जाने कब वायरस की चपेट में आ गए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के 2 दिन बाद ही उनकी जान चली गई।

प्रवीण कुमार की जान-पहचान वाले लोग उसे 'कोरोना हीरो' कहकर बुलाते थे। वह ऐसे कोरोना वॉरियर थे, जो दूसरों का दुख-दर्द तो अहसास कर रहे थे, लेकिन खुद के अंतिम क्षणों में उनकी मदद करने वाला कोई न रह गया। नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रवक्ता सुनील बेनीवाल ने बताया कि, प्रवीण को ऑक्सीजन लेवल गिर गया था, उसकी आपूर्ति समय पर होती तो जान बचाई जा सकती थी। मगर, हैरानी की बात है कि जिला प्रशासन एक बेड का भी इंतजाम नहीं कर सका।












Click it and Unblock the Notifications