हिमाचल प्रदेश में CM के चेहरे पर खींचतान जारी, अब प्रियंका गांधी लेंगी अंतिम फैसला-सूत्र
हिमाचल प्रदेश में रिजल्ट के बाद से ही मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर खींचतान जारी है। इसी बीच एक बड़ी खबर आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री के चेहरे पर अंतिम फैसला अब प्रियंका गांधी लेंगी।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कुल 40 सीटों पर जीत दर्ज की है। लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री के चेहरे का फैसला नहीं हो पाया है। हालांकि, इसी बीच एक बड़ी खबर आई है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा राज्य के मुख्यमंत्री पर अंतिम फैसला लेंगी। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत का श्रेय पार्टी नेताओं ने प्रियंका गांधी वाड्रा को दिया था।
इससे पहले राज्य के 40 कांग्रेस विधायकों ने शुक्रवार शाम को हुई बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया था। जिसमें आलाकमान को मुख्यमंत्री चुनने का अधिकार दिया गया था। बता दें कि हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए प्रियंका गांधी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कई रैलियां की थीं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर चुनाव रणनीतियां भी तैयार की थी। यही वजह है कि राज्य में भाजपा को हराने में उनके नेतृत्व का कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी तारीफ की।
प्रचार कमान संभालते हुए प्रियंका गांधी की यह पहली जीत है
प्रचार की कमान संभालते हुए प्रियंका गांधी को हिमाचल प्रदेश के चुनाव के तौर पर पहली चुनावी सफलता मिली है। सिरमौर, कांगड़ा, सोलन और ऊना में अपनी रैलियों के दौरान प्रियंका गांधी ने अग्निपथ, महंगाई, बेरोजगारी और पुरानी पेंशन योजना के मुद्दे को उठाया था। इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार किया था, लेकिन पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव हार गई थी।
शुक्रवार देर शाम को हुई थी बैठक
हिमाचल प्रदेश विधायक दल के नेता को चुनने के लिए शुक्रवार देर शाम को बैठक हुई थी। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक राजीव शुक्ला, भूपेंद्र हुड्डा और भूपेश बघेल मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने सभी विधायकों से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर बात की।
मुख्यमंत्री पद के लिए ये तीन नाम चल रहे हैं सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री का नाम सबसे आगे चल रहा है। शायद यही वजह है कि पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री के चेहरे का अंतिम फैसला लेने का अधिकार अब प्रियंका गांधी को दे दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Himachal Pradesh Elections: कुछ इस तरह से प्रियंका ने हिमाचल में बदली तस्वीर, अब है मुश्किल चुनौती












Click it and Unblock the Notifications