कौन हैं एल्विश यादव? क्या है लग्जरी गाड़ी में गमले चुराने के मामले का पूरा सच?
गुरुग्राम में गमलों की चोरी का आरोप यूट्यूबर एल्विश यादव पर लगाया जा रहा है। मामला बढ़ते देख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने खुद सामने आकर बयान दिया है, और इस तरह के आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

Gurugram News: गुरुग्राम में जी-20 सम्मेलन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेहमानों के स्वागत के लिए सुंदर फूल वाले पौधे लगाकर शहर की मुख्य सड़कों को सजा दिया गया है। इस बीच गमलों की चोरी का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, हालांकि, चोर अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर इस चोरी का आरोप यूट्यूबर एल्विश यादव (Elvish Yadav) पर लगाया जा रहा है। कई लोगों का आरोप है कि जिस गाड़ी में गमलों को रखा गया वो एल्विश की है। चोरी का संगीन आरोप लगते ही एल्विश ने भी अपना बयान जारी कर कार्रवाई करने की बात कही है।

गलत जानकारी फैलाने वालों पर केस करूंगा- एल्विश यादव
खुद को चोरी के आरोप में घिरते देख फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव ने ट्वीट कर इस आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने लिखा, 'यह मेरा वाहन नहीं है। मैं सभी से विनम्र निवेदन करता हूं कि मेरे बारे में कोई भी गलत जानकारी न फैलाएं। मैं उन लोगों पर मुकदमा कर रहा हूं जो मेरे बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं।' हालांकि, एल्विश का बयान आने के बाद कुछ लोग उनके समर्थन में आ गए तो कुछ लोगों का अभी भी आरोप है कि यह गाड़ी एल्विश की है, फिलहाल गमलों को किसने चोरी किया है, इसका खुलासा तो पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

दोनों गाड़ियों के नंबर एक जैसे होने पर एल्विश पर लगे आरोप
इस मामले में यादव का नाम आने के पीछे का कारण यह है कि पिछले साल ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को राजस्थान के तिजारा में KIA कार्निवल में एक ही पंजीकरण संख्या- HR20AV0006 के साथ रैली करते हुए देखा गया था। दोनों गाड़ियों का नंबर एक होने के कारण लोग इस चोरी का आरोप एल्विश यादव पर लग रहा है। इसके साथ ही Spirit of Congress नाम के ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो ट्वीट कर आरोप लगाया गया कि 'गुरुग्राम में G20 कार्यक्रम के लिए आयोजित वीआईपी नंबर प्लेट वाली कार में कथित तौर पर फूलों के गमले चोरी करते देखे गए लोग। यह संभावना है कि पौधों को चुराने वाली कार एल्विश यादव के परिवार की है।'

चोरों के खिलाफ होगी कार्रवाई- सीईओ एसके चहल
वहीं इस वीडियो को लेकर गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के संयुक्त सीईओ एसके चहल का कहना है कि, गुरुग्राम में जी 20 कार्यक्रम के लिए लगाए गए फूलों के बर्तनों को कथित तौर पर चोरी करने वाले दो लोगों का एक वीडियो वायरल हुआ था, यह हमारे संज्ञान में आया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कौन है एल्विश यादव?
दरअसल, एल्विश यादव एक यूट्यूबर हैं, जिनके यूट्यूब चैनल पर कई मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं। उनकी वीडियोज सोशल मीडिया पर काफी ट्रेडिंग रहती हैं, जोकि यूजर्स के बीच काफी पसंद भी की जाती हैं। एल्विश अपनी देशी और हरियाणवी कॉमेडी वीडियो के लिए खास तौर पर पहचाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर एल्विश की अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। इसके अलावा वह अपने अलग-अलग बयानों को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications