किसान महापंचायत करनाल: पुलिस ने कहा- लाठी और लोहे की रॉड लेकर जुटे हैं उपद्रवी, सख्ती से निपटेंगे
करनाल। भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर किसान प्रदर्शनकारी हरियाणा के करनाल में महापंचायत करके लघु सचिवालय का घेराव करने जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा-व्यवस्था के भारी बंदोबस्त किए हैं। जिले में जगह-जगह पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। इंटरनेट सेवा बंद है। धारा-144 लागू है। वहीं, करनाल शहर में हाईवे से एंट्री बैन है। न शहर वाले हाईवे पर आ सकते हैं और न ही हाईवे से उतरकर कोई शहर में घुस सकता है।

करनाल पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा
करनाल में एकत्रित हो रहे प्रदर्शनकारियों के संदर्भ में कुछ देर पहले हरियाणा पुलिस की ओर से बयान आया कि, हमारी जमीनी खुफिया रिपोर्ट से पता चला है कि लाठी और लोहे की रॉड ले-लेकर कुछ उपद्रवी करनाल अनाज मंडी पहुंचे हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि, जिला प्रशासन और पुलिस ऐसे शरारती तत्वों को कानून हाथ में न लेने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दे रहे हैं। यदि कोई किसी भी तरह का उपद्रव करता है तो सख्ती से निपटा जाएगा।
नेताओं से पुलिस का आग्रह
जिला प्रशासन ने किसान नेताओं से आग्रह किया है कि अनाज मंडी, करनाल में लाठी, लोहे की रॉड लेकर पहुंचे शरारती तत्वों को सभा स्थल से बाहर जाने को कहें। करनाल के आईजीपी ने कहा कि, ऐसा लगता है कि वे किसान नेताओं की नहीं सुन रहे हैं। हम उन्हें कानून न तोड़ने की चेतावनी दे रहे हैं।

न्यूज एजेंसी ने बताया कि, महापंचायत को देखते हुए हरियाणा सरकार और करनाल प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। करनाल शहर एक तरह से सील है। अनाज मंडी के सभी पांचों प्रवेश द्वारों पर पैरामिलिट्री फोर्स लगाई गई है, ताकि प्रदर्शनकारी शहर में घुस ही न सकें। करनाल से साथ लगते इलाकों को भी सील कर दिया गया है। रात के समय से ही पुलिस ने रेत से भरे ट्रक अड़ाकर रास्ते ब्लॉक कर दिए हैं। वहीं, जीटी रोड से लघु सचिवालय तक आने वाली सड़कों और अन्य रास्तों को ब्लॉक किया गया है।
Recommended Video

करनाल के डीसी के मुताबिक, पैरामिल्ट्री फोर्स समेत सुरक्षाबलों की 40 कंपनियां तैनात की गई हैं। हरियाणा पुलिस की 30 कंपनियां नियुक्त की गई हैं। पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां अलग से लगाई गई हैं। 5 एसपी और 25 एचपीएस कम डीएसपी की ड्यूटी भी लगाई है। इनके साथ वाटर कैनन और ड्रोन भी तैनात किए गए हैं। किसान प्रदर्शनकरियों को पानी पिला रहे एक शख्स ने कहा कि, इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। उसने कहा कि, 40 नाकों पर पुलिस मौजूद है। इसके अलावा आज सुबह से बारिश ने भी प्रदर्शनकारियों के जुटने में अड़चन लगा दी। न्यूज एजेंसी ने बताया कि, हरियाणा राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है।












Click it and Unblock the Notifications