Haryana New Cabinet: कैसा होगा CM Nayab Saini का नया मंत्रिमंडल? किन जातियों पर रहेगा फोकस?
Haryana CM Nayab Saini New Cabinet News: हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में नए मंत्रिमंडल का गठन 17 अक्टूबर को होने की संभावना है। 90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा में बीजेपी के 48 से एमएलए चुनाव जीते हैं और राज्य में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसी वजह से चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक मंत्री बनने के लिए नेताओं की लॉबिंग जारी है।
हरियाणा में पहली बार कोई सरकार लगातार तीसरी बार जीतकर सत्ता में लौटी है। बीजेपी को पिछली बार से भी ज्यादा बहुमत मिली है। उसे लगभग सभी जातियों-बिरादरियों का समर्थन मिला है। इस वजह से नई सरकार में जातियों का समीकरण बिठाना पार्टी के नेतृत्व से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन के नेताओं की प्रमुख जिम्मेदारी बन चुकी है।

सैनी मंत्रिमंडल को लेकर बीजेपी कोर ग्रुप में मंथन
हरियाणा के नवनिर्वाजित विधायक मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए दिल्ली में भी बड़े नेताओं तक से संपर्क साधने में जुटे हुए हैं। प्रदेश स्तर पर नायब सिंह सैनी की नई सरकार का स्वरूप कैसा होगा, उसपर हरियाणा के पार्टी कोर ग्रुप में चर्चा चल ही रही है।
इन में हरियाणा के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के बीजेपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब भी मंथन में लगे हुए हैं। इनके साथ सीएम सैनी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी सुरेंद्र नागर भी जुटे हुए हैं।
सैनी कैबिनेट को जातिगत आधार पर संतुलित रखने की कोशिश
जानकारी के अनुसार पार्टी नई सरकार में जिन जातियों को मंत्रिमंडल में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने पर फोकस कर रही है, उनमें ओबीसी और दलित विधायकों के अलावा जाट, खत्री, ब्राह्मण और पंजाब बिरादरियां काफी महत्वपूर्ण हैं।
हरियाणा में किन विधायकों के मंत्री बनने की संभावना?
जानकारी के मुताबिक पिछली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर रहे रणबीर सिंह गंगवा का नाम इस बार स्पीकर पद के लिए आगे चल रहा है। वहीं जिन जाट नेताओं का नाम मंत्री पद के लिए आगे चल रहा है, उनमें महिपाल ढांडा, सुनील सांगवान और कृष्णा गहलावत शामिल हैं।
ओबीसी और दलित चेहरों पर खास फोकस रहने की उम्मीद
मंत्री पद के संभावित ब्राह्मण चेहरों में शक्ति रानी शर्मा, मूल चंद शर्मा और देवेंद्र अत्री का नाम लिया जा रहा है। जबकि, पंजाब बिरादरी से अनिल विज, घनश्याम दास अरोड़ा और प्रमोद विज का नाम शामिल है। अनिल विज पहले भी कद्दावर विभाग संभाल चुके हैं और इस बार भी उन्हें कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।
सीएम सैनी खुद ओबीसी हैं, इसलिए अन्य ओबीसी चेहरों के रूप में एक यादव विधायक को कैबिनेट में शामिल होने का मौका मिल सकता है। जबकि, अनुसूचित जाति के दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है।
दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना
इसके अलावा दो विधायकों के इस बार उपमुख्यमंत्री के रूप में भी शपथ लेने की संभावना बताई जा रही है। माना जा रहा है कि इनमें से एक यादव या अहीर और दूसरे दलित बिरादरी के एमएलए हो सक सकते है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी को 48, कांग्रेस को 37, आईएनएलडी को 2 सीटें मिली हैं। इनके अलावा 3 निर्दलीय प्रत्याशी भी जीते हैं। जबकि, जननायक जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी का खाता भी नहीं खुला है।












Click it and Unblock the Notifications