चंबल में संवेदनशील 2192 पोलिंग बूथ बने टेंशन का कारण
भिंड और मुरैना के 2000 से ज्यादा संवेदनशील पोलिंग बूथ बने टेंशन का कारण, सुरक्षा के लिए मांगी गई एसएएफ की 15 कंपनियां
मुरैना, 16 जून। चंबल अंचल के भिंड और मुरैना जिले में पंचायत चुनाव के दौरान चिन्हित किए गए संवेदनशील पोलिंग बूथ पर हिंसा रोकने के लिए एसएएफ की 15 कंपनियां मांगी गई है। भिंड और मुरैना के 2192 पोलिंग बूथ पर हिंसा होने की आशंका के चलते यह तैयारी की जा रही है जिससे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

चुनाव में हिंसा रोकने के लिए 3 चरणों में पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं इसका फायदा सुरक्षा व्यवस्था में जरूर मिलेगा। बावजूद इसके भिंड और मुरैना के दो हजार से ज्यादा संवेदनशील पोलिंग बूथ अभी भी टेंशन का कारण बने हुए हैं। इसी टेंशन को कम करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुरैना के लिए 8 और भिंड के लिए आएंगी 7 एसएएफ कंपनी
भिंड और मुरैना के संवेदनशील पोलिंग बूथ को ध्यान में रखते हुए भिंड और मुरैना प्रशासन द्वारा एसएएफ की कंपनियों की मांग की गई है। मुरैना के लिए एसएएफ की 8 कंपनी पहुंचेंगी जबकि भिंड के लिए एसएएफ की 7 कंपनी पहुंचेंगी। इसके अलावा श्योपुर और दतिया के लिए भी दो-दो एसएएफ कग कंपनी पहुंचेंगी जो वहां सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखेंगी।
चंबल के इन जिलों में हैं इतने संवेदनशील पोलिंग बूथ
चंबल अंचल में दतिया, मुरैना, श्योपुर और भिंड जिले शामिल हैं। इन चारों जिलों में संवेदनशील पोलिंग बूथ भी चिन्हित किए गए हैं। भिंड में 965 पोलिंग बूथ संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं जबकि मुरैना में 1222 पोलिंग बूथ संवेदनशील चयनित किए गए हैं। इसके अलावा दतिया में 390 पोलिंग बूथ और श्योपुर में 440 पोलिंग बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।
एसपी कर रहे हैं अपने-अपने जिलों का भ्रमण
चंबल के सभी 4 जिलों के एसपी अपने-अपने जिलों का भ्रमण कर रहे हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। एसपी द्वारा रिपोर्ट तैयार करके वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद जिले की समीक्षा करते हुए आवश्यकता अनुसार भी सुरक्षाबलों के आवंटन का निर्णय लिया जाएगा।
ग्वालियर संभाग के 4 जिलों में इतने संवेदनशील पोलिंग बूथ
ग्वालियर संभाग में आने वाले ग्वालियर, गुना, अशोकनगर और शिवपुरी जिले में भी संवेदनशील पोलिंग बूथ है। ग्वालियर में कुल 365 संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं जबकि शिवपुरी में 490 संवेदनशील पोलिंग बूथ है। इसके साथ ही गुना में 264 संवेदनशील पोलिंग बूथ और अशोक नगर में 270 पोलिंग बूथ संवेदनशील हैं।
भिंड और मुरैना में होने वाले चुनावों में होती है हिंसा
भिंड और मुरैना में आयोजित होने वाले प्रत्येक चुनाव में हिंसा देखने को मिलती है। हिंसा पर अंकुश लगाने के लिए इस बार पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार चुनाव में हिंसा नहीं होगी। इसको लेकर पूरी प्लानिंग भी तैयार हो चुकी।












Click it and Unblock the Notifications