गुजरात मोरबी केस: 9 साल पुराने छात्र दुष्कर्म-हत्याकांड की अब CBI करेगी जांच
गुजरात के मोरबी जिले में नौ साल पहले हुए एक स्कूली बच्चे के दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने हाथ में ले ली है। यह कदम गुजरात हाई कोर्ट के निर्देश के बाद उठाया गया, जिसने 16 अगस्त 2023 को मामले को सीबीआई को सौंपा।
हाई कोर्ट ने राजकोट सीआईडी क्राइम की ओर से अपराध को सुलझाने या संदिग्ध की पहचान करने में विफलता को देखते हुए यह फैसला लिया। यह दुखद घटना 15 दिसंबर 2015 की है, जब एक स्कूली छात्र स्कूल से घर नहीं लौटा। आइए जानते हैं पूरी घटना?

दरअसल, बेटे के घर न लौटने पर, उसके पिता ने स्कूल के ट्रस्टी से संपर्क किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि सभी बच्चे स्कूल से निकल चुके हैं। बच्चे के दोस्तों ने भी पुष्टि की कि वे दोपहर 12 बजकर 15 मिनट के आसपास घर के लिए निकल चुके थे। बाद में, लड़के की साइकिल एक पान की दुकान के पास मिली, लेकिन लड़के का कोई पता नहीं चला।
संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुआ छात्र
स्कूल के ट्रस्टी ने पूछताछ के दौरान बताया कि कुछ छात्रों ने लड़के को एक मोटरसाइकिल पर किसी के साथ जाते हुए देखा था। जब काफी खोजबीन के बाद भी लड़के का पता नहीं चला, तो मोरबी पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज किया गया। तीन दिन बाद, 18 दिसंबर 2015 को, लड़के का शव मच्छू डैम के पास मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की कार्रवाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह सामने आया कि लड़के के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए गए थे और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस भयानक खुलासे के बाद, पुलिस ने हत्या और अप्राकृतिक यौन संबंध के आरोपों को जोड़ा। हालांकि, जांच में कोई ठोस प्रगति न होने के कारण पीड़ित के पिता ने गुजरात हाई कोर्ट में याचिका दायर की।
महंतों पर शक और एसआईटी की जांच
याचिकाकर्ता ने स्वामीनारायण मंदिर के महंतों पर शक जताया, जहां उनका बेटा नियमित रूप से पूजा करने जाता था। मगर, जांच अधिकारी ने इस दिशा में कोई ठोस जांच नहीं की, जिससे यह याचिका और मजबूत हुई। न्यायमूर्ति हसमुख डी. सुथार ने इस मामले में चिंता व्यक्त करते हुए इस दिशा में जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।
सितंबर 2017 में, पुलिस महानिदेशक ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। हालांकि, संदिग्ध की पहचान करने में कोई प्रगति नहीं हो सकी। इस कारण से हाई कोर्ट ने 25 जुलाई 2023 को तीन सप्ताह की समय सीमा तय करते हुए प्रगति रिपोर्ट मांगी।
सीबीआई ने संभाली जांच
16 अगस्त 2023 को, राजकोट सीआईडी क्राइम के डिटेक्टिव पुलिस इंस्पेक्टर केके जडेजा ने अदालत में रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें कोई नई जानकारी सामने नहीं आई। न्यायमूर्ति सुथार ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि रिपोर्ट केवल पुराने निष्कर्षों की पुनरावृत्ति है और अपराध सुलझाने में कोई महत्वपूर्ण प्रगति नहीं दिखाती।
अपराध की गंभीरता और नौ साल तक कोई ठोस नतीजा न निकलने के कारण, न्यायमूर्ति सुथार ने मामले को सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया। उम्मीद है कि सीबीआई की नई जांच से इस लंबे समय से अटके मामले में कोई ठोस हल निकलेगा।












Click it and Unblock the Notifications