'इनके शासन में सुबह की शुरुआत घोटाले से और शाम आतंकी विस्फोट से...', विपक्ष पर हमलावर हुए CM Yogi
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत से आतंकवाद आैर भ्रष्टचार समाप्त हो गया है। जबकि कांग्रेस आैर सपा के शासन में सुबह की शुरूआत घोटाले से होती थी आैर शाम होते-होते कहीं न कहीं आतंकी विस्फोट हो जाता था। आज तो पटाखा भी कहीं फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देते फिरता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है। यह नया भारत है जो किसी को छेड़ता नहीं है लेकिन किसी ने छेड़ा तो उसे छोड़ता भी नहीं है।
सीएम योगी शुक्रवार शाम पिपराइच में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद व भाजपा प्रत्याशी रविकिशन शुक्ल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस आैर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा आैर दोनों के कार्यकाल आैर साथ को कटघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश का नाम आैर मान दुनिया में बढ़ाने वाली मोदी सरकार है तो दूसरी तरफ कांग्रेस आैर सपा का अनर्थकारी गठबंधन। इन दोनों के बीच जब भी गठबंधन हुआ तो अनर्थ ही हुआ है। याद करिए जब केंद्र में कांग्रेस आैर यूपी में सपा की सरकार थी तो अयोध्या में आतंकी हमला हुआ, वाराणसी में आतंकी हमला हुआ। इनके शासन में रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं। हर तरफ अराजकता का तांडव था।

UP Lok Sabha: 6वें चरण के लिए 25 मई को होगा मतदान,मेनका गांधी,जगदंबिका पाल सहित इन नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
सीएम ने कांग्रेस आैर सपा के चुनावी घोषणा पत्रों पर भी करारा हमला बोला। कहा कि अब यह अनर्थकारी गठबंधन अपने घोषणा पत्र में कह रहा है कि अनुसूचित जाति आैर पिछड़े वर्ग का आरक्षण मुसलमानों में बांट देंगे। यह गठबंधन भारत में पर्सनल रूल यानी तालीबानी शासन लागू करने की फिराक में है। तालीबानी शासन यानी महिलाएं घरों से नहीं निकल सकतीं, बेटियां स्कूल नहीं जा सकतीं। पर, भाजपा किसी भी दशा में देश में तालीबानी शासन नहीं आने देगी। भाजपा का स्पष्ट कहना है कि यह देश शरीयत से नहीं संविधान से चलेगा। कांग्रेस आैर सपा की मंशा गोकशी की छूट देने की है। हिन्दू गाय को माता मानता है आैर कांग्रेस-सपा की मंशा कभी पूरी नहीं होने दी जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस आैर सपा के लोगों को सबक सिखाने की आवश्यकता है।
सीएम योगी ने कहा कि सपा आैर कांग्रेस के लोग पाकिस्तान का राग आलापते हैं। ऐसे लोगों को भारत पर बोझ बनने की बजाय पाकिस्तान में ही चले जाना चाहिए। एक तरफ पाकिस्तान है जहां के लोग भूखों मर रहे हैं तो दूसरी तरफ मोदी जी के नेतृत्व वाला भारत है जो अस्सी करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रहा है। पाकिस्तान का राग आलापने वालों को वहां भीख भी नहीं मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि जब सही मत पड़ता है तो विकास, सुरक्षा, सम्मान आैर गरीब कल्याण की गारंटी होती है। जैसा कि जनता ने सही मत देकर मोदी सरकार बनाई तो आज देश में अस्सी करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है। अब तो तीसरी बार मोदी सरकार में 70 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक बुजुर्ग को आयुष्मान का लाभ मिलने जा रहा है। मोदी सरकार में किसान को सम्मान निधि मिल रही है जबकि सपा की सरकार में किसान आत्महत्या करता था। सपा के शासन में गरीब के हक पर डकैती पड़ती थी जबकि आज हर गरीब का शौचालय बन गया है, उज्जवला योजना के तहत 10 करोड़ परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन मिल गया है।
पहले जहां रसोई गैस के लिए लाठी पड़ती थी तो वहीं अब यूपी में होली आैर दिवाली में गैस सिलेंडर मुफ्त दिया जा रहा है। मोदी सरकार ने चार करोड़ गरीबों के मकान बनवाए हैं। तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर जो गरीब बच गए हैं, उनके भी मकान बन जाएंगे। सीएम ने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों में एम्स, खाद कारखाना, आयुष विश्वविद्यालय आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब सही मत पड़ने की वजह से संभव हुआ। आज मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। देश में कहीं फोरलेन तो कहीं सिक्सलेन सड़कें बन रही हैं। एम्स, ट्रिपल आईटी, बन रहे हैं। वंदे भारत, अमृत भारत, मेट्रो चल रही है। आईटीआई, पालीटेक्निक व विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से राम मंदिर के आंदोलन की शुरूआत होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पांच सौ वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। रामलला विराजमान हो गए हैं। अब तो हर जगह जनता यही कह रही है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। सीएम योगी ने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या कांग्रेस आैर सपा से अयोध्या में मंदिर बनवाने की उम्मीद की जा सकती थी? समवेत आवाज गूंजी-नहीं। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे, राम हुए ही नहीं। सपा रामभक्तों पर गोली चलाती थी। आज भी सपा के नेता कहते हैं कि राम मंदिर बेकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेकार तो राम के विरोधी हैं। राम तो जगत नियंत हैं, परमपिता परमेश्वर हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जिधर देखो विकास ही विकास नजर आता है। सात साल पहले पिपराइच क्षेत्र की सड़कों को देखकर लगता ही नहीं था कि सड़क है या गड्ढा। आज जिधर नजर फेरिये उधर फोरलेन-टूलेन की चमचमाती सड़कें हैं। उन्होंने बताया कि पिपराइच को गोरखपुर से जोड़ने को फोरलेन बनाने के लिए एक हजार करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिया गया है। इस फोरलेन के बन जाने से गोरखपुर आैर पिपराइच के बीच की दूसरी सात मिनट में तय हो जाएगी। यही नहीं पिपराइच से पीपीगंज या नेपाल की तरफ जाना हो तो रिंग रोड बन रही है। पिपराइच के चारो तरफ बाईपास बन जाएगा आैर जाम की समस्या नहीं होगी। सीएम ने कहा कि पिपराइच से सोनबरसा जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिाज बनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications