Atique Ahmed: गुजरात की साबरमती जेल में क्यों बंद था यूपी का अपराधी अतीक अहमद
अतीक अहमद की उत्तर प्रदेश में तकरीबन चार साल बाद एंट्री हुई है। दरअसल बीते चार सालों से अतीक अहमद गुजरात की साबरमती जेल में बंद था।

Atique Ahmed: 26 मार्च 2023 को गुजरात की साबरमती केंद्रीय जेल से प्रयागराज (इलाहाबाद) ले जाये जाने के लिए जब अतीक अहमद को पुलिस वैन में बैठाया गया, तो वह पत्रकारों को देख 'हत्या हत्या' बोलने लगा। पत्रकारों ने उससे पूछा कि डर क्यों लग रहा है? इस पर अतीक अहमद का कहना था कि मुझे इनका प्रोग्राम मालूम है, यह मेरी हत्या करना चाहते हैं। फिर जब यूपी पुलिस की टीम अतीक को गुजरात से उत्तर प्रदेश ले आई तो इस अपराधी के सुर बदल गये। अब जब मीडिया ने उसके कथित 'डर' को लेकर सवाल किया तो अतीक ने कहा, "काहे का डर"।
बता दें कि 28 मार्च यानि कल अतीक अहमद को प्रयागराज के एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया जाना है। वैसे यहां एक गौर करने वाली बात यह है कि गुंडे से राजनेता बने अतीक अहमद के ऊपर जितने भी केस दर्ज हैं, सभी उत्तर प्रदेश में हैं। अब सवाल पैदा होता है कि आखिर अतीक अहमद गुजरात की साबरमती जेल में कैसे पहुंच गया? यही नहीं, तकरीबन चार सालों से वहां बंद है? जबकि गुजरात में उसके ऊपर कोई मामला दर्ज नहीं है। आइये आपको बताते हैं आखिर क्या है माजरा?
जेल में ही गैर-कानूनी काम करता था अतीक
अतीक अहमद का लूटपाट और अहपरण पर फिरौती वसूलने का धंधा जेल से ही चलता था। दरअसल, 26 दिसंबर 2018 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मोहित जायसवाल नाम के एक व्यापारी का अपहरण हो गया। मोहित जयसवाल को अपहरण कर किसी गुप्त स्थान के बजाय देवरिया जेल ले जाया गया था। इसी जेल में अतीक अहमद कैद था।
इसके बाद जेल में क्या हुआ इसकी जानकारी खुद मोहित ने इस प्रकार दी है, "देवरिया जेल में बंद अतीक और उसके गुर्गों ने उसकी जमकर पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जबरन तकरीबन 45 करोड़ रुपये की संपत्ति के कागज पर हस्ताक्षर करवा लिये।" मोहित का कहना था कि अतीक के गैंग ने उससे रंगदारी मांगी थी। मगर उसने देने से मना कर दिया तो अतीक ने उसे अगवा कर लिया। इस घटना के बाद अतीक को देवरिया से बरेली जेल भेज दिया गया।
बरेली जेल ने रखने से मना कर दिया
इसके बाद बरेली जेल प्रशासन ने अतीक अहमद को रखने से साफ इंकार कर दिया। इसके पीछे बरेली जेल प्रशासन ने आने वाले लोकसभा चुनाव का हवाला दिया। ऐसे में अतीक अहमद को किसी कड़ी सुरक्षा वाली जेल में रखना था तो उत्तर प्रदेश सरकार ने उसे प्रयागराज (तब के इलाहाबाद) के नैनी जेल में शिफ्ट कर दिया।
उधर, देवरिया जेल में अतीक का वह अपहरण कांड सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया था। सुप्रीम कोर्ट ने 23 अप्रैल 2019 को अतीक अहमद व उसके साथियों द्वारा रियल एस्टेट डीलर मोहित जायसवाल के कथित अपहरण और अत्याचार के मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था। यह आदेश सुप्रीम कोर्ट में तत्कालीन चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने दिया था।
ऐसे साबरमती जेल में शिफ्ट हुआ अतीक
Recommended Video

साथ ही 23 अप्रैल 2019 को ही सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को आदेश दिया कि अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश के बाहर किसी सुरक्षित जेल में शिफ्ट किया जाये। इस प्रकार उत्तर प्रदेश पुलिस 3 जून 2019 को अतीक अहमद को वाराणसी से फ्लाइट के जरिये अहमदाबाद ले गयी और साबरमती सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया। तब से लेकर अभी तक अतीक अहमद साबरमती जेल में ही बंद था। इसके बाद 12 जून 2019 को सीबीआई ने अतीक अहमद, उसके बेटे और 4 गुर्गों सहित दर्जनभर अज्ञात गुंडों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ की थी।
यह भी पढ़ेंः Atiq Ahmed: उमेश पाल हत्याकांड नहीं 17 साल पुराने इस मामले में यूपी लाया जा रहा माफिया अतीक अहमद












Click it and Unblock the Notifications