Musk on Twitter: कभी बाथरूम सिंक तो कभी कुत्ता, जानिए ट्विटर पर एलन मस्क की मजाकिया हरकतें
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर खरीदने के बाद कंपनी के नये बॉस एलन मस्क ने कई रोचक ट्वीट किए हैं, जिनको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मीम्स की बाढ़ आ गई है।

Musk on Twitter: पिछले साल अप्रैल में दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म खरीदने की पेशकश की। इसके बाद ट्विटर बोर्ड के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। एलन मस्क ने ट्विटर को एक फ्री स्पीच का माध्यम बनाने के लिए $44 बिलियन का ऑफर दिया था, जिसके बाद ट्विटर बोर्ड में शामिल कई सदस्यों और कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल ने नाराजगी जताई थी। हालांकि, करीब 6 महीने तक चले विवाद के बाद अक्टूबर 2022 में एलन मस्क ने ट्विटर खरीद लिया।
ट्विटर खरीदने के बाद एलन मस्क ने इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म को मस्ती का अड्डा बना दिया है। एलन मस्क हर रोज कोई न कोई अतरंगी पोस्ट करके सोशल मीडिया सनसनी बने हुए हैं। आइए, जानते हैं एलन मस्क की 10 बड़ी घोषणाओं के बारे में, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी हैं..
'टॉयलेट सिंक के साथ ऑफिस में एंट्री'
एलन मस्क ट्विटर खरीदने के बाद जब पहली बार इसके सेन फ्रांसिस्को हेडक्वार्टर पहुंचे तो उनके हाथ में एक टॉयलेट सिंक था। उन्होंने 9 सेकेंड्स का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उनके हाथ में बाथरूम सिंक था। मस्क के इस वीडियो को अगले 23 घंटे में तीन करोड़ से ज्यादा बार देखा गया और 11 लाख से ज्यादा लाइक्स मिले थे। यही नहीं, करीब 2 लाख यूजर्स ने इस वीडियो को रिट्वीट भी किया था। मस्क ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मैं ट्विटर हैडक्वार्टर में एंट्री कर रहा हूं - "लेट देट सिंक इन"।
पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल का उड़ाया मजाक
एलन मस्क ने ट्विटर पर सबसे ज्यादा कंपनी के पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल का मजाक उड़ाया था। ट्विटर खरीदने के साथ ही मस्क ने एक के बाद एक कई ट्वीट्स किए जिसमें उन्होंने कंपनी के पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल पर निशाना साधा था। एलन मस्क ने अपने ट्वीट्स के जरिए ट्विटर के पूर्व अधिकारियों के साथ-साथ पॉलिसी का भी मजाक बनाया था।
'चिड़िया हुई आजाद'
एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने के तुरंत बाद एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा था - "द बर्ड इज फ्रीड" यानी चिड़ियां आजाद हुई। उन्होंने इस पोस्ट के जरिए यूजर्स को बताया कि इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आप अपने दिल की बात रख सकते हैं। अपनी बात रखने की इस पर पूरी आजादी मिलेगी। खैर यूजर्स ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर जितनी आजादी ली उससे कहीं ज्यादा मस्क ने पिछले कुछ महीनों में आजाद होकर मनचाहे ट्वीट्स की बारिश की है।
कोका-कोला कंपनी खरीदने वाला ट्वीट
अक्टूबर में ही एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने के बाद ट्वीट करते हुए लिखा था कि मैं कोका-कोला खरीदने वाला हूं और उसमें कोकिन मिलाउंगा। एलन मस्क के इस ट्वीट के बाद एक बार फिर से सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया। लोग यह अटकलें लगाने लगे कि एलन मस्क जल्द ही कार्बोनेटेड ड्रिंक्स बनाने वाली कंपनी कोका-कोला का अधिग्रहण कर सकते हैं। हालांकि, मस्क का यह ट्वीट भी एक मजाक था।
ट्विटर पर मजाक हुआ लीगल
एलन मस्क ने अक्टूबर में ट्विटर खरीदने के बाद किए अपने कई पोस्ट में एक पोस्ट यह भी किया कि अब ट्विटर पर मजाक करना लीगल है यानी आप ट्विटर पर कुछ भी मजाक कर सकते हैं। आपके अकाउंट पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। एलन मस्क के इस ट्वीट को 2.3 मिलियन यानी 23 लाख लोगों ने पसंद किया था।
अपने मरने की इच्छा
एलन मस्क के इस ट्वीट ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोहराम मचा दिया था। एलन मस्क ने पिछले साल 9 मई को एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि अगर मेरी मौत रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई तो इसे जानना बेहतर है। मस्क के इस पोस्ट को 1.8 मिलियन लाइक्स और 1.71 लाख बार रिट्वीट किया गया। एलन मस्क उस समय ट्विटर डील को लेकर काफी चर्चा में थे।
सीईओ की कुर्सी पर कुत्ते को बैठाया
एलन मस्क यहीं नहीं रूके, ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को निकालने के बाद मस्क ने एक फोटो शेयर किया, जिसमें सीईओ की कुर्सी पर एक कुत्ता बैठा हुआ था। एलन मस्क के इस ट्वीट को भी लाखों लाइक्स मिले और हजारों लोगों ने इसे रिट्वीट किया था।
पिस्तौल की तस्वीर के साथ पोस्ट
एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने के बाद अपनी बेड साइड टेबल की तस्वीर पोस्ट की थी। इस तस्वीर में दो पिस्तौल और चार डाइट कोक के केन पड़े थे। एलन मस्क के इस ट्वीट में अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज वाशिंगटन की पेंटिंग भी थी। इस ट्वीट को लेकर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी थीं।
बदला ट्विटर का लोगो
एलन मस्क ने हाल ही में ट्विटर के लोगो में दिखने वाली नीली चिड़िया की जगह कुत्ते की तस्वीर लगा दी। एलन मस्क ने अपने ट्वीट में कुत्ते को ट्विटर का नया लोगो बता दिया। हालांकि, एलन मस्क ने डॉगी बिटक्वॉइन के बढ़ते भाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कुत्ते को अपना लोगो बनाया था। बाद में इस लोगो को हटा लिया गया और नीली चिड़िया फिर से आ गई।
Twitter से हटाया 'W'
एलन मस्क ने एक और अतरंगी पोस्ट करते हुए लिखा है कि उन्होंने सेन फ्रांसिस्को के हेड क्वार्टर में लिखे Twitter से W को गायब करके Titter बना दिया है। एलन मस्क ने ट्विट ऑफिस को रेंट पर देने वाले बिल्डर के लीगल नोटिस के जबाब में ऐसा किया है। मस्क ने ट्वीट करके बताया कि मुकदमे की वजह से वो Twitter का W नहीं हटा सकते हैं, तो उन्होंने उसके W को उजले रंग से पेंट कर दिया है।
Recommended Video

इन अतरंगी ट्वीट्स के अलावा एलन मस्क की कंपनी ट्विटर फिलहाल कई मुकदमे झेल रही है। पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल समेत तीन बड़े पूर्व अधिकारियों ने कंपनी के खिलाफ 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 8.2 करोड़ रुपये भुगतान नहीं किए जाने पर मुकदमा दायर किया गया है। इन पूर्व कर्मचारियों ने कंपनी पर आरोप लगाया है कि ट्विटर ने उनका रिम्बर्समेंट (भत्ता) क्लियर नहीं किया है। यही नहीं, जर्मनी में ट्विटर पर 600 से ज्यादा मुकदमे किए गए हैं, जिसकी वजह से कंपनी पर 30 बिलियन डॉलर यानी लगभग 2.6 लाख करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह भी पढ़ें: Parag Agarwal Elon Musk से बकाया वसूलने कोर्ट पहुंचे, 8.2 करोड़ रुपये मांगे, जानिए क्या है पूरा मामला












Click it and Unblock the Notifications