Toy Biz International: कब और कहां होगा अंतरराष्ट्रीय खिलौना मेला, कितना है भारतीय खिलौना व्यापार?
Toy Biz International: हर साल की तरह इस बार भी अंतरराष्ट्रीय खिलौना मेला नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित होने जा रहा है। मेले का आयोजन 8 जुलाई से 11 जुलाई 2023 तक प्रगति मैदान के हॉल नंबर 5GF और 4FF में होगा। मेले में 250 से अधिक भारतीय खिलौना ब्रांड्स अपने प्रोडक्ट्स को प्रदर्शित करेंगे। यह अंतरराष्ट्रीय खिलौना मेला का 14वां संस्करण है और इसकी शुरुआत 2009 में हुई थी।
इसे टॉय बिज इंटरनेशनल के नाम से भी जाना जाता है और हरबार दिल्ली में ही आयोजित होता है। यह मेला या एग्जीबिशन 'द टॉय एसोसिएशन' द्वारा आयोजित होता है। हालांकि, यह केवल बी2बी (बिजनेस टू बिजनेस) प्रदर्शनी होती है। जिसका मतलब है कि यह मेला मुख्य रूप से इस उद्योग के निर्माताओं, व्यापारियों और थोक विक्रेताओं पर अधिक केन्द्रित होता है। सालाना होने वाला यह मेला चार दिनों तक चलता है।

टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया क्या है?
टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया भारत में खिलौना उद्योग का सबसे प्रमुख संगठन है। फिलहाल यह 500 से अधिक खिलौना उद्योग यानी सदस्यों का प्रतिनिधित्व करता है। इसके सदस्यों में निर्माता, निर्यातक, आयातक और व्यापारी शामिल हैं। टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया अच्छे व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए निर्माताओं, व्यापारियों और विक्रेताओं को एकसाथ लाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन भी करता है।
अंतरराष्ट्रीय खिलौना मेला से जुड़ी जानकारियां
● अंतरराष्ट्रीय खिलौना मेला की शुरुआत टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 2009 में की गयी थी और इस साल यह 14वीं बार आयोजित हो रहा है।
● यह मेला दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा खिलौना मेला है।
● अंतरराष्ट्रीय खिलौना मेला 4 दिनों के लिए यानी कि 8 जुलाई से लेकर 11 जुलाई 2023 तक आयोजित होगा। समय सुबह के 10 बजे से लेकर शाम के 7 बजे तक रहेगा।
● मेले में 500 से भी अधिक प्रदर्शनकारियों के शामिल होने का अनुमान है।
● टॉय एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मुताबिक वॉलमार्ट और लेगो सहित लगभग 20 से अधिक वैश्विक सोर्सिंग कंपनियों के सीईओ भी मेले का दौरा करेंगे। साथ ही साथ एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि इस मेले में कई देशों के खरीददार और प्रदर्शक दोनों शामिल होंगे।
● मेले में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और आम जनता का प्रवेश निषेध है।
● मेले में पहुंचने वाले सभी आगंतुकों के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है, यानी एंट्री फ्री है।
भारत में खिलौनों का उद्योग कितना बड़ा
भारतीय खिलौना बाजार तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में इसमें और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। रिसर्च और मार्केट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय खिलौनों का बाजार 2022 में ₹12,311 करोड़ तक पहुंच गया था। जबकि 2028 तक इसके ₹24,622 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। इसका मतलब यह है कि 2022 से 2028 के बीच भारतीय खिलौना बाजार में 12.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2022 तक वैश्विक खिलौना बाजार में भारतीय खिलौनों की 0.5 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। भारत के ज्यादातर खिलौना निर्माता दिल्ली एनसीआर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश राज्यों में स्थित हैं। हालांकि इस वैश्विक बाजार में भारत के व्यापारी लगातार तेजी से अपनी जगह बना रहे हैं। दरअसल, साल 2015 में भारतीय खिलौनों का निर्यात ₹787 करोड़ का था। जबकि यह निर्यात साल 2022 में ₹2,675 करोड़ हो गया है। प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2020-22 के दौरान खिलौना आयात में 70 प्रतिशत के आसपास की कमी दर्ज की गयी है। वहीं निर्यात में 61 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
सरकार दे रही भारतीय खिलौना उद्योग को बढ़ावा
अगस्त 2020 में 'मन की बात' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय खिलौना इंडस्ट्री की रिब्राडिंग की अपील की थी। इस खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय खिलौना मेला 2021 का उद्घाटन किया था। तब उन्होंने राष्ट्रीय खिलौना कार्ययोजना के बारे में बताया था जिसके अंतर्गत 15 मंत्रालयों और विभागों को शामिल किया गया है। भारतीय खेल आधारित खिलौनों को बढ़ावा देने के लिए टोयाथॉन-2021 का भी आयोजन किया गया था।
फरवरी 2020 में, भारत सरकार ने खिलौनों के आयात को कम करने और घरेलू निर्माताओं को बढ़ावा देने के लिए खिलौनों पर आयात शुल्क 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत और फिर 2023 में 70 प्रतिशत कर दिया है। भारत सरकार ने पारंपरिक खिलौनों की स्थानीय विनिर्माण क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ₹35 अरब की पीएलआई योजना भी बनाई है। इसके अलावा, सरकार ने 2020 में खिलौनों के लिए एक नेशनल एक्शन प्लान की भी घोषणा की है। देश में खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 100 प्रतिशत फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट (एफडीआई) की भी घोषणा की जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications