Ronaldo Museum: रियाद में अब रोनाल्डो म्यूजियम, स्टार फुटबॉलर पर और भी हैं संग्रहालय
Ronaldo Museum: फुटबॉल की दुनिया में वर्तमान दौर में सबसे चर्चित खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के जीवन पर आधारित एक नया संग्रहालय सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भी अब खुल गया है। इसे रियाद सीज़न 2023 के हिस्से के रूप में खोला गया है। यह संग्रहालय रोनाल्डो की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली कहानियों से प्रेरित है, जिसमें उनके पुरस्कार, जर्सी, बूट और शील्ड को भी रखा गया है। रोनाल्डो वर्तमान में सऊदी अरब के पेशेवर फुटबॉल क्लब अल नासर के लिए खेलते हैं।
रियाद सीज़न एक प्रमुख मनोरंजन और पर्यटन उत्सव है जिसका उद्देश्य सऊदी राजधानी को एक वैश्विक मनोरंजन और पर्यटक हॉटस्पॉट के रूप में पेश करना है। रियाद सीज़न की शुरुआत 2019 में हुई थी और यह सालाना तौर पर आयोजित किया जाता है। इसमें पूरी दुनिया से लाखों लोग विभिन्न कार्यकर्मों को देखने आते हैं।

रोनाल्डो संग्रहालयों की सूची पर एक नजर :
• रियाद
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नवीनतम संग्रहालय रियाद, सऊदी अरब में स्थित है। यह रोनाल्डो के करियर के प्रति उनके समर्पण और लगन को दर्शाता है। यह एक मोबाइल संग्रहालय है, यानी कि इसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है। मोबाइल संग्रहालय में पांच बैलन डी'ओर पुरस्कारों के विजेता रोनाल्डो की यादें और प्रेरणादायक कहानियां प्रदर्शित की गई हैं। रोनाल्डो के प्रति अरब में जबर्दस्त आकर्षण है। इस संग्रहालय में आयोजकों ने उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया।
• फुंशाल, मदीरा
म्यूज़ू सीआर7 पुर्तगाली फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अपने देश में स्थापित सबसे बड़ा संग्रहालय है। यह रोनाल्डो के जन्मस्थान, मदीरा के पुर्तगाली द्वीप पर फुंशाल शहर में स्थित है। संग्रहालय रोनाल्डो के करियर की उपलब्धियों को प्रदर्शित करता है, जिसमें ट्रॉफियां, फुटबॉल शर्ट और पदक शामिल हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के संग्रहालय का उद्घाटन 15 दिसंबर, 2013 को किया गया था। संग्रहालय रोनाल्डो के भाई ह्यूगो अवेरो के दिमाग की उपज था। शुरुआत में 126 ट्राफियां प्रदर्शित की गई थीं । संग्रहालय 2 मंजिलों का है और 1400 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है और रोनाल्डो के करियर की कुछ सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफियां यहां रखी गई हैं, जिसमें उनके चार गोल्डन बूट और पांच बैलन डी'ओर पुरस्कार भी शामिल हैं। संग्रहालय में तस्वीरें, वीडियो, इंटरैक्टिव सामग्री और क्रिस्टियानो रोनाल्डो की एक मोम की मूर्ति भी है।
• दुबई
दुबई में क्रिस्टियानो रोनाल्डो संग्रहालय एक पॉप-अप संग्रहालय था जो जनवरी 2016 में खुला । उस संग्रहालय का नाम क्रिस्टियानो रोनाल्डो ट्रैवलिंग संग्रहालय था और वह संग्रहालय रोनाल्डो के प्रशंसकों को रोनाल्डो की कामयाबी और सफलता को करीब से जानने का अवसर देता था। यहां तक कि संग्रहालय में रोनाल्डो की 800 किलोग्राम की मोम भी मूर्ति को भी प्रदर्शित किया गया था। हालाँकि, यह एक अस्थायी संग्रहालय था, न कि कोई स्थायी संग्रहालय। इस संग्रहालय को रोनाल्डो के सबसे अच्छे दोस्त और स्पोर्टिंग लिस्बन के पूर्व साथी मिगुएल पैक्साओ द्वारा होस्ट किया गया था। रोनाल्डो की मूर्ति मैडम तुसाद के संग्रहालय में भी है, जिसका पिछले साल टाइम्स स्क्वायर में अनावरण किया गया था।
रोनाल्डो का फुटबॉल करियर
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जन्म 5 फरवरी 1985 को मदीरा, पुर्तगाल में हुआ था। फिलहाल क्रिस्टियानो रोनाल्डो सऊदी अरब के फुटबॉल क्लब अल नासर के लिए खेलते हैं, साथ ही साथ रोनाल्डो पुर्तगाल की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का भी हिस्सा है। रोनाल्डो 10 साल की उम्र से फुटबॉल खेल रहे है। रोनाल्डो ने 17 वर्ष की आयु में 29 सितंबर 2002 को प्राइमिरा लीगा में स्पोर्टिंग सीपी के खिलाफ ब्रागा के लिए पेशेवर फुटबॉल में डेब्यू किया था। उन्होंने अपना पहला पेशेवर गोल 7 अक्टूबर 2002 को किया था। क्रिस्टियानो रोनाल्डो दुनिया में सबसे अधिक कमाई करने वाले एथलीटों में से एक हैं। गोल डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोनाल्डो की कुल संपत्ति लगभग $500 मिलियन है।
रोनाल्डो द्वारा जीते गए पुरस्कार
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने पूरे फुटबॉल करियर में कई पुरस्कार और खिताब जीते हैं और उनके पुरस्कारों और खिताबों की सूची बहुत लंबी है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने फुटबॉल करियर में 5 बैलन डी'ओर पुरस्कार (2008, 2013, 2014, 2016, 2017), 1 फीफा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार (2008), 2 सर्वश्रेष्ठ फीफा पुरुष खिलाड़ी पुरस्कार (2016, 2017), 3 यूएफा सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी पुरस्कार (2013-14, 2015-16, 2016-17), 1 ला लीगा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खिताब (2013-14), 1 गोल्डन बॉल पुरस्कार (2016) जीता था। रोनाल्डो के नाम कई रिकॉर्ड हैं, जिसमें यूएफा चैंपियंस लीग में 100 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications