महावीर जयंती के अवसर पर जारी हुआ ₹100 का विशेष सिक्का, क्या खास बात है ऐसे सिक्कों की?
Vishesh Sikka: महावीर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 अप्रैल, 2024 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 2550वें भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत एक स्मारक डाक टिकट और ₹100 के विशेष सिक्के के विमोचन के साथ हुई, जिसके बाद प्रधानमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
लेकिन क्या आप जानते हैं क्या होते हैं ये विशेष सिक्के, जिन्हें अंग्रेजी में कमेमोरेटिव कॉइन कहा जाता है, क्यों किए जाते हैं ये जारी, और सामान्य सिक्कों से ये सिक्के किस प्रकार अलग हैं? अगर नहीं, तो आईए जानते हैं।

क्या होते हैं विशेष सिक्के?
भारत में कमेमोरेटिव कॉइंस या स्मारक सिक्के किसी महत्वपूर्ण अवसर पर, जैसे स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने, जी20 अध्यक्षता या किसी प्रमुख शख़्सियत को सम्मानित करने के लिए तैयार किए गए खास सिक्के होते हैं। इन्हें सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसपीएमसीआईएल) द्वारा ₹5 से लेकर ₹1,000 तक के मूल्यवर्ग में जारी किया जाता है, हालाँकि ज्यादातर नॉन-लीगल टेंडर कॉइन ₹100 के मूल्यवर्ग में जारी किए जाते हैं।
विशेष सिक्के या कमेमोरेटिव कॉइंस तीन प्रकार के होते हैं: सर्कुलेटिंग लीगल टेंडर कॉइंस, नॉन-सर्कुलेटिंग लीगल टेंडर कॉइंस और नॉन-लीगल टेंडर कमेमोरेटिव कॉइंस। पहले प्रकार का उपयोग रोजमर्रा के लेन-देन के लिए किया जाता है, दूसरा लेन-देन के लिए उपयोग हो सकता है लेकिन अक्सर लोगों द्वारा संभालकर रखा जाता है, और तीसरा सिर्फ कलेक्शन हेतु होता है, यह कीमती होता है और इसकी बहुत माँग होती है।
भारत में विशेष सिक्कों का इतिहास
भारत में विशेष सिक्कों या कमेमोरेटिव कॉइंस का इतिहास बहुत पुराना है, जहाँ विशेष सिक्कों का इस्तेमाल राजा के राज्य आरोहण दिवस या जन्मदिवस पर उनके सम्मान के रूप में और प्रजा में बांटने के लिए किया जाता था। ये सिक्के कीमती धातुओं से बने होते थे और इन्हें केवल राजकीय कोषागार द्वारा ही जारी किया जा सकता था।
स्वतंत्र भारत में पहली बार विशेष सिक्का 1964 में जारी हुआ, जो देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सम्मान में था और उसी वर्ष उनका निधन भी हुआ था। तब से, विभिन्न कारणों से विशेष स्मारक सिक्के जारी किए गए हैं, जिसमें विशेष आयोजनों के अवसर, स्वतंत्रता आंदोलन, प्रमुख शख्सियत, धर्म, खेल, वर्षगाँठ, संगठनों या संस्थानों को सम्मानित करना शामिल है। वैसे आपको बता दें कि सितंबर 2023 तक भारत ने लगभग 350 प्रकार के कमेमोरेटिव कॉइंस जारी किए हैं।
कमेमोरेटिव कॉइंस साधारण सिक्कों से अलग कैसे?
भारत में कमेमोरेटिव कॉइंस कई मायनों में साधारण सिक्कों से अलग है। साधारण सिक्कों का इस्तेमाल रोज़मर्रा के लेन-देन के लिए लीगल टेंडर के रूप में किया जाता है, जबकि कमेमोरेटिव कॉइंस किसी विशेष और महत्वपूर्ण अवसर या किसी प्रमुख और महत्वपूर्ण शख़्सियत को सम्मानित करने के लिए जारी किए जाते हैं। कमेमोरेटिव कॉइंस अक्सर कीमती मेटल या एलॉय से बने होते हैं, जबकि साधारण सिक्के तांबे, निकल या स्टील जैसे मेटल से बने होते हैं।
कमेमोरेटिव कॉइंस आम तौर पर साधारण सिक्कों की तुलना में आकार और वजन में भी बड़े होते हैं, और उनमें अक्सर बारीक डिज़ाइन होती हैं। कमेमोरेटिव कॉइंस बहुत ही कम मात्रा में जारी किए जाते हैं, और उन्हें अक्सर कॉइन कलेक्टर्स को प्रीमियम पर बेचा जाता है। दोनों सिक्कों में एक महत्वपूर्ण अंतर यह है कि साधारण सिक्के ₹1, ₹2, ₹5, ₹10 और ₹20 मूल्य के होते हैं, जबकि विशेष सिक्के (कमेमोरेटिव कॉइंस) ₹1,000 तक के भी हो सकते हैं।
कैसे खरीदें विशेष सिक्के
● यदि आपको विशेष सिक्के (कमेमोरेटिव कॉइंस) खरीदने हैं तो आप भारत सरकार की दो आधिकारिक वेबसाइट का सहारा ले सकते हैं, पहली https://www.indiagovtmint.in/commemorative-coins/ और दूसरी https://www.spmcil.com/en/ ।
● अब आप वेबसाइट पर बहुत सारे उपलब्ध कमेमोरेटिव कॉइंस देख सकते हैं और सब के बारे में जानकारी पढ़ सकते हैं।
● फिर जो कॉइन आपको सबसे ज्यादा पसंद आए उसे अपनी कार्ट में ऐड करें।
● कार्ट में कॉइन को ऐड करने के बाद उसको दोबारा चैक कर लें और उसकी जानकारी पढ़ लें।
● अब आप चेक आउट कर सकते हैं, चेक आउट के लिए आपको बिलिंग इनफॉरमेशन जैसे कि नाम, पता, फोन नंबर, ईमेल आईडी, आदि उपलब्ध कराने की आवश्यकता होगी। साथ ही आपको चेक आउट करने के लिए एक यूजरनेम और अकाउंट पासवर्ड भी क्रिएट करना होगा।
● अब आप चेक आउट करने के लिए तैयार है और कॉइन का पेमेंट करने के लिए आपको एक अलग वेबसाइट पर रीडायरेक्ट किया जाएगा और पेमेंट को पूरा करने के लिए आपको 15 मिनट का समय दिया जाएगा।
● अब आप अपने क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या फिर यूपीआई के माध्यम से कॉइन का पेमेंट कर सकते हैं।
● पेमेंट करने के बाद आपको आपकी ईमेल और मोबाइल नंबर पर आपके ऑर्डर से संबंधित पूरी जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
● अब आपको लगभग 10-15 दिनों के अंदर कॉइन घर पर डिलीवर हो जाएगा।
कुछ प्रमुख कमेमोरेटिव कॉइंस
अब तक देश में कई प्रमुख कमेमोरेटिव कॉइंस जारी किए गए हैं। आइए कुछ पर नजर डालते हैं, 1969 में महात्मा गांधी की 100वीं जयंती के सम्मान में, स्वतंत्र भारत ने अपना पहला ₹10 का चांदी का कमेमोरेटिव कॉइन जारी किया था। भारत की आजादी के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए 1972 में ₹10 का कमेमोरेटिव कॉइन जारी किया गया था। फिर, 1990 में डॉ. बी. आर. अंबेडकर की जन्म शताब्दी के लिए ₹1 का कमेमोरेटिव कॉइन जारी किया गया था। 1997 में, भारत की आज़ादी के 50 साल पूरे होने पर एक कमेमोरेटिव कॉइन जारी किया गया था।
2015 में, भगवान जगन्नाथ के नवकलेबर उत्सव के सम्मान में ₹1000 का विशेष सिक्का जारी किया गया था। फिर 2023 में, नए संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर ₹75 का विशेष सिक्का जारी किया गया था। 2023 में भारत सरकार ने भारत की जी20 अध्यक्षता के उपलक्ष में ₹75 और ₹100 के दो विशेष सिक्के (कमेमोरेटिव कॉइन) जारी किए थे।












Click it and Unblock the Notifications