PM in USA: 9 भारतीय प्रधानमंत्री कर चुके हैं 42 बार अमेरिका की यात्रा, पढ़ें पूरी लिस्ट
PM in USA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2023 (मंगलवार) की सुबह पांच दिवसीय अमेरिका के राजकीय दौरे पर भारत से रवाना हुए थे। वह 20 जून की रात को न्यूयॉर्क पहुंचे। पीएम मोदी का अमेरिका दौरा 20 से शुरू होकर 24 जून को खत्म होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के न्योते पर पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका गये हैं। उनकी इस विजिट की खास बात यह है कि वह दूसरी बार अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम होंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला राजकीय अमेरिका दौरा होगा। हालांकि, 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी का यह आठवां अमेरिका दौरा है। वैसे क्या आपको पता है इससे पहले भारत के कितने प्रधानमंत्रियों ने कब-कब अमेरिका की यात्रा की थी?

प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू
देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने साल 1949 में 11 से 15 अक्टूबर तक पहली अमेरिकी यात्रा की थी। तब उन्होंने हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और सीनेट सदस्यों और राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमैन से मुलाकात की थी। दूसरा दौरा 1956 में 16-20 दिसंबर के बीच किया था। तब प्रधानमंत्री नेहरू ने डेढ़ दिन राष्ट्रपति ड्वाइट डी. आइजनहावर के फॉर्म हाउस पर बिताया था। इस दौरान अमेरिका ने भारत को दी जाने वाली आर्थिक मदद को बढ़ाकर हर साल $822 मिलियन कर दिया था।
प्रधानमंत्री नेहरू ने अमेरिका की तीसरी यात्रा 26 सितंबर 1960 को की थी। तब भी अमेरिका के राष्ट्रपति ड्वाइट डी. आइजनहावर थे। इस दौरान नेहरू संयुक्त राष्ट्र जनरल असेम्बली में शामिल हुए थे। चौथी बार प्रधानमंत्री नेहरू नवंबर 1961 में अमेरिका गये थे। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी थे।
प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी
प्रधानमंत्री के रूप इंदिरा गांधी पहली बार 28 मार्च से 1 अप्रैल 1966 को अमेरिका गयी थी। उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति लिंडन बी. जॉनसन थे। तब भारत में सूखा पड़ा था और प्रधानमंत्री गांधी ने अनाज के लिए अमेरिका यात्रा की थी। दूसरी बार प्रधानमंत्री गांधी ने 14 अक्टूबर 1968 को अमेरिका की यात्रा की। उस समय भी अमेरिका के राष्ट्रपति लिंडन बी. जॉनसन ही थे। तब उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की आम सभा को संबोधित किया था।
तीसरी बार 1970 में 14 से 24 अक्टूबर के बीच प्रधानमंत्री गांधी अमेरिका गयी थी। तब भी उन्होंने वहां संयुक्त राष्ट्र की आम सभा को संबोधित किया था। तब उस वक्त अमेरिका के राष्ट्रपति रिसर्च निक्सन थे। चौथी बार इंदिरा गांधी 3 से 6 नवंबर 1971 को अमेरिकी दौरे पर थीं। तब भी अमेरिका के राष्ट्रपति रिसर्च निक्सन थे।
पांचवी बार प्रधानमंत्री गांधी 27 से 31 जुलाई 1982 को अमेरिकी दौरे पर थीं। तब रोनाल्ड रीगन अमेरिका के राष्ट्रपति थे। छठीं बार प्रधानमंत्री गांधी सितंबर 1983 में अमेरिका यात्रा पर थी। इस दौरान भी रोनाल्ड रीगन अमेरिका के राष्ट्रपति थे। तब उन्होंने एकबार फिर संयुक्त राष्ट्र संघ की आम सभा को संबोधित किया था।
प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई
12 से 15 जून 1978 तक प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने अमेरिका का दौरा किया था। वह तब संयुक्त राष्ट्र सभा की आमसभा में शामिल होने के लिये गये थे। तब अमेरिका के राष्ट्रपति जिमी कार्टर थे।
प्रधानमंत्री राजीव गांधी
प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पहली बार 11 से 15 जून, 1985 को और दूसरी बार 22 से 24 अक्टूबर, 1985 को अमेरिका का दौरा किया था। तब अमेरिका के राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन थे। तीसरी बार 19 से 20 अक्टूबर 1987 में वह अमेरिका के दौरे पर थे। तब प्रधानमंत्री राजीव गांधी संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में शामिल होने पहुंचे थे। चौथी बार जून 1988 में राजीव गांधी संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में शामिल होने पहुंचे थे। तब अमेरिका के राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ही थे।
प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव
जनवरी 1992 में पी.वी. नरसिम्हा राव पहली बार अमेरिका यात्रा पर गये थे। प्रधानमंत्री राव अमेरिका, यूएन सुरक्षा परिषद की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज एच. डब्ल्यू बुश से मुलाकात की थी।
दूसरी बार 14 से 20 मई 1994 में सरकारी यात्रा पर गये थे। इस दौरान राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से उनकी मुलाकात हुई थी।
तीसरी बार अक्टूबर 1995 में अमेरिका दौरा किया। इस दौरान राव वहां संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल
प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल ने अपने कार्यकाल में एक ही बार अमेरिका दौरा किया। वह 22 सितंबर 1997 में संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। वहां उन्होंने राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की थी।
प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी
पहली बार 22 से 28 सितंबर 1998 तक प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अमेरिका का दौरा किया था। इस दौरान वह संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल हुए थे। तब उन्होंने राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की थी। दूसरी बार सितंबर 2000 में अमेरिका पहुंचे। जहां उन्होंने 106वीं कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था।
तीसरी बार प्रधानमंत्री वाजपेयी 7 से 11 नवंबर 2001 को अमेरिका दौरे पर गये। इस दौरान वह संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल होने पहुंचे थे। चौथी बार 12 सितंबर 2002 में संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल होने न्यूयार्क पहुंचे थे। इस दौरान राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से उनकी मुलाकात हुई थी। पांचवी बार 20 से 28 सितंबर, 2003 को वे अमेरिका यात्रा पर थे। जहां वह संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल हुए और उनकी मुलाकात राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से भी हुई थी।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह
21 सितंबर 2004 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पहली बार संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान जॉर्ज बुश अमेरिका के राष्ट्रपति थे। दूसरी बार 17 से 20 जुलाई 2005 में मनमोहन सिंह सरकारी यात्रा पर वाशिंगटन डीसी गये थे।
तीसरी बार 11 से 15 सितंबर 2005 को संयुक्त राष्ट्र की आमसभा में शामिल होने पहुंचे थे। चौथी बार 23 से 25 सितंबर 2008 को संयुक्त राष्ट्र के आमसभा में शामिल होने पहुंचे थे। पांचवीं बार 14 से 15 नवंबर 2008 में जी-20 के वाशिंगटन सम्मेलन में भाग लेने के लिए अमेरिका गये थे।
छठी बार 24 से 25 सितंबर, 2009 में जी-20 के पीटर्सबर्ग समिट में भाग लेने के लिए अमेरिका गये थे। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से उनकी मुलाकात हुई थी। सातवीं बार मनमोहन सिंह 21 से 26 नवंबर 2009 को वाशिंगटन, अमेरिका पहुंचे थे।
आठवीं बार 11 से 13 अप्रैल, 2010 को परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिका के वाशिंगटन डीसी पहुंचे थे। नौवीं बार 21 से 27 सितंबर, 2011 को मनमोहन सिंह वाशिंगटन डीसी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 66वें संयुक्त राष्ट्र के आमसभा को संबोधित किया। 10वीं बार 25 सितंबर से 1 अक्टूबर, 2013 तक अमेरिकी यात्रा पर रहे। इस दौरान उन्होंने 68वें संयुक्त राष्ट्र के आमसभा को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मई 2014 में देश की सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पहली अमेरिकी यात्रा 26 से 30 सितंबर 2014 के बीच की थी। अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के न्यौते पर प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका पहुंचे थे। उन्होंने वहां संयुक्त राष्ट्र संघ की बैठक में भी शिरकत की थी।
दूसरी बार 24 से 30 सितंबर 2015 के बीच अमरीका यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के 70वें आमसभा को संबोधित किया था। साथ ही सिलिकॉन वैली की यात्रा की थी। तीसरी बार 31 मार्च से 1 अप्रैल 2016 में अमेरिका की यात्रा की। जहां उन्होंने परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में भाग लिया और शिखर सम्मेलन से इतर कई देशों के नेताओं से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने चौथी बार 6 से 8 जून 2016 को अमेरिका की यात्रा की। यह बेहद खास यात्रा थी क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 8 जून 2016 को अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था।
वे पांचवी बार 25 से 26 जून, 2017 को अमेरिका दौरे पर गये। डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला अमेरिका दौरा था। छठी बार 20 से 27 सितंबर 2019 में अमेरिकी यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया था। साथ ही 22 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी टेक्सास के ह्यूस्टन में 'Howdy Modi' कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
उन्होंने सातवीं बार 22 से 25 सिंतबर 2021 को अमेरिका की यात्रा की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ 24 सितंबर को व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया। वहीं द्विपक्षीय बैठक के अलावा प्रधानमंत्री मोदी क्वाड मीटिंग में शामिल हुए थे। साथ ही बिजनेस इंटरेक्शन और संयुक्त राष्ट्र जनरल असेंबली को भी संबोधित किया था।












Click it and Unblock the Notifications