मिलिये रोहित उर्फ नन्हें बाबा रामदेव से जो जानता है 150 आसन
हरिद्वार। बाबा रामदेव को तो आप हर रोज सुबह टीवी पर योग आसन करते हुए देखते होंगे और शाम को उसका रिपीट टेलीकास्ट भी। कई योग आसन देख आप चौंक भी जाते होंगे। खैर वो तो बाबा हैं और देश में उनकी बराबरी शायद कोई नहीं कर सकता, लेकिन हां उन्हें चैलेंज जरूर कर सकता है। हम बात कर रहे हैं उस नन्हें राहित की जो बाबा को योग के मामले में आसानी से चैलेंज कर सकता है। भाई ऐसे ही थोड़े ही उसे 'नन्हा रामदेव' बुलाया जाता है।
बात तो एक दम सही है अभ्यास से कुछ भी संभव है, इस बात को साबित करता है दस साल का नन्हा रोहित। लोगों को जानकर और देखकर हैरत होती है कि रोहित 150 से अधिक आसन आसानी से कर लेता है। वह ऐसे आसन भी कर लेता है, जिसे सीखने में ही कई लोगों के पसीने छूट जाते हैं।
एक से एक कठिन आसन रोहित के लिये आसान
रोहित शिरपीड़ासन, मूढ़ गर्भासन, हस्तबद्ध शिरपादासन, शकुनि आसन, विपरीत पादांगुष्ठशीषा स्पर्शासन, कंदपीड़ ऊध्र्वनमस्कारासन, लिकारासन सहित कई बड़े ही कठिन आसन आसानी कर लेता है। ऐसा लगता है कि जैसे उसकी हड्डी रबर की हो। रोहित राजकपोत आसन, हनुमानासन, विपरीत शलभासन, मयूरासन, भीषणासन, कूर्मासन सहित 150 से अधिक आसन करता है। डींबासन और टीट्टीभासन तो उसके लिए खेल जैसा है।
रोहित जब दो साल का था, तभी से उसने अपने योग शिक्षक पिता रवीन्द्र यादव को योग और आसन करते देख स्वत:स्फूर्त योग करना शुरू कर दिया था। रवीन्द्र यादव गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में स्वयंसेवी कार्यकर्ता हैं। शांतिकुंज स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय का वातावरण और योग विभाग का सहयोग रोहित की प्रगति का कारण है।
मूलत: बिहार के शेखपुरा जिले के निवासी रविन्द्र यादव गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में सन 1987 से सेवा दे रहे हैं। वह कहते हैं कि रोहित को योग के प्रति बचपन से ही लगाव था। जिस योगासन को करने में खुद उन्हें परेशानी होती थी, उसे वह सहजता से कर लेता था। उसकी लगन देखकर उसे विधिवत प्रशिक्षण देना शुरू किया और धीरे-धीरे वह योग में पारंगत होता चला गया।
रोहित की कुछ तस्वीरें और उसके जीवन से जुड़ीं कुछ बातें देखें स्लाइडर में।

2004 में हुआ जन्म
30 सितम्बर, 2004 में जन्मा रोहित अभी तक कई राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में भाग ले चुका है और कई पदक भी अपने नाम कर चुका है।

पढ़ाई में भी अव्वल रोहित
रोहित योग में ही नहीं, पढ़ाई में भी अव्वल है। गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज के कक्षा पांचवी का छात्र है।

ताइक्वांडो मास्टर भी
रोहित उत्तराखंड के राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी कई पदक प्राप्त कर चुका है।

नि:शुल्क प्रशिक्षण भी देता है
वह नित्य योगासन में ढाई घंटा का समय लगाता है। कुछ हमउम्र बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण भी देता है।

दो साल की उम्र से योगा
रोहित जब दो साल का था, तभी से उसने अपने योग शिक्षक पिता रवीन्द्र यादव को योग और आसन करते देख स्वत:स्फूर्त योग करना शुरू कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications