Sri Lanka Fire Tragedy: वृद्धाश्रम में लगी भीषण आग, 12 बुजुर्गों की तड़प-तड़प कर मौत, कैसे हुआ हादसा?
Sri Lanka Fire Tragedy: श्रीलंका के कलुतारा जिले में स्थित एक वृद्धाश्रम में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस आग में 12 बुजुर्गों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने गुरुवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा कलुतारा जिले के अंगुरुवटोका इलाके में स्थित 'मावपिया सेवना' वृद्धाश्रम में हुआ।
शाम करीब 5:30 बजे लगी आग
पुलिस के अनुसार, आग बुधवार शाम लगभग 5:30 बजे लगी थी। उस समय निजी तौर पर संचालित इस वृद्धाश्रम में 70 से अधिक बुजुर्ग निवासी मौजूद थे। आग लगने के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

10 लोगों की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद 10 लोगों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है। वहीं, सात घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
51 निवासियों को सुरक्षित बचाया गया
राहत और बचाव अभियान के दौरान अधिकारियों ने 51 बुजुर्ग निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की भयावहता को देखते हुए यह अभियान काफी मुश्किल रहा। मौके पर मौजूद बचाव दल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई लोगों की जान बचाई।
वृद्धाश्रम की बिल्डिंग भी तहस-नहस
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, वृद्धाश्रम की इमारत को आग से भारी नुकसान पहुंचा है। भवन के कई हिस्से बुरी तरह जल गए और अंदर रखा फर्नीचर के साथ-साथ तमाम जरूरी चीजें और इक्विपमेंट्स बिखरे हुए दिखाई दिए। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
फायर डिपार्टमेंट और स्थानीय लोगों ने मिलकर संभाला मोर्चा
आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अग्निशमनकर्मियों, पुलिस अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने मिलकर काम किया। कई घंटों की मेहनत के बाद आग को काबू किया गया। बचाव दल ने प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता भी मुहैया कराई।
मालिक और निदेशक गिरफ्तार
हादसे के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वृद्धाश्रम के मालिक और निदेशक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें लापरवाही से हुई मौतों के संदेह में हिरासत में लिया गया है। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
घटना के बाद न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आग आखिर कैसे लगी और इतनी तेजी से कैसे फैल गई। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
गैस सिलेंडर विस्फोट की चर्चा
हादसे के बाद कुछ शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया कि आग फैलने के पीछे गैस सिलेंडर फटने की घटना हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
हादसे ने उठाए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
इस दुखद घटना ने वृद्धाश्रमों और अन्य देखभाल केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल श्रीलंकाई प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में इस तरह की त्रासदी दोबारा न हो।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications