IPL के वो रोमांचक मैच जहां खिलाड़ी ही भिड़ गये एक-दूसरे से
आईपीएल में लगभग हर साल खिलाड़ियों के बीच कोई न कोई विवाद खड़ा हो जाता है। आइये जानते हैं ऐसे ही कुछ चर्चित विवादों के बारे में।

हरभजन सिंह और श्रीसंत (2008)
हरभजन और श्रीसंत के बीच विवाद मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच एक मैच के दौरान हुआ। उस मैच में किंग्स इलेवन के लिए खेल रहे श्रीसंत ने मुंबई इंडियंस के कप्तान सचिन तेंदुलकर का विकेट लेने के बाद आक्रामक रूप से जश्न मनाया। हरभजन नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े थे और श्रीसंत के व्यवहार से नाराज हो गये। देखते ही देखते दोनों में आपस में बहस हो गयी। रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच के बाद जब खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे तो हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ तक जड़ दिया था।
शेन वॉर्न और सौरव गांगुली (2008)
शेन वॉर्न और सौरव गांगुली के बीच विवाद 2008 में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के दौरान हुआ था। शेन वॉर्न राजस्थान रॉयल्स के कप्तान थे। मैच के दौरान सौरव गांगुली ने बल्लेबाजी करते हुए एक शॉट मारा और सिंगल लेने दौड़ पड़े। इसी बीच जब गांगुली अपनी क्रीज तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे तो वॉर्न उनके रास्ते में खड़े हो गये। बस इसी बात पर गांगुली को गुस्सा आ गया और उन्होंने वॉर्न को धक्का दे दिया।
अमित मिश्रा और मुनाफ पटेल (2011)
अमित मिश्रा और मुनाफ पटेल का 2011 के आईपीएल के डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के एक मैच में विवाद हो गया था। इस मैच में अमित मिश्रा और मुनाफ पटेल की तू-तू मैं-मैं हो गयी और मामले की गंभीरता को देखते हुए अंपायर को बीचबचाव करना पड़ा। लड़ाई का कारण यह था कि अमित मिश्रा ने मुनाफ पटेल की गेंदों पर लगातार दो बाउंड्री मार दी। यह मुनाफ पटेल को बिलकुल पसंद नहीं आया।
विराट कोहली और गौतम गंभीर (2013)
विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच लड़ाई रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पारी के 10वें ओवर के दौरान हुई। तब कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे और गौतम गंभीर मिडऑफ पर फील्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान कोहली एक शॉट के बाद गंभीर के साथ कुछ बात करते दिखाई दिये। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों टीमों के खिलाड़ी बीचबचाव के लिए दौड़ पड़े।
किरॉन पोलार्ड और शेन वॉटसन (2013)
2013 में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक आईपीएल मैच के दौरान किरॉन पोलार्ड और शेन वॉटसन के बीच गर्मा-गर्मी हो गयी। यह घटना मुंबई इंडियंस की पारी के 14वें ओवर में हुई थी। उस दौरान पोलार्ड ने वॉटसन की गेंद पर बाउंड्री और फिर छक्का जड़ दिया। बस इसी बात पर दोनों खिलाड़ियों में तीखी नोकझोंक हो गयी।
मिशेल स्टार्क और किरॉन पोलार्ड (2014)
साल 2014 के आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे मिशेल स्टार्क ने मुंबई इंडियंस के किरॉन पोलार्ड पर बाउंसर फेंका था। बाउंसर के जवाब में पोलार्ड ने अपना बल्ला स्टार्क की तरफ फेंक दिया। पोलार्ड को तुरंत अंपायर ने फटकार लगाई और उन्हें आधिकारिक चेतावनी दी गयी। हालांकि, घटना यहीं खत्म नहीं हुई। ओवर समाप्त होने के बाद पोलार्ड और स्टार्क के बीच तीखी नोकझोंक हुई और अंपायरों को दोनों खिलाड़ियों को अलग करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
मिशेल जॉनसन और किरॉन पोलार्ड (2016)
2016 के आईपीएल में मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के बीच एक मैच के दौरान किरॉन पोलार्ड और मिशेल जॉनसन के बीच भिडंत हो गयी। लड़ाई तब शुरू हुई जब पोलार्ड ने जॉनसन की गेंद पर एक बाउंड्री मारी और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के डगआउट की ओर इशारा किया। फिर अचानक से दोनों खिलाड़ियों के बीच गर्मागर्मी बढ़ गयी और हाथापाई तक की नौबत आ गयी।
हरभजन सिंह और अंबाती रायडू (2016)
2016 में मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के एक मैच में मुंबई इंडियंस के ही दो खिलाडियों हरभजन सिंह और अंबाती रायडू के बीच कहासुनी हो गयी। इसके पीछे कारण यह था कि 11वां ओवर हरभजन सिंह डाल रहे थे और अंबाती रायडू बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे थे। तभी राइजिंग पुणे सुपरजायंट के एक खिलाड़ी ने बाउंड्री पर शॉट मारा जिसे अंबाती रोकने में नाकाम रहे। अंबाती की इस गलती की वजह से हरभजन को गुस्सा आ गया और दोनों खिलाड़ियों में कहासुनी हो गयी।
प्रसिद्ध कृष्ण और किरॉन पोलार्ड (2021)
2021 के आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रसिद्ध कृष्ण और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज किरॉन पोलार्ड की मैच के दौरान काफी गर्मागर्मी हो गई। यह घटना मुंबई की पारी के 15वें ओवर में हुई। कृष्ण ने तेज गेंद फेंकी जिसे पोलार्ड ने डिफेंड किया। इसके बाद कृष्ण ने गेंद पोलार्ड की ओर फिर से फेंकने की एक्टिंग की। कृष्णा की इस एक्टिंग से पोलार्ड को गुस्सा आ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पोलार्ड ने कृष्ण को गुस्से में कुछ अपशब्द भी कहे।












Click it and Unblock the Notifications