Interview: सचिन पायलट बोले कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं

पायलट ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन कोई गुटबाजी नहीं है। पार्टी का सिर्फ एक गुट है-वह सोनिया गांधी हैं। मुझे राज्य में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से समर्थन मिल रहा है।"
36 वर्षीय पायलट ने कहा कि उनका पहला मकसद पार्टी को जमीनी स्तर से मजबूत बनाना है। इस तक पहुंचने के लिए वह पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और अन्य लोगों के साथ व्यस्त हैं। उन्होंने कहा, "अब हम नगरनिगम, पंचायत चुनाव और चार विधानसभा के उपचुनाव के लिए तैयार हैं।"
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी सभी चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
पायलट ने कहा, "हमें विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हार मिली और यह मेरी जिम्मेदारी है कि पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा रहे और हम पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ें।"
कांग्रेस को राजस्थान विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था और 200 में से इसे सिर्फ 21 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 163 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। पार्टी लोकसभा चुनाव में राज्य की एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई है।
राज्य के सूरजगढ़, वीर, नसीराबाद और कोटा-दक्षिण में 13 सितंबर को उपचुनाव होंगे। पायलट ने कहा, "वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत के बाद हम इन सीटों से जीतने योग्य उम्मीदवारों को खड़ा करेंगे।"
स्थानीय निकाय के चुनाव अक्टूबर और दिसंबर में जबकि पंचायत चुनाव जल्द कराए जाएंगे।
राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार को फटकारते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में हर चीज सार्वजनिक-निजी साझेदारी में बदलती जा रही है।
उन्होंने मीडिया की उस खबर का भी खंडन किया, जिसमें एक सीट से उनके लड़ने की बात कही जा रही थी। पायलट ने कहा, "मेरा मकसद है कि पार्टी इन सभी चुनावों में पूरे जोश के साथ लड़े।"
पायलट ने कहा, "हमने मुफ्त दवाई की योजना शुरू की थी, जिसकी हर किसी ने प्रशंसा की। अब मुझे पता चला है कि लोगों को मुफ्त दवाई नहीं मिल रही है। सड़के सार्वजनिक-निजी साझेदारी से बन रही हैं, रोडवेड भी ऐसे ही चल रही है। ऐसा लग रहा है कि राज्य सरकार हर चीज का निजीकरण कर अपनी जिम्मेदारियों से बचना चाहती है।"
इस बीच, उन्होंने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह महंगाई पर लगाम लगाने में नाकाम रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications