Hit and Drag Cases: वाहनों से लोगों को घसीटने के मामले तेजी से बढ़े, एक साल में 20 बड़ी घटनाएं आई सामने
पिछले लगभग एक साल में ‘हिट एंड ड्रैग’ के दर्जनों मामले सामने आए हैं, जिसमें वाहन चालक टक्कर मारने के बाद घायलों को कई किलोमीटर तक जानबूझकर घसीटते ले गए।

Hit and Drag Cases: हाल ही में दिल्ली में एक और चौंका देने वाली घटना सामने आई है जो लगभग वैसी ही है जैसी कुछ महीनों पहले दिल्ली के सुल्तानपुरी में घटी थी। दरअसल, नयी दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग पर एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 चालक ने बाइक पर जा रहे दो युवाओं को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से बाइक चला रहे मुकुल वर्मा घायल होकर गिर गए जबकि पीछे बैठे दिपांशु वर्मा उछलकर एसयूवी की छत पर गिर पड़े। मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद रुकने के बजाय एसयूवी ड्राइवर ने अपनी गाड़ी तेजी से भगा ली और घायल दिपांशु को गाड़ी पर लगभग तीन किलोमीटर तक घसीटा। उसके बाद घायल को गिराकर अपनी एसयूवी भगा कर ले गया, जबकि कई लोगों ने उसे टक्कर के बाद गाड़ी रोकने के लिए कहा। आरोपी चालक की पहचान हरनीत सिंह चावला के रूप में की गयी और उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह दर्दनाक घटना देश की राजधानी दिल्ली के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके में घटित हुई। इससे पहले दिल्ली सहित कई शहरों में भी ऐसे मामले सामने आये हैं और लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि, अभीतक इसके मनोवैज्ञानिक अथवा अपराधिक कारणों की डिटेल्स सामने नहीं आई है। मगर सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में यह भी एक बड़ा मुद्दा बनता नजर आ रहा है।
'हिट एंड ड्रैग' और एनसीआरबी
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) हर वर्ष देश में आपराधिक मामलों के आंकड़े और जानकारियां प्रकाशित करता है। मगर एनसीआरबी की सालाना रिपोर्ट्स में अभी 'हिट एंड ड्रैग' के मामलों को शामिल नहीं किया गया है। हालांकि रिपोर्ट में हिट एंड रन से जुड़े मामलों का जरुर प्रकाशन किया जाता है। जैसे 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में सड़क दुर्घटनाओं में 1.2 लाख मौतें दर्ज की गयी, जबकि 2019 में यह आंकड़ा 1.36 लाख और 2018 में 1.35 लाख का था। एनसीआरबी की रिपोर्ट से पता चलता है कि देश ने 2018 से 2020 तक 'हिट एंड रन' के 1.35 लाख मामले दर्ज किए थे, यानी प्रतिदिन लगभग 123 मामले।
बीते एक साल में हिट एंड ड्रैग के मामले
● 30 अप्रैल 2023 को दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसने एक टैक्सी ड्राइवर से किसी बात पर बहस के बाद उसे अपनी गाडी के बोनट पर लगभग दो किलोमीटर तक घसीटा। यह घटना रात 11 बजे दिल्ली के आश्रम चौक से निजामुद्दीन दरगाह के बीच घटित हुई।
● अप्रैल 2023 में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नशे की हालत में दो लोगों ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद दोनों लोगों ने एक कार चालक और एक महिला को पीट दिया। पुलिस ने कहा है कि आरोपी कार चालक घायलों को लगभग 5 किमी तक अपनी कार के बोनट पर घसीटते रहे। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
● पिछले ही महीने नवी मुंबई में एक 22 साल के युवक ने गांजे के नशे में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपनी कार के शीशे पर करीब 12 किलोमीटर तक घसीटा। पुलिसकर्मी ने उस युवक की कार को रोकने की कोशिश की थी। इस घटना का एक वीडियो भी बहुत वायरल हुआ था और वीडियो में पुलिसकर्मी को गाड़ी की विंडशील्ड से चिपका हुआ देखा जा सकता था।
● नवी मुंबई जैसी एक घटना पंजाब के लुधियाना में भी 13 अप्रैल 2023 को घटी। दरअसल हुआ यह था कि पंजाब ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने एक वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन रोका नहीं और पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर करीब एक किलोमीटर तक घसीटता रहा। पुलिस ने बताया कि कुछ दूर जाकर पुलिसकर्मी गाड़ी से कूद गया और वाहन चालक वहां से भाग निकला।
● अप्रैल 2023 में पुणे में एक वाहन चालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और उन्हें कार के बोनट पर लगभग 30-50 मीटर तक घसीटा। पुलिसकर्मी ने वाहन को रोकने की कोशिश की तो वह घायल हो गए। पुलिसकर्मी ने वाहन चालक को गाड़ी रोकने के लिए इसलिए कहा क्योंकि उसकी गाड़ी पर काले शीशे थे।
● मार्च 2023 में मध्य प्रदेश के धार जिले के में एक 20 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। मरने वाला युवक बाइक पर सवार था और उसे एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मारी थी। गौरतलब है कि मृतक युवक को बोलेरो गाड़ी के टायर के नीचे करीब 7-8 किलोमीटर तक घसीटा गया। घटना के बाद एसयूवी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी कार में अवैध शराब की तस्करी कर रहा था।
● मार्च 2023 में गुरुग्राम में एनएच-48 पर एक तेज रफ्तार कार चालक ने ट्रक चालक, आलम को टक्कर मारकर लगभग 300 मीटर तक घसीटा। आलम उस दौरान एक ढाबे पर अपने ट्रक पार्क करने के बाद हाइवे पर चल रहा था, तब ही एक तेज रफ्तार एसयूवी ने आलम को पीछे से टक्कर मार दी और वह कार के नीचे फंस गया। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने कार का पीछा किया, जिसके बाद चालक ने 200 मीटर से अधिक दूरी पर गाड़ी रोक ली।
● मार्च 2023 में पुणे में एक ट्रैफिक कांस्टेबल को एक वाहन चालक ने गाड़ी के बोनट पर लगभग 50 मीटर तक घसीटा। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वाहन चालक को यातायात नियमों का उल्लंघन करने के लिए रोका था लेकिन वह रुका नहीं और ट्रैफिक पुलिसकर्मी को 50 मीटर तक घसीटता ले गया।
● फरवरी 2023 में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक एसयूवी ने एक ई-रिक्शा को इतनी बुरी टक्कर मारी कि ई-रिक्शा ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद एसयूवी चालक ने रिक्शा ड्राइवर को सड़क पर 150 मीटर तक घसीटा। टक्कर मारने और घसीटने के बाद एसयूवी चालक फरार हो गया।
● फरवरी 2023 में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक कार जिसमें तीन लोग सवार थे। उन्होंने एक पुलिसकर्मी को टक्कर मारने के बाद उन्हें लगभग दो किलोमीटर तक घसीटा। पुलिसकर्मी रूटीन चेकअप पर गाड़ियों की तलाशी ले रहे थे। पुलिसकर्मी ने जब तीन युवकों वाली गाड़ी को रोकने की कोशिश की तब उन्होंने गाड़ी रोकी नहीं बल्कि पुलिस वाले को टक्कर मारकर उन्हें घसीट लिया। पुलिस ने तीन युवकों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है।
● जनवरी 2023 में पंजाब के मोगा में एक कार चालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वाहन चालक को नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन रोकने के लिए कहा। लेकिन वाहन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और पुलिस कर्मी को टक्कर मार दी। पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी के बोनट पर चढ़ गया। हालांकि इस घटना में पुलिसकर्मी को चोट नहीं लगी।
● नए साल के पहले दिन नोएडा में एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक फूड डिलीवरी एजेंट की मौत हो गई। कार चालक ने फूड डिलीवरी एजेंट को टक्कर मारने के बाद उसे लगभग एक किलोमीटर तक घसीटा। यह घटना रात करीब 1 बजे हुई। डिलीवरी एजेंट को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
● जनवरी 2023 में उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक 15 वर्षीय स्कूली छात्र को एक कार ने टक्कर मार दी। कार से टकराने के बाद उस छात्र का पैर गाड़ी के पिछले हिस्से में फंस गया, जिसकी वजह से वह छात्र कार के पीछे लगभग 1 किलोमीटर तक घिसटा चला गया।
● जनवरी 2023 में दिल्ली में एक कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी और स्कूटर चालक गाड़ी के बोनट पर जा गिरा। कार चालक ने स्कूटर चालक को कार के ऊपर करीब 350 मीटर तक घसीटा। एक और व्यक्ति जो स्कूटर पर पीछे बैठा था, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
● नए साल की सुबह दिल्ली के सुल्तानपुरी में एक कार में सवार युवकों ने 20 वर्षीय युवती को अपनी गाड़ी के पहियों के नीचे बहुत देर तक घसीटा। खबरों के मुताबिक, युवती का नाम अंजली था और उसे लगभग चार किलोमीटर तक घसीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। कार में शराब के नशे में पांच युवक सवार थे।
● दिसंबर 2022 में मध्य प्रदेश के इंदौर में एक व्यक्ति ने एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को लगभग चार किलोमीटर तक अपनी कार के बोनट पर घसीटा। दरअसल, चालान भरने के लिए कहने पर वाहन चालक ने पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की। पुलिसकर्मी ने गाड़ी चलाते समय फोन पर बात करने के लिए उस व्यक्ति को रोका था।
● अक्टूबर 2022 में गुरुग्राम में एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी, हरप्रीत को लगभग 50 मीटर तक घसीटा गया। हरप्रीत को एक एसयूवी ने टक्कर मारी जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हरप्रीत वाहनों की चेकिंग कर रहे थे तब ही उन्होंने एक टिंटेड शीशों वाली एसयूवी देख गाड़ी साइड में लगाने का इशारा किया लेकिन एसयूवी चालक ने हरप्रीत को टक्कर मार दी और उन्हें घसीट लिया।
● सितंबर 2022 में दिल्ली के करोल बाग में एक एसयूवी ने कई सारी खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। एसयूवी ने एक दो पहिया वाहन को भी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एसयूवी चालक ने 19 वर्षीय युवक को लगभग 100 मीटर तक घसीटा। टक्कर और घसीटने की वजह से बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
● मार्च 2022 में दिल्ली की अमर कॉलोनी में एक महिला को पहले दो लोगों ने पीटा और फिर अपनी कार से घसीटा भी। रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित महिला ने दो ड्राइवरों के बीच चल रही बहस और गर्मा-गर्मी को रोकने की कोशिश की थी लेकिन आरोपियों को यह बात पसंद नहीं आई और उन्होंने उस महिला को अपनी गाड़ी के साथ घसीट दिया।
Recommended Video

● फरवरी 2022 में दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में एक पूर्व आईएएस अधिकारी के बेटे द्वारा चलाई जा रही गाड़ी ने एक 37 वर्षीय व्यवसायी को टक्कर मार दी। टक्कर मरने के बाद युवक ने उस व्यवसायी को लगभग 200 मीटर तक घसीटा। व्यवसायी को बहुत गंभीर चोटें आई थी। बाद में दिल्ली पुलिस ने युवक गिरफ्तार कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications