High-Tech Weddings: टेक्नोलॉजी के युग में शादियां, बारात, विदाई, रजिस्ट्रेशन सब ऑटोमैटिक
High-Tech Weddings: यह टेक्नोलॉजी का जमाना है, जीवन के हर क्षेत्र में तकनीक हावी है। फिर भला शादियां कैसे अछूती रहतीं। अब बारात, विदाई और रजिस्ट्रेशन किसी भी काम में आदमी से ज्यादा तकनीक का उपयोग हो रहा है। हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात ने कोर्ट मैरीज करने वाले या शादी का रजिस्ट्रेशन कराने वाले को अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा दे दी है। वहां शादी करने वालों को कैमरे पर ही हां कह देना है, तुरंत विवाह का प्रमाण पत्र मिल जाएगा। दोनों पक्षों के डिजिटल हस्ताक्षर कानूनी रूप से बाध्यकारी होंगे।
दुबई में गिटेक्स ग्लोबल 2023 में अबू धाबी न्यायिक विभाग ने बकायदा विवाह के लिए एक वीडियो कांफ्रेंसिंग सॉफ्टवेयर का प्रदर्शन किया है। इस सेवा के जरिए इलेक्ट्रॉनिक रूप से ही विवाह अनुबंध के लिए आवेदन किया जा सकता है। अब जोड़े विवाह अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के लिए अपॉइंटमेंट की बुकिंग वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ही कर सकेंगे। विवाह अनुबंध दस्तावेज़ भी इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्राप्त हो जाएगा।

बिना आए ही शादी में शामिल हो सकते हैं मेहमान
शादियों में मेहमान का आना घर में रौनक बढ़ाने का एक बड़ा माध्यम होता था। पर टेक्नोलॉजी का उपयोग दूर बैठे मेहमानों को भी पास की अनुभूति प्रदान कर देता है। बस इंस्टाग्राम पर एक कस्टम वेडिंग हैशटैग बनाइए और मेहमानों के फोन से जोड़ कर अपने फ़ोन को चालू रखिए। फिर मेहमान पूरी रात तस्वीरें और वीडियो लेते रहेंगे और साथ होने का अहसास भी रखेंगे।
क्या पहनें, यह भी तकनीक ही तय कर सकता है
अपनी शादी के दिन कैसा दिखना है, परिधान क्या हो और रंग कौन सा खिलेगा, ये सब तकनीक तय कर सकता है। 3 डी इमेजिंग और प्रिंटर से आप अपने स्टाइल और लुक के कई ऑप्शन प्राप्त कर सकते हैं। अपने उतार-चढ़ाव के हिसाब से परिधान बनाने के लिए किसी एक्सपर्ट कलाकार के पास जाने के बजाय फिटनेस ट्रैकर के माध्यम से भी अपने लिए बेस्ट परिधान चुन सकते हैं। यही नहीं वेडिंग सेट भी मूड और यादगार क्षणों के बेस पर बनाए जा रहे हैं। उसमें भी सिग्नेचर स्टाइल के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। शादी की अंगूठी में वर वधु की तस्वीरें या कोई मनपसंद प्रतीक चिन्ह तकनीक के जरिये आसानी से उकेरे जा सकते हैं।
फ़ोटो और वीडियो के लिए वेडिंग ड्रोन
आजकल हर शादी की पार्टी में आप अपने ऊपर मंडराते फोटोग्राफी ड्रोन देख सकते हैं। इस तकनीक के कारण ही कुछ फ़ोटोग्राफ और वीडियो शूट इतने शार्प और एंगल के होते हैं, जिन्हें किसी कैमरामैन को फिल्माना बहुत कठिन हो सकता है। हवाई फ़ुटेज के साथ वेडिंग फ़िल्म्स का निर्माण छवि और माहौल को अविस्मरणीय बना देते हैं।
गो प्रो ब्राइडल गुलदस्ता
वर वधु के मिलन से पहले रिश्तेदारों और खास दोस्तों के साथ गलियारे में धीमे धीमे पांव बढ़ाना शादी के दिन के यादगार पलों में से एक है। पर पलों को कैद करना किसी फोटोग्राफर के लिए मशक्कत का काम है। इस काम में अब टेक्नोलॉजी ने कमाल कर दिया है। अब दुल्हन के चलने के रास्ते में लगे गुलदस्तें में एक छोटे कैमरे, जिसे गो प्रो (GoPro) कहते हैं , के जरिए प्रवेश द्वार से लेकर स्टेज तक की रिकॉर्डिंग की जा सकती है। इस कैमरे से अपने मेहमानों की चुहलबाजियों से लेकर विदाई के समय माता-पिता के भावुक क्षणों को भी कैद कर सकते हैं।
रोबोट से शादी की लाइव-स्ट्रीम
पूरी शादी को लाइव कैप्चर करने के लिए रोबोट का भी उपयोग हो रहा है। इसमें पूरी रात लाइव-स्ट्रीम कैमरा चलाने के लिए किसी व्यक्ति को नियुक्त करने की आवश्यकता नहीं है। आजकल आईपैड वाला जीवंत रोबोट इस काम को बखूबी कर रहा है। रोबोट का इस्तेमाल केवल तस्वीरें या वीडियो बनाने में ही नहीं हो रहा है, बल्कि शादियों की पार्टी में बने बार जोन को भी रोबोट ही संभाल रहे हैं।
वेडिंग डिश में 3-डी प्रिंटिंग
वेडिंग डिश में 3-डी प्रिंटिंग का चलन काफी काफी जोर पकड़ चुका है। वेडिंग केक को आधुनिक लुक देने के लिए अद्भुत 3-डी मुद्रित आकृतियाँ बनाई जा रही हैं। वर-वधु के जोड़े की तस्वीरें और उनके नाम के केक को संभव 3 डी तकनीक ने ही बनाया है है। कैंडी बार और द शुगर लैब जैसी कंपनियां इस क्षेत्र में महारत हासिल कर चुकी हैं। यही नहीं 3-डी प्रिंटिंग के स्टाल आजकल रिसेप्शन पर भी लगते हैं, ताकि शादी के उपहार में भी मनपसंद आकृतियां बनवाई जा सके। भला शादी को यादगार बनाने का इससे बेहतर माध्यम क्या हो सकता है। आपके उपहार मेहमान कभी भूलेंगे नहीं ।
रिसेप्शन डांस फ्लोर पर क्राउडसोर्सिंग
शादी की सभी शानदार तस्वीरें आप अपने डांस फ्लोर पर लाइव प्रक्षेपित करवा सकते हैं! यह एक मज़ेदार, इंटरैक्टिव सत्र में बदल सकता है। इसमें मेहमान अपने गाने का अनुरोध डीजे वाले से कर सकते हैं और बैकग्राउंड में मनपसंद वीडियो भी चला सकते हैं। क्राउडसोर्सिंग के जरिए दूर बैठे रिश्तेदार भी डांस में शामिल सकते हैं और आनंद ले सकते हैं।
चालक रहित कार के साथ विदाई
कई देशों में वेडिंग प्लानर उन गाड़ियों का परीक्षण कर रहे हैं, जिसमें दूल्हा और दुल्हन के अलावा कोई न हो और विदाई एक फेयरी टेल की तरह हो। इस तरह की चालक रहित कारें शादी के बाद विदाई समारोह को यादगार बनाने के लिए अगला बड़ा तोहफा होगा।












Click it and Unblock the Notifications