Elon Musk: एक्स पर यहूदी विरोधी कैंपेन एलन मस्क को पड़ा भारी

Elon Musk: गाज़ा का युद्ध एक्स यानि ट्विटर पर भी लड़ा जा रहा है। इजरायल के समर्थन और विरोध की लड़ाई में अब एक्स और उसके मालिक एलन मस्क भी किरदार बन गए हैं। नतीजा एक्स की आय और मस्क की छवि के नुकसान के रूप में सामने आया है। एक्स यानि ट्विटर के प्लेटफार्म से विश्व की बड़ी कंपनियों ने अपने विज्ञापन हटा लिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस ने यहूदी विरोधी भावना फ़ैलाने के लिए एलन मस्क की निंदा की है।

मस्क को लाखों डॉलर का नुकसान

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक्स से आईबीएम के हटने के बाद अब एप्पल, डिज्नी, कॉमकास्ट, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी और पैरामाउंट ने भी इस प्लेटफार्म पर अपने विज्ञापन रोक दिए हैं। यूरोपीय यूनियन और मूवी स्टूडियो लायंसगेट ने मंच से अपने विज्ञापन खींच लिए हैं। ये सभी कंपनियां लाखों डालर विज्ञापन के रूप में एक्स यानि ट्विटर पर खर्च करती हैं। आईबीएम ने एक्स पर से अपने विज्ञापन को यह कहते हुए हटाया कि उन्हें यह बात पूरी तरह से अस्वीकार्य है कि उनकी सामग्री एडॉल्फ हिटलर और नाज़ीवाद की प्रशंसा करने वाले पोस्ट के बगल में दिखाई दे। उल्लेखनीय है कि अभी कुछ ही दिन पहले एक मीडिया निगरानी संस्था ने एक्स पर नाजी समर्थक पोस्टों के बगल में इन विज्ञापनों को लगाने की बात उजागर की थी।

Elon Musk: Anti-Semitic campaign on X cost Elon Musk heavily

क्या यहूदी विरोधी हैं मस्क

एलन मस्क ने स्वयं इस सप्ताह की शुरुआत में यहूदी विरोधी साजिश के सिद्धांत को साझा करने वाले एक पोस्ट का जवाब देते हुए इसे "वास्तविक सत्य" कहा था। यह टिप्पणी एक एक्स उपयोगकर्ता की उस पोस्ट के जवाब में आई, जिसमें यह दावा किया गया था कि गोरे लोगों के खिलाफ यहूदी बिल्कुल उसी प्रकार की द्वंद्वात्मक नफरत को बढ़ावा दे रहे हैं जैसी नफरत वे अपने खिलाफ होने का दावा करते रहे हैं और इसका इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए।

मस्क ने एंटी-डिफेमेशन लीग की भी आलोचना की, जो यहूदी लोगों के खिलाफ नफरत का मुकाबला करने के लिए काम करता है। मस्क ने ट्वीट किया, "पश्चिम के बहुसंख्यक लोग यहूदी लोगों और इजराइल का समर्थन करते हैं, इसके बावजूद एडीएल पश्चिम के बहुसंख्यक लोगों पर अन्यायपूर्ण हमला करता है।" यह टिप्पणी इज़राइल-हमास युद्ध के कारण बढ़े तनाव के बीच आई है, जिसके कारण कथित यहूदी विरोधी और मुस्लिम विरोधी घटनाओं को लेकर अमेरिकी कॉलेज परिसरों में संघर्ष हो रहा है ।

इस बीच, एडीएल ने एक आंकड़ा जारी कर यह दावा किया है कि जब से हमास आतंकवादियों ने अक्टूबर में इज़राइल पर हमला किया और जवाब में गाजा में इजरायल ने हमले किए, तब से पूरे अमेरिका में यहूदी विरोधी घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। मस्क की टिप्पणी के जवाब में, एडीएल के सीईओ जोनाथन ग्रीनब्लाट ने एक्स पर लिखा था "ऐसे समय में जब अमेरिका में यहूदी विरोधी भावना फूट रही है और दुनिया भर में बढ़ रही है, तब यहूदी विरोधी सिद्धांतों को मान्यता देने और उसे बढ़ावा देने के लिए किसी के प्रभाव का उपयोग निर्विवाद रूप से खतरनाक है।"

व्हाइट हाउस की कड़ी प्रतिक्रिया

व्हाइट हाउस ने अपने मंच पर "घृणित" यहूदी विरोधी साजिश सिद्धांत को बढ़ावा देने के लिए दुनिया के सबसे अमीर आदमी और सोशल मीडिया साइट एक्स जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, के मालिक एलन मस्क की निंदा की है। 17 नवंबर को व्हाइट हाउस के प्रवक्ता एंड्रयू बेट्स ने यहूदी विरोधी ट्वीट को "वास्तविक सच्चाई" बताने के लिए मस्क की आलोचना की और कहा कि हम यहूदी विरोधी और नस्लवादी घृणा के इस घृणित प्रचार की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं, जो अमेरिकियों के रूप में हमारे मूल मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने यह भी कहा कि साजिश का यह सिद्धांत कि यहूदी आप्रवासन और शरणार्थियों के पुनर्वास के माध्यम से इस "प्रतिस्थापन" को सुविधाजनक बनाने के लिए जिम्मेदार हैं, के कारण ही एक अमेरिकी ने अक्टूबर 2018 में पिट्सबर्ग शहर में एक आराधनालय पर हमला किया और 11 उपासकों की हत्या कर दी। वह हमला अमेरिकी इतिहास का सबसे घातक यहूदी-विरोधी हमला था। बेट्स ने कहा कि उस घातक कृत्य के पीछे के घृणित झूठ को दोहराना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यह पहली बार नहीं है कि मस्क ने आप्रवासन के बारे में इस तरह की बयानबाजी की है।

यहूदी और इस्लाम विरोधी कंटेंट की बाढ़

7 अक्टूबर को हमास द्वारा इज़रायल पर हमला करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर यहूदी और इस्लाम विरोधी कंटेंट की बाढ़ आ गयी है। पहले दिन ही हैशटैग #HitlerWasRight एक्स पर जब आया तो इसी हैशटैग से 46,000 से अधिक पोस्ट एक्स पर किये गए। जिसमें यहूदियों के खिलाफ हिंसा का भी आह्वान किया गया था। द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, हैशटैग #DeathtoMuslims भी एक्स पर हजारों बार साझा किया गया।

सोशल मीडिया पर नजर रखने वाले शोधकर्ताओं का कहना है कि एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर लाखों हिंसक पोस्ट डाले गए। लंदन स्थित राजनीतिक वकालत समूह, इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक डायलॉग ने भी कहा है कि एक्स पर मुस्लिम विरोधी घृणा फ़ैलाने वाला पोस्ट 7 अक्टूबर और 8 अक्टूबर को 422 प्रतिशत बढ़ गया था और अगले पांच दिनों में 297 प्रतिशत बढ़ गया।

हेट स्पीच और उग्रवाद पर नज़र रखने वाली एक गैर-लाभकारी संस्था ग्लोबल प्रोजेक्ट अगेंस्ट हेट एंड एक्सट्रीमिज्म के अनुसार, 4chan, गैब और बिटच्यूट जैसे सीमांत प्लेटफार्मों पर भी 7 अक्टूबर के बाद 48 घंटों में यहूदी विरोधी और इस्लामोफोबिक सामग्री लगभग 500 प्रतिशत बढ़ गई। चीन में भी सामाजिक प्लेटफार्मों पर यहूदी विरोधी पोस्ट व्यापक रूप से साझा किए गए हैं। द टाइम्स के अनुसार रूस, इराक और ईरान ने युद्ध के बारे में गलत सूचना के साथ-साथ यहूदी विरोधी संदेश भी फैलाया है। शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी कि ऑनलाइन चर्चा ने डर और भय का माहौल पैदा कर दिया है, जिसने वास्तविक दुनिया में तनावपूर्ण टकराव और हिंसा की आशंका बढ़ गयी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+