Children and Cricket WC: विश्व कप का गम, बच्चों की संवेदना ने लगाया मरहम
विश्व कप में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बेटी समायरा का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते हुए सुनी जा सकती है कि उनके पिता फिर हंसेंगे। इसे वर्ल्ड कप में भारत की हार के बाद रोहित शर्मा सहित सभी खिलाडियो की आंखों में आंसुओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
लोग समायरा की मासूमियत को देखकर अपनी निराशा भूल गए। इस तरह के कई और वीडियो सामने आए हैं, जिन्हें देखकर कहा जा सकता है, बच्चों की भावनाओं ने मरहम का काम किया है।

"भगवान प्लीज इंडिया को जिता दो"
एक वायरल वीडियो में एक बच्चे को रोते हुए दिखाया गया है, जो भारत की ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद अपनी मां के गले लग कर रो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे की माँ उसे सांत्वना देने की कोशिश कर रही है, लेकिन बच्चा फिर भी सिसक-सिसक कर रो रहा है। बच्चे का भारत की हार के पहले का भी एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि "भगवान प्लीज भारत को जीता देना और ऑस्ट्रेलिया को हरा देना।" उसकी मासूमियत ने सबका दिल जीत लिया।
"अबकी बार इंडिया कैसे हार गई"
वीडियो में रोती हुई एक बच्ची को अपनी मां के पास आते हुए देखा जा सकता है, जिसमें बच्ची अपनी मां को कहती है कि मम्मी इंडिया हार गई। इसके बाद मां अपनी बेटी को समझाती है कि ऐसे रोते थोड़े ही हैं। इंडिया हार गई तो क्या हो गया अगली बार जीत जाएगी। मां बच्ची को यह कह कर भी समझाती है कि अगली बार ट्रॉफी इंडिया ही जीतेगा और अगली बार कोहली भी अच्छे से खेलेगा। वीडियो में बाद में बच्ची को उसकी दादी के पास जाकर भी रोता हुआ देखा जा सकता है, दादी भी बच्ची को समझाती है कि अगली बार इंडिया वर्ल्ड कप जरूर जीतेगा।
"जन गण मन किया था फिर भी इंडिया हार गई"
एक वायरल वीडियो में एक और बच्ची को रोता हुआ देखा जा सकता है जिसके बाद बच्ची की मां उसे समझाती है कि इंडिया ने आज अच्छा नहीं खेला इस वजह से इंडिया हारी और ऑस्ट्रेलिया ने आज अच्छा खेला इसलिए ऑस्ट्रेलिया जीती। इसके बाद बच्ची जवाब देती है कि "हमने जन गण मन किया था फिर भी इंडिया कैसे हार रही है।" बच्ची के जवाब में मां कहती है कि "जन गण मन करने से इंडिया थोड़ी जीत जाएगी, जो टीम अच्छा खेलेगी वही टीम जीतेगी।" इसके बाद बच्ची भी रोते हुए कहती है कि "इंडिया अपनी गलती से हारी है।" साथ ही में बच्ची यह भी कहती है कि भारत ऑस्ट्रेलिया को सबक सिखाएगा।"
"इंडिया को जीतना चाहिए"
एक अन्य वायरल वीडियो में 4 साल की बच्ची को रोते हुए देखा जा सकता है और कहते हुए सुना जा सकता है कि "इंडिया जीतो ना, जीतो ना इंडिया।" इसके बाद मां बच्ची से पूछती है कि "जो टीम अच्छा खेलती है उसको जीतना चाहिए या जो टीम बेकार खेल रही है उसको जीतना चाहिए।" जवाब में बच्ची कहती है कि जो टीम अच्छा खेलती है उसको जीतना चाहिए लेकिन फिर भी इंडिया को ही जीतना चाहिए।" मां बच्ची को यह कहकर चुप कराने की कोशिश करती है कि अभी ऑस्ट्रेलिया को बहुत सारे रन चाहिए जीतने के लिए और अभी किसी प्लेयर का विकेट जाएगा।
हार से रोने की वजह से अटकी सांस
भारत की ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद एक 8 साल के बच्चे को अस्पताल में एडमिट कराया गया। जैन खान नाम का यह लड़का तीसरी कक्षा में पढ़ता था और विराट कोहली का प्रशंसक है। उसने विश्व कप के सभी मैच देखे और टीम इंडिया की हार से बेहद निराश था। नतीजा यह हुआ कि वह इतना रोने लगा कि उसकी सांसें अटक गईं और उसके परिवार वालों को उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। तीन दिनों के इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर हो पाई और उसे अस्पताल से छुट्टी मिली। उसके पिता वसीम अहमद का कहना है कि मैच देखने के दौरान जैन पानी पीने के लिए भी नहीं उठा।
कोहली की सेंचुरी नहीं होने पर फूट-फूट कर रोया बच्चा
विराट कोहली का एक युवा प्रशंसक उस समय रोने लगा जब भारतीय क्रिकेट स्टार विश्व कप 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने शतक से सिर्फ पांच रन से चूक गए। यह भावनात्मक क्षण था जो वीडियो में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कहा जाता है कि बच्चा बिहार का था और जैसे ही विराट 95 पर आउट हुए बच्चा फूट-फूट कर रोने लगा। वीडियो में बच्चे के पिता उसे यह कहकर मना रहे हैं कि "भारत मैच जीत चुका है और सेंचुरी तो विराट कोहली अगले मैच में भी बना लेगा, उसमें क्या है।" खेल के साथ बच्चों का इस तरह का भावनात्मक जुड़ाव, इसे और बड़ा बना देता है।












Click it and Unblock the Notifications