डार्लिंग्स, रक्षाबंधन और लाल सिंह चड्ढा से क्यों नाराज हैं लोग? जानिये अचानक क्यों उठी बायकॉट की मांग...
बॉलीवुड की तीन बड़ी फिल्मों के खिलाफ लोगों में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिल रहा है। आलिया की 'डार्लिंग्स' के अलावा आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षाबंधन' को बायकॉट करने की मांग उठ रही है।
मुंबई, 4 जुलाई: आलिया भट्ट की फिल्म 'डार्लिंग्स' रिलीज होने से पहले परेशानियों से घिरती हुई नजर आ रही है। लोग फिल्म को बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं। ये हाल अकेले आलिया की फिल्म का नहीं है। आलिया के अलावा आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षाबंधन' का भी हाल कुछ ऐसा ही है। तीनों फिल्में विवाद में घिरती नजर आ रही हैं। साथ ही फिल्म को बायकॉट करने की मांग भी तेजी से उठ रही है। आइये जानते हैं कि क्यों लोग इन फिल्मों से नाराज नजर आ रहे हैं और फिल्मों को बायकॉट करने की मांग उठा रहे हैं।

तेजी से उठ रही बायकॉट की मांग
फिल्मों को बायकॉट करने की मांग के बीच तेजी से उठता एक सवाल ये भी है कि क्या भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली फिल्मों को बायकॉट करना सही है? तो जवाब है हां। लेकिन फिर भी फिल्म को समझने के लिए या उसका वो हिस्सा समझने के लिए फिल्म देखना जरूरी है, जिसके खिलाफ आवाज उठ रही हैं। फिल्मों को देखना जरूरी है, ये समझने के लिए कि क्या ये असल में भावनाओं को नुकसान पहुंचाने वाली है भी, या किसी एजेंडे के लिए ये सब तमाशा मचाया हुआ है।

लोगों में है गुस्सा
अब चर्चा करते हैं इस बात पर कि इन फिल्मों से आखिर लोगों को आपत्ति क्या है? क्यों इन फिल्मों के बहिष्कार की मांग उठ रही है? क्यों फिल्म के कैरेक्टर्स के प्रति लोगों में इतना रोष और गुस्सा है? क्यों इतनी भीड़ इकट्ठी होकर फिल्म देखने से साफ इंकार कर रही है और दूसरों को भी यही ज्ञान दे रही है।

'लाल सिंह चड्ढा'
बता दें कि बीते समय में कुछ ट्विटर यूजर ने आमिर खान के पिछले कुछ बयानों को ध्यान में रखते हुए फिल्म को ट्रोल करना शुरू किया। आमिर खान के विवादास्पद "भारत की बढ़ती असहिष्णुता" बयान को लोगों ने ट्विटर पर खूब शेयर किया। करीना के भी बीते दिनों के कुछ विवादित बयान भी सामने आ रहे हैं। इससे पहले जब फिल्म के मेकर्स ने मई में ट्रेलर लॉन्च किया था तो वही हैशटैग ट्रेंड कर रहा था।

तुर्की की प्रथम महिला से मिले आमिर
तुर्की की प्रथम महिला एमिन एर्दोगन ने आमिर खान से मुलाकात के बाद उन्हें शुक्रिया कहा था। उन्होंने ट्वीट में कहा कि आमिर ने तुर्की में अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग पूरी करने का फैसला लिया। इससे खुशी हुई। सोशल मीडिया पर ट्वीट ने मानो तहलका सा मचा दिया। दोनों की ये तस्वीरें जमकर वायरल होने लगीं। सोशल मीडिया पर हैशटैग बायकॉट आमिर खान जमकर ट्रेंड होने लगा। लोग उनकी फिल्में कभी ना देखने की कसमें तक खाने लगे।

ट्वीट ने मचाया बवाल
दरअसल तुर्की की प्रथम महिला के पति यानी तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन के भारत के साथ अच्छे संबंध नहीं रहे हैं। फरवरी में उन्होंने नई दिल्ली में हुए दंगों के बाद भारत की जमकर आलोचना की थी। और फिर कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन किया था। ऐसे में आमिर के साथ उनकी तस्वीरें और ट्वीट ने यूजर्स को गुस्से से लाल-पीला कर दिया। लोग आमिर को देश विरोधी बताने लगे।

'रक्षाबंधन'
अक्षय कुमार की फिल्म रक्षाबंधन भी विवादों के घेरे में है। यूजर्स फिल्म ना देखने की अपील कर रहे हैं। फिल्म की राइचर कनिका ढिल्लों ने बीते समय में हिंदू विरोधी, मोदी विरोधी टिप्पणियां और गऊ माता पर कुछ बयान दिए थे, जिसका गुस्सा लोग उनकी इस फिल्म पर निकाल रहे हैं। वहीं अक्षय कुमार ने भी शिवरात्रि पर शिवलिंग पर दूध चढ़ाने की बजाय किसी जरूरतमंद को देने की बात कही थी, जिसका जमकर विरोध हो रहा है।

'डार्लिंग्स'
आलिया भट्ट की फिल्म डार्लिंग्स भी विवादों से बची नहीं है। इस फिल्म का भी जमकर विरोध हो रहा है। दरअसल यूजर्स ने आलिया की फिल्म को एंटरटेनमेंट के नाम पर सिर्फ पुरुषों पर टॉर्चर बताया है। लोगों का तो ये भी कहना है कि पुरुषों के खिलाफ घरेलू हिंसा भला कैसे नॉर्मल हो सकती है। ऐसे में लोगों ने आलिया की फिल्म के खिलाफ गुस्सा दिखाते हुए इसे बायकॉट करने का ट्रेंड शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications