Bihar News: मुजफ्फरपुर में 1100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से सीमेंट इकाई लगाएगी अंबुजा
बिहार में महत्वपूर्ण औद्योगिक निवेश के साथ प्रगति हो रही है, क्योंकि SIPB ने मुजफ्फरपुर में ₹1114.94 करोड़ की सुविधा के लिए अंबुजा सीमेंट नॉर्थ की स्टेज-1 योजना को मंजूरी दे दी है। 8219 MTPD सीमेंट इकाई का लक्ष्य विनिर्माण को बढ़ावा देना, रोजगार सृजित करना और क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है, जिससे बिहार को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनने के लक्ष्य का समर्थन मिलेगा।
बिहार में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए बड़े निवेश प्रस्ताव लगातार सामने आ रहे हैं। उद्योग अनुकूल नीतियों और निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के चलते देश के प्रमुख औद्योगिक समूह अब बिहार को अपने विस्तार के लिए एक मजबूत औद्योगिक गंतव्य के रूप में देख रहे हैं।

इसी कड़ी में राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (SIPB) की 67वीं बैठक में अंबुजा कॉन्क्रीट नॉर्थ प्राइवेट लिमिटेड की बड़ी सीमेंट परियोजना को स्टेज-1 स्वीकृति प्रदान की गई है। इसे बिहार के औद्योगिक भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कंपनी मुजफ्फरपुर के औद्योगिक क्षेत्र महवल में लगभग 1114.94 करोड़ रुपये के निवेश से 8219 एमटीपीडी क्षमता की सीमेंट इकाई स्थापित करेगी। यह परियोजना राज्य में सीमेंट और निर्माण क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के विस्तार में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
आधुनिक तकनीक आधारित इस इकाई को उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस निवेश से न केवल औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्रीय आधारभूत संरचना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आइडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक वातावरण अब बड़े निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंबुजा की यह परियोजना राज्य में निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि इस निवेश से रोजगार, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल करना है और इसके लिए निवेशकों को बेहतर सुविधाएं तथा अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications