सिद्धार्थ शुक्ला की मां को अकेला बताने वालों को विकास गुप्ता ने दिखाया आईना, याद दिलाया ये सच
मुंबई, 06 सितंबर। बिग बॉस फेम एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का जिस तरह से हार्ट अटैक से 2 सितंबर को निधन हो गया है उसपर किसी को भी यकीन कर पाना मुश्किल है। अचानक से सिद्धार्थ शुक्ला की मौत के बाद उनके रिश्तेदार, करीबी दोस्त और फैंस सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर सिद्धार्थ शुक्ला की अंतिम विदाई की फोटो और वीडियो को उनके फैंस बड़ी संख्या में शेयर कर रहे हैं। लेकिन इन लोगों के इस बर्ताव और सिद्धार्थ की मां को लेकर जिस तरह से सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर रहे हैं उनकी विकास गुप्ता ने क्लास लगा दी है।

सिद्धार्थ शुक्ला की मां का वीडियो हो रहा शेयर
दरअसल सिद्धार्थ शुक्ला की मां की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों ने बड़ी संख्या में शेयर की है, सिद्धार्थ को अपनी मां के साथ बिग बॉस के सेट पर भी देखा गया था और किस तरह से दोनों एक दूसरे के बेहद करीब थे वह इन तस्वीर और वीडियो में नजर आता था। लेकिन सिद्धार्थ की मृत्यु के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए कहा कि अब सिद्धार्थ की मां अकेली हो गई हैं। जिसपर विकास गुप्ता नाराज हो गए हैं।

सेलेब को दिखाया आईना
विकास गुप्ता ने ट्वीट करके लिखा, वो तमाम सेलेब्रिटीज और उनके पीआर जो सिद्धार्थ शुक्ला की मां की मदद करने के लिए बहुत उत्सुक हैं और कह रहे हैं कि सिद्धार्थ की मां अकेली हो गई हैं। उन लोगों को शायद यह नहीं पता है कि सिद्धार्थ की मां की दो बेटियां भी हैं और शहनाज गिल को मत भूलिए, वो दोनों एक दूसरे का दिल हैं। ये महिलाएं आपकी भी देखभाल कर सकती हैं अगर जरूरत पड़े। बाकी आप लोग उन्हें अपनी प्रार्थना में याद रखिए।

सिद्धार्थ को लेकर भावुक विकास
विकास गुप्ता ने इससे पहले सिद्धार्थ का एक वीडियो भी शेयर किया था। जिसमे सिद्धार्थ शुक्ला, विकास गुप्ता और शहनाज गिल को बिग बॉस के घर के भीतर पलों को संजोया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से विकास गुप्ता और सिद्धार्थ शुक्ला में करीबी थी। सिद्धार्थ और शहनाज गिल के बीच कितनी करीबी थी और तीनों के बीच कितना गहरा रिश्ता था यह इस वीडियो में देखा जा सकता है।

2 सितंबर को सिद्धार्थ का हुआ था निधन
गौर करने वाली बात है कि सिद्धार्थ शुक्ला का 2 सितंबर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें जब कूपर अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर ने कहा कि उन्हें यहां मृत अवस्था में लाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार सिद्धार्थ शुक्ला को सुबह 3 बजे से साढ़े तीन बजे के बीच दिल का दौरा पड़ा था। उस वक्त उनकी मां ने सिद्धार्थ को पीने के लिए पानी दिया और फिर सिद्धार्थ सो गए। लेकिन जब बाद में काफी देर तक सिद्धार्थ सोकर नहीं उठे तो घरवालों ने डॉक्टर को बुलाया। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनके मृत होने की सूचना मिली।

शो पर शहनाज ने किया था प्यार का इजहार
बता दें कि बिग बॉस शो के दौरान शहनाज गिल कई बार सिद्धार्थ शुक्ला को अपने प्यार का इजहार कर चुकी थीं। दोनों शो के दौरान एक दूसरे से खूब लड़ते थे और एक दूसरे को प्यार भी करते थे। शो के दौरान शहनाज का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमे देखा जा सकता है कि शहनाज सिद्धार्थ के साथ अपनी शादी की प्लानिंग कर रही हैं।

शादी को लेकर की थी बात
बिग बॉस में एक टास्क के दौरान शहनाज कहती हैं कि अगर उनकी शादी सिद्धार्थ से होती है तो वह कैसी होगी। शहनाज कहती हैं कि अगर हमारी शादी हुई तो आसिम नाराज जीजा होगा। यही नहीं यह पहला ऐसा जीजा होगा जो सालियों से भी ज्यादा सुंदर होगा। वीडियो को विकास ने शेयर करते हुए लिखा कि मैंने घर के भीतर बतौर गेस्ट सिर्फ एक दिन बिताया लेकिन मैं ज्यादातर कंटेस्टेंट से कनेक्टेड था। जिस तरह से सिद्धार्थ ने दुनिया को अलविदा कहा उसे देखकर मेरा दिल टूट जाता है। समय कैसे बदल जाता है, परिवार और फैंस को इस दुख को सहन करने की ताकत मिले।












Click it and Unblock the Notifications