Indian Idol के ऑन-सेट डॉक्टर अमित लापता, कविता कौशिक ने ट्वीट कर मांगी मदद
मुंबई, 13 सितंबर: टीवी एक्ट्रेस कविता कौशिक एक बार फिर मदद के लिए आगे आई हैं। इस बार उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए लोगों से डॉक्टर अमित शर्मा को ढूंढने की अपील की है। डॉक्टर अमित के लापता होने से कविता कौशिक काफी परेशान नजर आ रही हैं। उन्होंने इसकी जानकारी अपने ट्वीट के जरिए दी और बताया कि डॉक्टर का परिवार बहुत परेशान हैं, वो पिछले कई दिनों से लापता हैं।

इंडियन आइडल में सेट डॉक्टर लापता
अमित शर्मा सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल में सेट डॉक्टर थे। इसके साथ ही वो पिछले 20 सालों में कई एक्टर्स का इलाज भी कर चुके हैं। ऐसे में मशहूर डॉक्टर अमित शर्मा के लापता होने के बाद टीवी शो FIR फेम एक्ट्रेस कविता कौशिक ने लोगों से सोशल मीडिया पर मदद मांगी है। कविता ने बताया कि वह कई दिनों से गुमशुदा है और उनकी चिंता में परिवार का बुरा हाल हो रहा है।

डॉक्टर के लापता होने से कविता परेशान
टीवी एक्ट्रेस ने अपने ट्वीट में डॉक्टर की फोटो के साथ लिखा 'ध्यान दें... यह डॉक्टर अमित शर्मा हैं, उन्होंने 20 साल से कई अभिनेताओं का इलाज किया है और इंडियन आइडल के सेट डॉक्टर भी थे! वह पिछले 5 दिनों से लापता है, उसकी मां कराह रही हैं, पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है! कृपया ढूंढने में मदद करें और किसी ने उन्हें देखा तो हमें जानकारी दें।

रिपोर्ट दर्ज कराने भी खुद गईं थी एक्ट्रेस
इसके अलावा कविता ने बताया कि अमित शर्मा ओशिवरा में अपनी मां और भाई के साथ रहते थे और पिछले कुछ वक्त से काफी परेशान भी थे। यहां तक की वो बिना मोबाइल और पर्स लिए कहीं चले गए। वहीं एक्ट्रेस के मुताबिक शर्मा ने किसी से भी बात करना बंद कर दिया था और लापता होने से तीन दिन पहले ही खाना भी बंद कर दिया था। कविता कौशिक ने इस का भी खुलासा किया कि वह डॉक्टर की मां के साथ ओशिवारा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गई थीं। बता दें कि कविता कौशिक को पिछले साल दिसंबर में बिग बॉस 14 में देखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications