Tamannaah Bhatia को लेकर इस राज्य में क्यों मचा है बवाल? क्या है 6.2 करोड़ का मामला?
Tamannaah Bhatia: 'आज की रात मजा हुस्न का आंखों से लीजिए...' के जरिए लोगों के दिलों पर बिजलियां गिराने वाली 'बाहुबली' फेम स्टार तमन्ना भाटिया को लेकर इस वक्त कर्नाटक में जबरदस्त ढंग से बवाल मचा हुआ है। लोग केवल तमन्ना की ही आलोचना नहीं कर रहे हैं बल्कि उन्होंने कर्नाटक सरकार को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है, अब आप पूछेंगे कि ऐसा क्यों?
तो इस 'क्यों' का जवाब है 'मैसूर सैंडल सोप', दरअसल कर्नाटक सरकार ने तमन्ना भाटिया को इस सोप का ब्रांड एंबेसडर बनाया है, खबर है कि तमन्ना को इसका विज्ञापन करने के लिए 6.2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

इसी बात को लेकर जनता और विपक्ष दोनों ही कर्नाटक सरकार के मंत्री एमबी पाटिल पर हमलावर हो गए हैं, इन लोगों का कहना है कि 'मैसूर सैंडल सोप' राज्य की पहचान है, इसके एड के लिए बाहर से अभिनेत्री क्यों आ रही है? क्या कर्नाटक में कलाकारों की कमी हो गई है? क्यों तमिल स्टार को ये एड दिया गया है?
लोकल ब्रांड के एड के लिए बाहरी अभिनेत्री क्यों?
कई संगठनों और नागरिकों ने भी सरकार से सवाल किया है क्यों 'लोकल ब्रांड' के एड के लिए बाहर से फिल्मी अभिनेत्री को साइन किया गया है, क्या ये स्थानीय कलाकारों की अनदेखी और अपमान नहीं है? गैर-कन्नड़ अभिनेत्री को कर्नाटक की प्रतिष्ठा से जुड़े हुए प्रोडक्ट के विज्ञापन की जिम्मेदारी क्यों दी गई है? सरकार को ये फैसला वापस लेना होगा।
'हमारे पास बिक्री को 5000 करोड़ रु तक ले जाने का पूरा प्लान है'
हालांकि बवाल बढ़ता देखकर कर्नाटक सरकार के मंत्री एमबी पाटिल ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने ANI से बात करते हुए कहा कि 'हमारे पास प्रोडक्ट की बिक्री को 5000 करोड़ रुपये तक ले जाने का प्लान है, हमने कल का एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बनाया है ताकि हम पश्चिमी दुनिया तक भी इस ब्रांड के जरिए पहुंच सकें।'

'कियारा आडवाणी, दीपिका पादुकोण के नामों पर भी विचार हुआ'
'इसी प्लान के तहत हमने तमन्ना भाटिया को इस ब्रांड के लिए साइन किया गया है, ये एक समिति के जरिए ही तय हुआ है, इसके लिए रश्मिका मंदाना, पूजा हेगड़े, कियारा आडवाणी, दीपिका पादुकोण के नामों पर भी विचार हुआ था लेकिन ये सभी लोग किसी ना किसी ब्रांड से जुड़े हुए हैं।'
'Tamannaah Bhatia के 2.8 करोड़ फॉलोअर्स हैं'
तमन्ना के 2.8 करोड़ फॉलोअर्स हैं इसलिए, इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए उन्हें साइन किया गया है, हम मैसूर सैंडल केवल कर्नाटक तक ही सीमित नहीं है बल्कि सभी दक्षिणी राज्यों में इसकी 82% खपत है। इसे राष्ट्रीय स्तर और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए, यह पहला चरण है।'
'यह व्यवसाय का एक हिस्सा है, कन्नड़ से इसका कोई लेना-देना नहीं'
'कल, एक दिन ऐसा आ सकता है जब हम अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जाएंगे और तब एड के लिए हॉलीवुड अभिनेत्री का होना जरूरी है। तो, यह व्यवसाय का एक हिस्सा है, कन्नड़ से इसका कोई लेना-देना नहीं है और ना ही किसी को इग्नोर किया गया है।' हालांकि पाटिल ने तमन्ना के डील प्राइस की बात नहीं की।

आइए एक नजर डालते हैं तमन्ना भाटिया के अब तक के सफर पर
- तमन्ना का जन्म 21 दिसंबर 1989 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था।वह एक सिंधी परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
- उनके पिता संतोष भाटिया एक डायमंड मर्चेंट हैं और माता का नाम रजनी भाटिया है।
- उन्होंने अपनी पढ़ाई मानेकजी कूपर एजुकेशन ट्रस्ट स्कूल, जुहू से की।
- तमन्ना ने अपने करियर की शुरुआत 2005 में हिंदी फिल्म 'चांद सा रोशन चेहरा' से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान मिली तेलुगु और तमिल सिनेमा में काम करने के बाद।
- उनकी पहली तेलुगु फिल्म 'श्री' (2005) और तमिल फिल्म 'केडी' (2006) रही।
- तमन्ना को साउथ इंडियन सिनेमा में बड़ा ब्रेक फिल्म 'हैप्पी डेज़' (2007) और 'कल्लूरी' से मिला।
- 2013 में उन्होंने अजय देवगन के साथ 'हिम्मतवाला' में काम किया, फिर 'हमशकल्स', 'एंटरटेनमेंट' और 'खामोशी' जैसी फिल्मों में नजर आईं।
- राजामौली की फिल्म 'बाहुबली: द बिगिनिंग' से उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।
- कई म्यूजिक वीडियो और वेब सीरीज़ में भी काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications