बाला साहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि देने के लिए जूते उतारकर मंच पर पहुंचे सलमान, फैंस को भा गया वीडियो
मुंबई, मई 10। शिवसेना के संस्थापक बाला साहेब ठाकरे का महाराष्ट्र में सिक्का चलता था। उनके समर्थकों के साथ-साथ उनके विरोधी भी बाला साहेब ठाकरे का बहुत सम्मान करते थे। शायद यही वजह है कि आज जब बाला साहेब ठाकरे नहीं हैं तो उनके चाहने वाले उनकी फोटो का भी उतना ही सम्मान करते हैं। ऐसे ही लोगों में से एक हैं बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान, जो बाला साहेब ठाकरे का बहुत सम्मान करते हैं। हाल ही में इसका एक उदाहरण भी देखने को मिला, जब सलमान खान ने बाला साहेब की फोटो पर फूल चढ़ाने के लिए अपने जूते उतारे।

सलमान ने किया यह काम
दरअसल, यह मंच था मराठी फिल्म धर्मवीर के ट्रेलर लॉन्चिंग का, जहां सलमान खान भी पहुंचे थे। इस कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने बाला साहेब ठाकरे की फोटो पर फूल चढ़ाने से पहले जूते उतारे और तब जाकर वो मंच पर गए। हालांकि मंच पर बाला साहेब के अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज और बाला साहेब जी की पत्नी मीनाताई ठाकरे की फोटो लगी हुई थी। इसके अलावा मंच पर दिवंगत आनंद दिगे की भी फोटो थी, जिनके जीवन पर आधारित यह फिल्म बनी थी। सलमान ने इन सभी की फोटोओ पर हार चढ़ाने से पहले अपने जूते उतारे और उसके बाद जाकर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में पहुंचे थे उद्धव ठाकरे भी
सलमान खान का वीडियो इंटरनेट पर अब वायरल हो गया है। कई फैंस के द्वारा इस वीडियो को लगातार सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे भी पहुंचे थे। इनके अलावा कई फिल्मी सितारे इस कार्यक्रम में मौजूद थे। इस मौके पर सलमान खान के अलावा उनकी को-स्टार भाग्यश्री, अभिनेता जैकी श्रॉफ भी मौजूद थे।

वर्क फ्रंट पर सलमान के पास हैं कई प्रजोक्ट
सलमान खान के इस वीडियो ने फैंस के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी है। बता दें कि वर्क फ्रंट पर सलमान खान महेश मांजरेकर की फिल्म 'अंतिम' में आखिरी बार दिखे थे। इस फिल्म में सलमान के बहनोई आयुष शर्मा भी थे। उन्होंने बजरंगी भाईजान के दूसरे पार्ट की भी घोषणा कर दी है। इसके अलावा सलमान के पास 'किक 2' और कैटरीना कैफ के साथ 'टाइगर 3' और शहनाज गिल के साथ 'कभी ईद कभी दीवाली' शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications