करण जौहर पर पाकिस्तानी सिंगर ने लगाया गाना चुराने का आरोप, T-Series ने ऐसे दिया जवाब
पाकिस्तानी सिंगर अबरार उल हक ने बॉलीवुड फिल्म प्रोड्यूसर करण जौहर पर फिल्म 'जुग जुग जीयो' के लिए उनका गाना 'नच पंजाबन' चुराने का आरोप लगाया है।
मुंबई, 24 मईः धर्मा प्रोडक्शंस की आने वाली फिल्म 'जुग जुग जीयो' का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च किया गया था लेकिन अब वह विवादों में घिरती नजर आ रही है। पाकिस्तानी सिंगर अबरार उल हक ने बॉलीवुड फिल्म प्रोड्यूसर करण जौहर पर फिल्म 'जुग जुग जीयो' के लिए उनका गाना 'नच पंजाबन' चुराने का आरोप लगाया है। यहां तक कि उन्होंने करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी धमकी दी है। सिंगर के इन आरोपों पर अब म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज ने जवाब दिया है। टी-सीरीज ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक बयान जारी कर अबरार के आरोपों को खारिज कर कहा कि गाने को वैध तरीके से मूवीबॉक्स रिकॉर्ड से लिया गया है, जिसके पास गाने के राइट्स सुरक्षित हैं।
Recommended Video

टी-सीरीज ने दी सफाई
टी-सीरीज ने ट्वीट कर लिखा है- हमने कानूनी तौर पर 1 जनवरी, 2002 को संबंधित पार्टी से गाने के राइट्स हासिल कर लिए थे और यह बॉलीवुड क्लासिक्स के यूट्यूब चैनल पर भी मौजूद है, जिसका स्वामित्व और संचालन मूवीबॉक्स रिकॉर्ड्स लेबल के पास है। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'जुग जुग जीयो' का यह गाना जब रिलीज होगा, तो इसका उल्लेख क्रेडिट सेक्शन में भी किया जाएगा। इसी के साथ, टी-सीरीज ने धर्मा प्रोडक्शंस और मूवीबॉक्स को टैग भी किया, साथ ही ट्रैक का यूट्यूब लिंक भी शेयर किया है।
मूवीबॉक्स ने अबरार के दावों को किया खारिज
एक ट्विटर पोस्ट में मूवीबॉक्स रिकॉर्ड्स लेबल ने अबरार के दावों का खारिज किया और कहा- 'नच पंजाबन' गाने को टी-सीरीज की तरफ से फिल्म 'जुग जुग जीयो' में शामिल करने के लिए आधिकारिक तौर पर लाइसेंस दिया गया है। करण जौहर और धर्मा प्रोडक्शंस के पास इसको इस्तेमाल करने के कानूनी अधिकार हैं। उनकी फिल्म का यह गाना और अबरार का ट्वीट मानहानिकारक और पूरी तरह से अस्वीकार्य है. आपको बता दें कि धर्मा प्रोडक्शंस की आने वाली फिल्म 'जुग जुग जीयो' में वरुण धवन, कियारा आडवाणी, अनिल कपूर और नीतू कपूर एकसाथ नजर आएंगे। फिल्म 24 जून को रिलीज होगी।
अबरार उल हक ने गाने को लेकर किया ये दावा
अबरार उल हक का गाना 'नच पंजाबन', साल 2002 में रिलीज हुआ था। उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि उन्होंने अपने गाने नच पंजाबन के राइट्स किसी को नहीं बेचे हैं और करण जौहर जैसे निर्माताओं को गाने की कॉपी नहीं करनी चाहिए। इस मामले पर उन्होंने कहा- मैं हर्जाने का दावा करने के लिए अदालत जाना चाहूंगा। यह मेरा छठा गाना है जिसे कॉपी किया जा रहा है जिसकी इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी। एक और ट्वीट में उन्होंने कहा- नच पंजाबन गाने का लाइसेंस किसी को नहीं दिया गया है। अगर कोई दावा कर रहा है तो मेरे सामने एग्रीमेंट पेश करे। मैं इस मामले में कानूनी कार्रवाई करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications