संजय दत्त के नाम एक और उपलब्धि, बनाए गए जांजीबार के टूरिज्म एंबेसडर
नई दिल्ली, 11 नवंबर: बॉलीवुड के सुपरस्टार संजय दत्त को जांजीबार का टूरिज्म एंबेसडर नियुक्त किया गया है। ये हिंद महासागर के द्वीपों में से एक है, जो स्वाहिली तट पर स्थित है। इस खूबसूरत जगह पर संजय दत्त की ओर से कुछ निवेश भी किया गया है। गुरुवार को संजय ने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर को अपने फैन्स के साथ साझा किया। साथ ही वहां के राष्ट्रपति हुसैन म्विनी के साथ की तस्वीर साझा की।

ट्विटर पर फोटो पोस्ट करते हुए संजय दत्त ने लिखा कि आपसे मिलकर खुशी हुई डॉ. हुसैन म्विनी। मैं आपकी सरकार का समर्थन करते हुए जांजीबार में निवेश, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में योगदान करूंगा। इसके अलावा इस खूबसूरत शहर के पर्यटन को बढ़ाने के लिए मुझे यहां का पर्यटन राजदूत बनाया गया है। इस उपलब्धि के लिए मैं धन्यवाद कहता हूं। वहीं जो तस्वीर एक्टर ने पोस्ट की, उसमें राष्ट्रपति उन्हें कुछ खास गिफ्ट देते नजर आ रहे हैं।
10 लाख की आबादी
जांजीबार चारों ओर से समुद्र से घिरा है। 2643 वर्ग किलोमीटर में फैले इलाके में पर्यटन के अलावा मसाले काफी फेमस हैं। खास तौर पर यहां लौंग, जायफल, दालचीनी और काली मिर्च का उत्पादन होता है। 2004 में हुई जनगणना के मुताबिक इस शहर की कुल जनसंख्या 10 लाख के आसपास है।
इस बड़े प्रोजेक्ट पर कर रहे काम
फिल्म करियर की बात करें तो जल्द ही संजय दत्त 'द गुड महाराजा' में नजर आएंगे। इस फिल्म की इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। संजय के साथ इसमें प्रीति जिंटा भी अहम किरदार निभाएंगी। इस फिल्म में वर्ल्ड वॉर-2 से जुड़ी कहानी है, जिसमें 1000 बच्चे शरणार्थी कैंप में कैद हो गए थे। इस फिल्म में गुलशन ग्रोवर, शरद कपूर, दीपराज राणा, ध्रुव गुप्ता भी हैं। वहीं मेकर्स ने कम ग्राफिक्स का इस्तेमाल करने का मन बनाया, जिस वजह से पोलैंड में इसकी शूटिंग की जाएगी। वहीं पर स्कूलों से 1000 बच्चों को बुलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications