Fawad Khan Love story: 17 की उम्र में दिल हार बैठे थे फवाद खान, जानिए कौन हैं इनकी 'खूबसूरत हमसफर'?
Fawad Khan Love story Hindi: 'हमसफर' और 'जिंदगी गुलजार है' जैसे पाकिस्तानी टीवी शो से लोगों के दिलों पर राज करने वाले फवाद खान एक बार फिर से भारतीयों के बीच चर्चित हैं। वजह है उनकी आने वाली फिल्म 'अबीर गुलाल', जिसके जरिए वो पूरे 9 साल के बाद बॉलीवुड में वापसी करने वाले हैं।
आपको बता दें कि मंगलवार को फिल्म का टीजर रिलीज किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही तूफान मचा दिया।

दरअसल मनसे ने फवाद खान का विरोध किया है और कहा है कि वो किसी भी पाकिस्तानी एक्टर की फिल्म को महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होने देंगे। इस वजह से लोगों के बीच में पाकिस्तानी फवाद खान चर्चित हो गए। हालांकि जहां राज ठाकरे की पार्टी फवाद खान की फिल्म को बैन करने की बात कह रही है।
फवाद खान के लुक पर फिदा लड़कियां (Fawad Khan)
वहीं दूसरी ओर एक वर्ग ऐसा है जो कि फवाद खान की एक्टिंग और लुक की बातें कर रहा है। आपको बता दें कि 29 नवंबर 1981 के पाकिस्तान के कराची में जन्मे फवाद का खान का पूरा नाम फवाद अफजल खान है, वो अभिनेता, निर्माता, पटकथा लेखक, गीतकार और गायक हैं, दूसरे शब्दों में कहा जाए तो ये मल्टी टैलेंटेड बंदा सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा मशहूर है। इनकी फैन लिस्ट में लड़कियों की संख्या बहुत ज्यादा है।
लेकिन फवाद का दिल किसके लिए धड़कता है?
फवाद पर लड़कियां जान छिड़कती हैं लेकिन आपको पता है कि फवाद का दिल किसके लिए धड़कता है? जी हां ,वो भले ही लाखों लोगों के दिलों की धड़कन हों लेकिन उनकी धड़कन सिर्फ एक है और वो है उनकी पत्नी सदफ, जिनसे उन्हें मोहब्बत तब हुई थी, जब वो मात्र 17 साल के थे।
फवाद और सदफ दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे (Fawad Khan)
जी हां फवाद खान और उनकी पत्नी सदफ दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। सदफ को देखते ही फवाद ने दिल दे दिया था, दोनों के बीच में बातें शुरू हुईं और फिर दोनों घंटों परिवारवालों से छिप-छिपकर फोन पर बतियाने लग गए, फवाद ने मात्र दस दिन के अंदर ही सदफ को शादी के लिए प्रपोज कर दिया था लेकिन सदफ ने उन्हें 'हां' कहने में पूरे तीन साल निकाल दिए।
'सदफ से निकाह चाहते हो तो एक्टिंग छोड़नी होगी'
कॉलेज से निकलने के बाद एक्टिंग का भूत फवाद पर सवार था लेकिन जब सदफ की फैमिली को दोनों के अफेयर के बारे में पता चला तो वो रेडी नहीं हुए। उन्हें फवाद का एक्टिंग करना रास नहीं आया। उन्होंने फवाद के सामने शर्त रखी कि अगर वो सच में सदफ से निकाह चाहते हैं तो एक्टिंग छोड़नी होगी।
मोहब्बत पाने के लिए 9 से 5 वाली नौकरी भी की
आपको जानकर अचरज होगा कि फवाद इसके लिए मान गए और उन्होंने कुछ दिनों तक 9 से 5 वाली नौकरी भी की। 2 नवंबर 2005 में फवाद ने सदफ से निकाह किया और आज ये कपल तीन बच्चों ( एक बेटा ,दो बेटियां) का माता-पिता है।
सदफ को अपना 'खूबसूरत हमसफर' बताया (Fawad Khan)
शादी के बाद सदफ को भी समझ आया कि एक्टिंग फवाद के लिए क्या मायने रखती है और उन्होंने वापस उन्हें एक्टिंग में करियर बनाने को कहा। एक इंटरव्यू में फवाद ने सदफ को अपना 'खूबसूरत हमसफर' बताते हुए अपनी सक्सेस का सारा क्रेडिट उन्हें ही दिया था और कहा था कि वो बहुत नेकदिल और धैर्यवान महिला है।'
फवाद खान की मां लखनऊ की रहने वाली थीं
आपको बता दें कि फवाद खान भले ही पाकिस्तान से हैं लेकिन उनका रिलेशन भारत से भी है। दरअसल उनकी मां लखनऊ की रहने वाली थीं। उनके पिता पटियाला ( पाकिस्तान) के रहने वाले थे। बंटवारे के वक्त उनकी मां की फैमिली लखनऊ से पाकिस्तान जाकर बस गई थी। फिलहाल इस वक्त फवाद अपने परिवार के साथ लाहौर में रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications