'18000 भारतीय छात्र और कई परिवार...', यूक्रेन को लेकर इस बात पर छलका सोनू सूद का दर्द
सोनू सूद ने ट्वीट कर यूक्रेन मामले पर भारत सरकार से की ये खास गुजारिश।
नई दिल्ली, 25 फरवरी: यूक्रेन पर रूस के हमले से दुनिया में तीसरे विश्व युद्ध का संकट खड़ा हो गया और युद्ध के पहले ही दिन 137 लोगों के मारे जाने की खबर है। गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई का आदेश दिया और राजधानी कीव को निशाना बनाते हुए बमबारी की। दोनों देशों के बीच छिड़े युद्ध से भारत के उन छात्रों पर भी संकट खड़ा हो गया है, जो पढ़ाई के लिए यूक्रेन गए थे। हालांकि भारत सरकार ने कहा है कि वो अपने नागरिकों को यूक्रेन से निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर अभिनेता सोनू सूद का भी दर्द छलका है।

'ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि...'
सोनू सूद ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'यूक्रेन में 18 हजार भारतीय छात्र और कई परिवार फंसे हुए हैं...मुझे यकीन है कि सरकार उन्हें वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही होगी। मैं भारतीय दूतावास से गुजारिश करता हूं कि उन लोगों को यूक्रेन से बाहर निकालने के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता खोजें। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वहां फंसे सभी लोग सुरक्षित रहें।'

पीएम मोदी ने की राष्ट्रपति पुतिन से बात
आपको बता दें कि सोनू सूद के अलावा कई और बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस मामले को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। वहीं, भारत सरकार लगातार यूक्रेन में फंसे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी कर रही है और दिल्ली में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यूक्रेन पर रूसी हमले के बीच गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की और कई मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले भारत में यूक्रेन के राजदूत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पीएम मोदी से गुजारिश की, कि वो रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात कर युद्ध रुकवाने की कोशिश करें।
Recommended Video

यूक्रेन ने बंद किया अपना एयर स्पेस
वहीं, गुरुवार को यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस की एक फ्लाइट 182 भारतीयों को लेकर सुबह करीब 8 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची, जिनमें ज्यादातर छात्र ही थे। हालांकि रूस के हमले के कुछ देर बाद ही यूक्रेन ने अपने एयर स्पेस को बंद करने का ऐलान कर दिया। इसके बाद भारतीय दूतावास की तरफ से बयान जारी किया गया कि नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक रास्तों की सहायता ली जाएगी। भारतीय दूतावास ने अपनी तीसरी एडवाइजरी में कहा है कि यूक्रेन के हालात फिलहाल अस्थिर हैं, लेकिन भारतीय नागरिक परेशान ना हों और यूक्रेन में जहां भी हैं, खुद को सुरक्षित रखते हुए एहतियात बरतें।'
ये भी पढ़ें- Ukraine crisis: रूस-यूक्रेन युद्ध का दूसरा दिन.. हमले से शुरूआत, जानिए क्या है पुतिन का प्लान Day-2
यूक्रेन ने किया 800 रूसी सैनिकों का मारने का दावा
इस बीच शुक्रवार को यूक्रेन ने दावा किया कि उसकी सेना ने रूस के करीब 800 सैनिकों को मार गिराया है। साथ ही यूक्रेन ने यह भी दावा किया कि उनकी जवाबी कार्रवाई में रूस के 30 से ज्यादा टैंक और 13 लड़ाकू विमान तहस-नहस हो गए हैं। वहीं, यूक्रेनी सेना के जनरल स्टाफ ने कहा कि रूसी टैंक फिलहाल राजधानी कीव की तरफ बढ़ रहे हैं। रूसी हमले में यूक्रेन में पहले दिन करीब 137 लोगों की मौत बताई जा रही है।

नाटो की चेतावनी, यूक्रेन से बाहर निकले रूस
इससे पहले गुरुवार को नाटो के महासचिव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए रूस को यूक्रेन की सीमाओं से निकलने की चेतावनी दी। नाटो महासचिव ने कहा- 'हमारे पास अपने एयर स्पेस की रक्षा के लिए 100 से ज्यादा जेट और उत्तर से भूमध्य सागर तक समुद्र में 120 से ज्यादा जहाज तैनात हैं। किसी भी आक्रमण से अपने मैत्री देशों को बचाने के लिए जो भी संभव होगा, हम करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications