Ukraine crisis: रूस-यूक्रेन युद्ध का दूसरा दिन.. हमले से शुरूआत, जानिए क्या है पुतिन का प्लान Day-2
रूस ने यूक्रेन पर एक पूर्ण पैमाने पर सैन्य हमला शुरू किया है जो उत्तर, पूर्व और दक्षिण से सीमाओं की तरफ से जारी है और सीमा की तरफ से अभी भी रूसी सैनिक, विध्वंसक टैंकों के साथ यूक्रेन पर दाखिल हो रहे हैं।
मॉस्को/कीव/वॉशिंगटन/नई दिल्ली, फरवरी 25: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का पहला दिन काफी खतरनाक रहा और कम से कम 137 यूक्रेनी लोगों के मारे जाने की पुष्टि यूक्रेन के राष्ट्रपति की तरफ से की गई है। वहीं, युद्ध के दूसरे दिन, यानि आज, सुबह सुबह यूक्रेन की तरफ से दावा किया गया है कि, उन्होंने रूस के कम से कम 800 लोगों को मार गिराए हैं, हालांकि, स्वतंत्र सूत्रों से इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन, राजधानी कीव में अभी भी तेज धमाकों की आवाज सुनाई दे रहा है और यूक्रेन सरकार ने अपने 10 हजार नागरिकों को हथियार दिए हैं।

दूसरे दिन भी हमले से शुरूआत
रूस ने यूक्रेन पर एक पूर्ण पैमाने पर सैन्य हमला शुरू किया है जो उत्तर, पूर्व और दक्षिण से सीमाओं की तरफ से जारी है और सीमा की तरफ से अभी भी रूसी सैनिक, विध्वंसक टैंकों के साथ यूक्रेन पर दाखिल हो रहे हैं। वहीं, यूक्रेनी सैन्य सुविधाओं और हवाई अड्डों को पर मिसाइल हमला किया गया है। यूक्रेन की सेना ने कई मोर्चों पर लड़ाई लड़ रही है और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार तड़के एक वीडियो संबोधन में कहा कि 137 यूक्रेनी मारे गये हैं और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

दूसरे शहरों पर कब्जे की कोशिश
यूक्रेन के बड़े शहरों पर कब्जा करने की नीयत से रूस की सेना आज युद्ध के दूसरे दिन भी आगे बढ़ेगी। वहीं, संयुक्त राज्य अमेरिका के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने कहा कि, रूस राजधानी कीव और अन्य प्रमुख शहरों पर कब्जा करने की कोशिश करेगा और यूक्रेन की सरकार का तख्तापलट कर अपने एक ऐसी सरकार का निर्माण करने की कोशिश करेगा, जो उसके अनुकूल हो। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने भी कहा है कि, रूस की कोशिश यूक्रेन की राजनीति को खत्म करने की होगी और रूस के निशाने पर वो और उनका परिवार है। दूसरी तरफ अमेरिका और यूरोपीय नेताओं ने रूस के खिलाफ कई मजबूत वित्तीय प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन अभी तक रूस पर इन प्रतिबंधों का कोई असर नहीं देखा गया है।

अपने रास्ते पर बढ़ रहे राष्ट्रपति पुतिन
हमले के शुरू होते ही एक टेलीविजन संबोधन में, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि, पूर्वी यूक्रेन में नागरिकों की रक्षा के लिए उनकी सुरक्षा की आवश्यकता है, लिहाजा उन्होंने रूसी सैनिकों को पूर्वी यूक्रेन मे दाखिल होने का आदेश दिया था। पूरी यूक्रेन में पिछले आठ सालों से रूस समर्थित विद्रोहियों और यूक्रेन की सेना के बीच संघर्ष चल रहा है। वहीं, पुतिन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है, कि अगर किसी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो "ऐसे परिणाम होंगे जो आपने इतिहास में कभी नहीं देखे होंगे"। वहीं, एक्सपर्ट्स का मानना है कि, रूस आज हमले की रफ्तार को और भी ज्यादा तेज करेगा और रूसी राष्ट्रपति हमले की तीव्रता को तेज करते हुए विश्व की प्रतिक्रिया पर भी लगातार नजर रखेंगे।
यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर हमला
यूक्रेन पर हमला करने से पहले ही पुतिन ने कहा था कि, रूस का इरादा यूक्रेन पर कब्जा करने का नहीं है, लेकिन रूस यूक्नेन में "विसैन्यीकरण" करने की योजना बना रहा है। जिसका मतलब ये है कि, रूस यूक्रेन के तमाम सैन्य ठिकानों को खत्म करना चाह रहा है और रूस की सबसे ज्यादा कोशिश ये है कि, यूक्रेन के डिफेंस सिस्टम को वो पूरी तरह से बर्बाद कर दे। हालांकि, पुतिन ने यूक्रेन के सैनिकों से "तुरंत हथियार डालने और घर जाने" का आग्रह किया था, लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि, वो घुटने नहीं टेकेंगे और पूरी ताकत के साथ रूस को करारा जवाब देंगे।

युद्ध के पहले दिन की रात कैसी रही?
यूक्रेन के लोगों के लिए युद्ध के पहले दिन की रात काफी बेचैनी भरी और डर के साए में गुजरी है। गुरुवार शाम तक से ही राजधानी कीव के कई निवासियों ने मेट्रो स्टेशनों में भूमिगत आश्रय लेना शुरू कर दिया और अस्थायी बम शेल्टरों में ज्यादातर लोग रात बिताने के लिए आ गये। राजधानी कीव के लोग स्लीपिंग बैग, कंबल, अपने पालतू कुत्तों के साथ भूमिगत शेल्टर होम की तरफ आते देखे गये। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने शहर के 30 लाख लोगों को घर के अंदर रहने का आह्वान किया था।
कीव में धमाकों की आवाज
यूक्रेन की सेना ने शुक्रवार की तड़के कीव के ऊपर एक दुश्मन के विमान को मार गिराया, जो एक आवासीय इमारत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लगा गई। यूक्रेन के आंतरिक मंत्री के सलाहकार एंटोन हेराशचेंको ने इसकी पुष्टि की है। हेराशेंको ने टेलीग्राम पर लिखा कि नौ मंजिला आवासीय इमारत में आग लगी है। कीव में पहले विस्फोटों की एक सीरिज सुनी गई है, जिसके बारे में हेराशेंको ने कहा था कि यह विमान पर हवाई रक्षा फायरिंग की आवाज थी।

यूक्रेन का पलटवार
वहीं, यूक्रेन की तरफ से दावा किया गया है, उसने रूस के खिलाफ जोरदार पलटवार किया है और उसके 30 से ज्यादा टैंकों को ध्वस्त कर दिया है। इसके साथ ही यूक्रेन ने रूस के सात विमानों और 6 रूसी हेलीकॉप्टर्स को मार गिराने का दावा भी किया है। यूक्रेनी सेना ने कहा है कि, वो अपने बचाव के लिए रूसी सैनिकों का मुकालबा कर कर रही है।

रूस तय करेगा, जंग कब होगी खत्म?
वहीं, रूसी राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने गुरुवार को कहा है कि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के लक्ष्य तय किए हैं और अब रूसी राष्ट्रपति ही फैसला करेंगे, कि वो यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान को कब खत्म करेंगे। रूसी राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता ने कहा कि, ''यूक्रेन के खिलाफ जो ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, उसके अपने लक्ष्य हैं और हम उन लक्ष्यों को हासिल करेंगे। वहीं, एक्सपर्ट्स का कहना है कि, रूस का पहला लक्ष्य यूक्रेन की सरकार को गिराना हो सकता है, जबकि दूसरा लक्ष्य पूरे यूक्रेन पर कब्जा करने की भी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications