'भगवान ने इसे गलती से पैदा किया...', संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक हुए दुनिया के सबसे छोटे सिंगर अब्दु रोजिक
'भगवान ने इसे गलती से पैदा किया...', संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक हुए दुनिया के सबसे छोटे सिंगर अब्दु रोजिक
मुंबई, 03 अक्टूबर: बिग बॉस 16 के कंटेस्टेंट अब्दु रोजिक इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। दुनिया के सबसे छोटे पेशेवर गायक और मुक्केबाज अब्दु रोजिक बिग बॉस के घर में खुद को छोटा भाई कहते हैं। अब्दु रोजिक पेशे से एक ताजिक गायक, ब्लॉगर, संगीतकार और बॉक्सर हैं। उन्हें ताजिक रैप सॉन्ग, Ohi Dili Zor के लिए जाना जाता है। लेकिन अब्दु रोजिक के लिए इतना लंबा सफर तय करना आसान नहीं था। अपनी हाइट (लंबाई) को लेकर अब्दु रोजिक को जिंदगी के हर कदम पर आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा है। लेकिन जिंदगी की तमाम मुश्किलों को पार कर अब अब्दु रोजिक गर्व से अपनी उपलब्धि और करोड़ों फैंस की दुआ लेकर बिग बॉस 16 में आए हैं। शो में अपने संघर्ष के दिनों को याद कर अब्दु रोजिक भावुक हो गए हैं।

आखिर क्यों नहीं बढ़ी अब्दु रोजिक की हाइट
अब्दु रोजिक आज सोशल मीडिया पर एक सेलेब्रिटी हैं और यू-ट्यूब पर काफी फेमस हैं। अब्दु रोजिक की लंबाई बहुत कम है, वो किसी 7-8 साल के बच्चे के से भी हाइट में छोटे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अब्दु रोजिक की ग्रोथ हार्मोन की कमी और रिकेट्स की वजह से नहीं बढ़ पाई, यानी 5 साल की उम्र के बाद अब्दु रोजिक बढ़ना बंद कर दिया और उनके हार्मोन का विकास रुक गया था।

'3 साल तक ही मुझे स्कूल में पढ़ने दिया गया...'
अब्दु रोजिक का कहना है कि जब वह बच्चे थे तो उन्हें उनके शेप और साइज को लेकर तंग किया जाता था और उसका मजाक उड़ाया जाता था। जिसका अंजाम ये हुआ कि उन्हें केवल 3 साल की औपचारिक शिक्षा मिल पााई। शिक्षकों ने अब्दु रोजिक को स्टेशनरी और किताबें नहीं दीं क्योंकि उन्हें लगा कि उसे कुछ भी पढ़ाना समय की बर्बादी होगी। स्कूल से घर जाते समय उसके क्लॉसमेट्स उन्हें पीटते थे।

अब्दु रोजिक ने घर को ही बना दिया स्कूल
अब्दु रोजिक कहते हैं कि वह आलोचनाओं और मजाक को सुन-सुनकर हमेशा यह सोचते थे कि उसके जीवन का क्या होगा क्योंकि वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उनके परिवार के पास रोजी-रोटी के लिए साधन नहीं थे। अब्दु रोजिक का कहना है कि उन्हें जो बीमारी है, उसका कोई इलाज भी नहीं है।
स्कूली शिक्षा ना मिलने के बाद पढ़ने या लिखने में असमर्थ अब्दु रोजिक ने घर में अपनी धुनों को गुनगुनाना शुरू कर दिया। निगेटिविटी रोकने के लिए उन्होंने गाना लिखना शुरू किया और घर में स्कूल की तरह पढ़ने लगे।

'कहा जाता था- भगवान ने गलती से पैदा किया...'
बिग बॉस के घर में एंटर करने से पहले अब्दू ने कहा, "मैं उत्साहित और घबराया हुआ दोनों हूं, लेकिन मैं बिग बॉस 16 के साथ अपने जीवन के अगले अध्याय को शुरू करने के लिए इंतजार नहीं कर सकता। छोटा और छोटा होना, मेरी एक बाधा है, लोग इससे मेरी योग्यता को हमेशा कम आंकते हैं। लोगों ने हमेशा मुझे भगवान की दुर्भाग्यपूर्ण संतान के रूप में बुरा-भला कहा है। लोगों ने कहा कि भगवान ने मुझे गलती से पैदा किया है। बचपन में मेरी विकलांगता के लिए मेरा मजाक उड़ाया लेकिन अब देखो मैं आज कहां पहुंच गया हूं।"

17 साल की उम्र तक सड़कों पर गाना गाते थे अब्दू
अब्दु रोजिक कहते हैं 17 साल की उम्र तक वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए ताजिकिस्तान के सड़कों पर घूम-घूमकर गाना गाते थे। लेकिन उनकी कला को संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार ने देखा और यास्मीन साफिया ने उन्हें मौका दिया। यास्मीन साफिया ने अब्दु रोजिक को अपनी कला को निखारने का मौका दिया, जिसके बाद वह दुबई शिफ्ट हो गए। जिसके बाद उनकी किस्मत बदली।

अपनी सफलता का श्रेय किसे देते हैं अब्दु रोजिक
अब्दु रोजिक अपनी सफलता का श्रेय आईएफसीएम के सीईओ और संस्थापक यास्मीन साफिया देते हैं। अब्दु रोजिक कहते हैं, दुबई में यास्मीन साफिया ने मुझे हिंदी और अंग्रेजी के लिए कोचिंग सेंटर में भेजा। मेरे संगीत, खेल, अभिनय और सलाह देने के लिए अलग से क्लॉस करवाई। जिसकी वजह से मैं आज जो कुछ भी हूं, वो बन पाया हूं।''

'उन्होंने कहा- मैं अभिशाप नहीं, आशीर्वाद हूं...'
यास्मीन साफिया के बारे में बात करते हुए अब्दु रोजिक ने कहा, ''उन्होंने मुझे खुद पर विश्वास दिलाया और यहां तक कि मुझे अलग-अलग भाषाओं को गिनना और समझना सिखाया क्योंकि मुझे अतीत में बुरी तरह से धोखा दिया गया था। उन्होंने हमेशा मुझे सिखाया कि मेरी हालत एक आशीर्वाद है, अभिशाप नहीं, जैसा कि मुझे हमेशा बताया गया कि मैं गलती से इस दुनिया में आया हूं। उस आत्मविश्वास के साथ, मैं आज यहां दिमाग और आत्मा दोनों के साथ खड़ा हूं और मुझे अपने समुदाय का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है।"

2 सालों में हासिल की अपार सफलता
पिछले दो सालों में अब्दु रोजिक ए.आर. रहमान, रेडोन, फ्रेंच मोंटाना और विल आई एएम के साथ परफॉर्म कर चुके हैं। अब्दू तब सबसे ज्यादा चर्चाओं में आए थे, जब मॉस्को में अपने प्रतिद्वंद्वी के साथ एक बॉक्सिंग प्रेस कॉन्फ्रेंस में विवाद में फंस गए थे, इस वीडियो को 400 मिलियन से अधिक बार देखा गया था।
बिग बॉस के घर में खुद के लिए जगह बनाने की उम्मीद करते हुए, अब्दु रोजिक ने कहा, "मैं अपनी जीवन कहानी के साथ भारत के लोगों का दिल जीतने की उम्मीद करता हूं और दुनिया भर के लोग मुझे, मैं असल में कैसे हूं, जान सकते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications