तो क्या ये है दीपेश भान की अचानक मौत की वजह? को-स्टार विभूति नारायण ने किया अहम खुलासा
दीपेश भान की अचानक मौत से को-स्टार आसिफ शेख को भी गहरा सदमा लगा है। एक रीसेंट इंटरव्यू में एक्टर ने दीपेश की मौत से जुड़े कुछ पहलुओं पर से पर्दा उठाया है।
मुंबई, 24 जुलाई: टीवी के मशहूर शो 'भाभी जी घर पर हैं' के फैंस के लिए कल का दिन बहुत गमगीन था। सीरियल के फेमस किरदार मलखान उर्फ दीपेश भान के अचानक निधन से फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री को भी तगड़ा झटका लगा। क्रिकेट खेलते हुए अचानक दीपेश नीचे गिरे और बेहोश हो गए। फिर अस्पताल में डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसी ने एक्टर की मौत की वजह को ब्रेन हैमरेज बताया, तो किसी ने हार्ट अटैक। ऐसे में एक्टर के अचानक निधन ने फैंस के सामने तरह-तरह के सवाल लाकर खड़े कर दिए। अब इसी सीरियल में विभूति नारायण मिश्रा का मशहूर किरदार निभाने वाले आसिफ शेख ने एक्टर की मेडिकल हिस्ट्री को लेकर कुछ खुलासे किए हैं।

दीपेश के निधन से सदमे में टीम
दीपेश भान के अचानक निधन से उनके साथ काम करने वाले लोगों को तगड़ा झटका लगा है। एक्टर के को-स्टार्स के लिए इस बाद पर यकीन कर पाना बेहद मुश्किल है कि दीपेश ने यूं अचानक उनका साथ छोड़ दिया। सीरियल में विभूति नारायण मिश्रा का मशहूर किरदार अदा करने वाले आसिफ शेख को भी दीपेश के जाने से गहरा सदमा लगा है।

क्या बोले आसिफ शेख?
TOI संग बातचीत में आसिफ शेख ने इससे पहले बताया था कि एक्टर की आंखों से खून बह रहा था। आसिफ ने जब रोहिताश्व गौर से बात की, तो उन्होंने कहा कि एक बुरी खबर है। आसिफ को पहले तो ये लगा कि उनके साथ कोई प्रैंक कर रहा था, लेकिन फिर उन्हें पता चला कि दीपेश ने दुनिया को अलविदा कह दिया है तो गहरा सदमा पहुंचा।

को-स्टार आसिफ का बयान
दीपेश को पहले से कोई हेल्थ कंडीशन या किसी तरह की मेडिकल हिस्ट्री के सवाल पर आसिफ बोले कि दीपेश इतना जिम करते थे, दौड़ते थे। अपनी सेहत पर काफी ध्यान देते थे। मैंने भी एक बार उनसे कहा कि 40 के बाद उन्हें ये सब थोड़ा कम कर देना चाहिए। खुद को ओवर एक्सपर्ट मत बनाओ।

रात में खाना छोड़ते थे एक्टर
आसिफ बताते हैं कि उन्होंने जब शुरू ही किया था, तो वे काफी फिट थे। बीच में अचानक उन्होंने वजन बढ़ा लिया, जिसके बाद मैंने भी उन्हें वजन कम करने को कहा। फिर उन्होंने कहा कि मैं तीन घंटे जिम करता हूं। मेरी पत्नी यहां नहीं है। मैंने हमेशा उनसे कहा कि इतने ज्यादा वक्त तक एक्सरसाइज मत किया करिये। दीपेश ये भी कहते थे कि वे रात में खाना छोड़ देते हैं।

नहीं थी कोई बीमारी
आसिफ ने चौंकाने वाली बात बताते हुए कहा कि दीपेश ने 10 दिन पहले ही अपना फुल बॉडी चेकअप कराया था। वे बिल्कुल हेल्दी और फिट थे। उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें कोलेस्ट्रोल और कोई बीमारी नहीं है। बस मेरा ब्लड प्रेशर थोड़ा लो है। इसके बाद मैंने कहा कि हाई ब्लड प्रेशर दिक्कत वाली बात है। ये उतना खतरनाक नहीं है। आसिफ कहते हैं कि दीपेश के यूं अचानक सबको छोड़ जाने के बाद उनकी पत्नी पर क्या बीत रही होगी।

आसिफ ने बताई मौत की वजह
बताते चलें कि इससे पहले आसिफ शेख ने दीपेश की मौत की वजह ब्रेन हेमरेज बताई थी। एक्टर ने बताया कि उनकी आंखों से खून बह रहा था। जब आप सुबह सो कर उठते हो तो आपका ब्ल़ प्रेशर लो रहता है। ऐसे में अचानक वे वर्कआउट के बाद क्रिकेट खेलने निकल गए। उन्होंने पूरे 6 बॉल डाले और फिर वे बेहोश हो गए। इसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नहीं हो रहा यकीन
फैंस के पसंदीदा मलखान अब इस दुनिया में नहीं रहे। इस बात पर यकीन कर पाना वाकई में बेहद मुश्किल है। एक्टर की अचानक मौत से फैंस सदमे में हैं। उनके को-स्टार्स को भी यकीन नहीं हो रहा कि एक्टर अचानक कैसे उन सबको छोड़ कर चले गए।

परिवार को अकेला छोड़ गए दीपेश
दीपेश भान की तीन साल पहले शादी हुई थी। दीपेश का 18 महीने का एक बेटा और पत्नी हैं। खबर सुनने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो रखा है। एक्टर के चाहने वालों के लिए ये समय बेहद मुश्किल है।












Click it and Unblock the Notifications