'अरे जा रे हट नटखट' फेम एक्ट्रेस का निधन, 20 साल के करियर में केवल पति की फिल्मों में किया काम
Sandhya Shantaram : हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने दमदार अभिनय के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम का शनिवार को 93 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। वो लंबे वक्त से बीमार चल रही थीं और वृद्धावस्था संबंधित स्वास्थ्य परेशानियों से पीड़ित थीं। भारतीय जनता पार्टी के नेता आशीष शेलार ने ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने मराठी भाषा में ये ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा, 'भावपूर्ण श्रद्धांजली! 'पिंजरा' फिल्म की मशहूर अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन की खबर बेहद दुखद है, मराठी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय और नृत्य कौशल से दर्शकों के मन पर एक अमिट छाप छोड़ी।'

'झनक झनक पायल बाजे', 'दो आंखें बारह हाथ' और खासकर 'पिंजरा' फिल्म में उनकी यादगार भूमिका दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे!'
'अरे जा रे हट नटखट' से रातों-रात बनी स्टार(Sandhya Shantaram)
आपको बता दें कि संध्या ने 1950 के दशक की कई हिट फिल्मों काम किया था। इनमें 'झनक झनक पायल बाजे' (1955), 'दो आंखें बारह हाथ' (1958), और 'नवरंग' (1959) का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है। 'अरे जा रे हट नटखट' गीत से लोकप्रिय हुईं संध्या शांताराम का असली नाम विजया देशमुख था, इस गाने और इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात स्टार बनाया था।

20 साल के करियर में केवल पति की फिल्मों में किया काम (Sandhya Shantaram)
वी. शांताराम ने संध्या को अपनी 1950 की फिल्म 'अमर भूपली' के लिए खोजा था, साथ काम करते-करते दोनों प्यार करने लगे और फिर इन्होंने 1956 में शादी की, खास बात ये रही कि अपने 20 साल के करियर के दौरान, संध्या ने केवल अपने पति द्वारा निर्देशित फिल्मों में ही काम किया।
'महान अभिनेत्री संध्या शांताराम जी के निधन से दुखी हूं'
निर्देशक मधुर भंडारकर ने अभिनेत्री को श्रद्धांजलि देते हुए सिनेमा जगत में उनकी 'असाधारण प्रतिभा और मंत्रमुग्ध कर देने वाले नृत्य कौशल' को याद किया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'महान अभिनेत्री संध्या शांताराम जी के निधन से दुखी हूं। उनकी असाधारण प्रतिभा और मंत्रमुग्ध कर देने वाले नृत्य कौशल ने सिनेमा की दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है।'
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताया शोक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'अनुभवी अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन की खबर अत्यंत हृदय विदारक है।' 'पिंजरा' और 'नवरंग' जैसी कई मराठी फिल्मों में उनकी भूमिकाएं बेहद लोकप्रिय हुईं। उन्होंने हिंदी फिल्म उद्योग में भी अपनी पहचान बनाई।'












Click it and Unblock the Notifications