'मां ने किया मेरा पोपट...', अनुपम खेर ने अपनी मां को दी पोते की शादी की फर्जी खबर, मिला ऐसा जवाब
मुंबई, दिसंबर 07। बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो अपनी मां दुलारी खेर का प्रैंक करने वाले थे, लेकिन उनका प्रैंक उन्हीं पर भारी पड़ गया। दरअसल, वो अपनी मां पर प्रैंक कर रहे थे, लेकिन उनकी मां ने ही उनका प्रैंक कर दिया। हुआ यूं कि अनुपम खेर ने अपनी मां दुलारी देवी को ये बताया कि उनके बेटे सिकंदर खेर ने उन्हें बिना बताए अपनी मर्जी की लड़की से शादी कर ली है। ऐसा करके अनुपम खेर ये देखना चाहते थे कि ये सुनकर उनकी मां का क्या रिएक्शन होता है? लेकिन अनुपम खेर अपनी मां की प्रतिक्रिया देखकर हैरान रह गए।

मां के रिएक्शन से हैरान हुए अनुपम खेर
अनुपम खेर ने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए कहा है, "मां ने मेरा पोपट बना दिया! सिकंदर खेर ने शूटिंग से शादी की एक फोटो भेजी थी, जो मैंने मां को दिखाते हुए मजाक में ये कहा था कि सिकंदर ने हमें बिना बताए शादी कर ली। ये सोच के ही वो अपसेट हो जाएंगी, लेकिन उनकी बातें सुनकर तो मैं दंग रह गए। आप भी उनकी बाते सुनकर दंग रह जाएंगे। जय हो।"

क्या रिएक्शन था दुलारी खेर का?
आपको बता दें कि अनुपम खेर अपने बेटे सिकंदर की शादी की खबर देकर अपनी मां को सरप्राइज करने वाले थे, लेकिन उन्होंने अपने रिएक्शन से उल्टा अनुपम को सरप्राइज कर दिया। दुलारी खेर ने अनुपम खेर से कहा कि ये तो अच्छी बात है कि सिकंदर ने शादी कर ली, तो इस बात से इतना दुखी क्यों है? जवाब में अनुपम खेर कहते हैं कि उसने हमें बताया नहीं, फिर दुलारी खेर कहती हैं कि ये तो उसकी मर्जी है, लेकिन ये सुनकर मेरे कलेजे को ठंड पै गई। दुलारी खेर ने कहा कि सिकंदर की शादी की खबर सुनकर तो मेरा खून बढ़ गया।

'ये तो शुक्र है कि शादी बताकर की, अगर भाग जाते तो'
दुलारी खेर वीडियो में कह रही हैं कि ये तो शुक्र है कि उसने शादी करके बता दिया है, नहीं तो लड़कियां भाग जाती हैं, फिर क्या करते? ये सुन अनुपम खेर का रिएक्शन देखने लायक था। अनुपम खेर अपनी मां की बातें सुन दंग रह जाते हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में अपनी मां को दुनिया की सबसे प्रोग्रेसिव महिला बताया है।
ये भी पढ़ें: कैटरीना-विक्की क्या अपनी शादी से करने वाले हैं 100 करोड़ की कमाई? जानें सच












Click it and Unblock the Notifications