Delhi New CM: कौन होगा दिल्ली का नया सीएम, रेस में बीजेपी के ये दिग्गज नेता, जानिए किसके चांस हैं सबसे ज्यादा
Delhi New CM: दिल्ली में विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद पार्टी और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। इसी के साथ अब अगले मुख्यमंत्री को लेकर बैठकों और मुलाकातों का दौर भी शुरू हो चुका है। आप नेता आतिशी ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया, इसी के साथ उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली विधानसभा भी भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी।
दिल्ली में बीजेपी के दो तिहाई बहुमत के बाद अब सीएम फेस को लेकर कई चर्चाएं शुरू हो गई है। ऐसे में सीएम की रेस में बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं के नाम चल रहे हैं, ऐसे में जानिए किसके चांस सबसे ज्यादा हैं, सीएम बनने के..

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे चौंकाने वाले रहे। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 48 सीटों पर कब्जा कर लिया, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई। 27 साल बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को करारी हार का सामना करना पड़ा, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और सौरभ भारद्वाज शामिल हैं।
Delhi New CM: अब सवाल उठता है कि दिल्ली की सत्ता की बागडोर कौन संभालेगा? इस दौड़ में कई नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आए हैं।
1. प्रवेश सिंह वर्मा - जाट समुदाय का मजबूत चेहरा
पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश सिंह वर्मा भाजपा के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं। पश्चिमी दिल्ली से सांसद रहते हुए उन्होंने अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है। इस बार उन्होंने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को 4099 वोटों से हराकर अपनी ताकत साबित कर दी है। उनकी संघ से नजदीकी और भाजपा में अच्छी पकड़ उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बनाती है। साथ ही जाट समुदाय का समर्थन भाजपा के लिए हरियाणा में भी फायदेमंद साबित हो सकता है।
2. मनोज तिवारी - पूर्वांचली वोटर्स का बड़ा चेहरा
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव जीत चुके मनोज तिवारी की दावेदारी भी काफी मजबूत है। वह 2016 से 2020 तक दिल्ली भाजपा अध्यक्ष रहे हैं और पूर्वांचलियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। भाजपा बिहार चुनाव से पहले पूर्वांचलियों को साधने के लिए उन्हें मुख्यमंत्री पद सौंप सकती है।
ये भी पढ़ें: Delhi New CM: BJP किसे बना सकती है दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री? 3 नामों में सबसे आगे कौन?
3. मनजिंदर सिंह सिरसा - सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व
तीसरी बार राजौरी गार्डन से विधायक चुने गए मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली के सिख समुदाय के बड़े नेता हैं। शिरोमणि अकाली दल से भाजपा में शामिल होने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ी है। अगर भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है, तो पंजाब में भी पार्टी की पकड़ मजबूत हो सकती है।
4. विजेंद्र गुप्ता - संघ और संगठन की मजबूत पकड़
रोहिणी विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीतने वाले विजेंद्र गुप्ता का नाम भी चर्चा में है। वह दो बार दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं और उनकी संगठन में मजबूत पकड़ है। अगर भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है, तो यह संघ और संगठन के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Delhi New CM: दिल्ली में RSS किसे बनवा सकता है मुख्यमंत्री? मोदी के करीबी BJP नेता का आ रहा नाम
5. मोहन सिंह बिष्ट - पहाड़ी समुदाय का प्रतिनिधित्व
मोहन सिंह बिष्ट 1998 से 2015 तक लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। इस बार उन्हें मुस्लिम बहुल मुस्तफाबाद से टिकट दिया गया और उन्होंने वहां भी जीत दर्ज कर ली। उनकी संगठन में अच्छी पकड़ है और भाजपा पहाड़ी समुदाय को साधने के लिए उन्हें मुख्यमंत्री बना सकती है।
6. वीरेंद्र सचदेवा - दिल्ली भाजपा के सशक्त नेता
वीरेंद्र सचदेवा दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह चांदनी चौक और मयूर विहार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संगठन को मजबूत कर चुके हैं। अगर भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है, तो यह एक अनुभवी और संगठनात्मक रूप से मजबूत नेता का चयन होगा।
ये भी पढ़ें: Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में इस दिन होगी नए CM की ताजपोशी, जानिए शपथ समारोह से क्या है अमेरिकी कनेक्शन?
अब फैसला भाजपा के हाथ में है!
भाजपा दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी कर रही है, और ऐसे में मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। पार्टी को ऐसा चेहरा चुनना होगा, जो दिल्ली की जनता के साथ-साथ संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी उपयुक्त हो। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन 6 नामों में से कौन दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनता है।












Click it and Unblock the Notifications