Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली में RSS किसे बनवा सकता है मुख्यमंत्री? मोदी के करीबी BJP नेता का आ रहा नाम
Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 27 साल बाद भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सत्ता से बाहर कर दिया। भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की, यानी दिल्ली की लगभग दो-तिहाई सीटें जीत लीं। वहीं, AAP सिर्फ 22 सीटों पर सिमट कर रह गई। इस बार के चुनाव में 2015 से दिल्ली की सत्ता पर काबिज AAP के बड़े चेहरे भी चुनाव हार गए। इसके साथ ही अब दिल्ली में बड़ी जीत के बाद भाजपा के मुख्यमंत्री के चेहरे की चर्चा शुरू हो गई है।
2024 के लोकसभा चुनावों में जिस तरह से देशभर में कथित तौर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ(RSS) ने भाजपा (BJP) के पक्ष में जमीनी स्तर पर मेहनत नहीं की थी और उसका पार्टी को खामियाजा भुगतना पड़ा। उसके बाद भाजपा नेताओं को अपनी गलती का एहसास हुआ और संघ की अहमियत समझ में आई। फिर संघ के स्वयंसेवकों ने हरियाणा से लेकर महाराष्ट्र चुनाव तक में भाजपा के लिए खूब पसीने बहाए और विपक्ष के मुंह से जीत छीनकर पार्टी की झोली में डाल दिया। पार्टी के वैचारिक संगठन ने दिल्ली में भी उसी तरह से बीजेपी के लिए जमीन तैयार करने का काम किया है और इस वजह से मुख्यमंत्री पद पर फैसला लेने में भी उसका रोल रहने की संभावना मानी जा रही है।

Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली में RSS किसे बनवा सकता है मुख्यमंत्री?
दिल्ली बीजेपी के एक नेता ने मतगणना के दौरान ही वनइंडिया को मुखयमंत्री पद पर संघ की पसंद को लेकर बहुत बड़ी जानकारी दी। उनके मुताबिक 'अगर संघ ने इस बार दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना पसंद सामने रखा तो यह उत्तम नगर सीट से भाजपा के उम्मीदवार पवन शर्मा हो सकते हैं।' आखिरकार इस सीट से पवन शर्मा ने 29,740 वोटों से आप के प्रत्याशी पोश बालियान को हरा भी दिया।
Delhi Election Result 2025: कौन हैं उत्तम नगर से बीजेपी के उम्मीदवार पवन शर्मा?
भाजपा नेता के मुताबिक पवन शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री 'मदनलाल खुराना के बाद दिल्ली बीजेपी के ऐसे नेता हैं, जो पूरी दिल्ली की गली-गली से परिचित हैं। वह मोदीजी के उन दिनों के साथी हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संघ के प्रचारक होते थे। दिल्ली में प्रवास के दौरान पीएम मोदी पवनजी के साथ ही ठहरते थे। यह कुछ वैसी ही दोस्ती है, जैसा कि मनोहर लाल खट्टर के साथ है।'
Delhi Assembly Chunav Result 2025: दिल्ली बीजेपी के पुराने नेता हैं पवन शर्मा
भाजपा नेता के अनुसार आरएसएस के प्रचारक होने के नाते पवन शर्मा ने आज भी अविवाहित हैं। वह दिल्ली बीजेपी के संगठन मंत्री से लेकर अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। मूलरूप से हरियाणा के रहने वाले शर्मा संगठन में पूरी तरह से घुले-मिले हैं और जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए संघर्ष करने के लिए जाने जाते हैं। बीजेपी नेता के अनुसार, 'मोदी जी अक्सर ऐसे फैसलों में चौंकाते रहे हैं, खट्टर का उदाहरण हमारे सामने है, इसलिए वह दिल्ली में भाजपा के अगले सीएम हो सकते हैं।'
Delhi Chunav Result 2025: क्या बात जा सकती है पवन शर्मा के खिलाफ?
अगर संघ का संदेश मिल जाता है तो भी पवन शर्मा के मुख्यमंत्री बनने में सबसे बड़ी रुकावट उनका ब्राह्मण होना हो सकता है। क्योंकि, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इसी जाति से हैं और जिस तरह से भाजपा के खिलाफ विपक्ष अभियान चलाए हुए है, उसको देखते हुए अगर बीजेपी ने दिल्ली में भी ब्राह्मण सीएम बनाया तो यह एक बहुत ही बुलंद फैसला माना जा सकता है।
दिल्ली चुनाव के लाइव अपडेट के लिए (ECI) के इस लिंक पर क्लिक कीजिए












Click it and Unblock the Notifications